×

राम मंदिर को दहलाने की साजिश के बाद अब CM योगी को खत्म करने की धमकी, व्हाट्सएप पर आया वीडियो

CM Yogi|: गौर थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में रहने वाले अभिषेक कुमार दुबे ने पुलिस से इस मामले में शिकायत की है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 5 March 2025 11:06 AM IST (Updated on: 5 March 2025 11:35 AM IST)
cm yogi adityanath
X

cm yogi adityanath 

CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सीएम योगी को व्हाट्सएप ग्रुप में वीडियो पोस्ट कर सीएम योगी आदित्ययनाथ को जान से मारने की धमकी दी गयी। बस्ती जिले के गौर थाने की पुलिस ने सीएम को धमकी देने के मामले में एफआईआर दर्ज की है। बताया जा रहा है कि एक व्हाट्सएप ग्रुप में वीडियो पोस्ट किये जाने के ग्रुप एडमिन ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर भी वीडियो शेयर किया और पुलिस से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की।

अनजान नंबर से व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर किया गया वीडियो

मिली जानकारी के अनुसार जिले के गौर थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में रहने वाले अभिषेक कुमार दुबे ने पुलिस से इस मामले में शिकायत की है। उन्होंने कहा कि वह ‘सनातन धर्म सर्वोपरि’ नाम से एक व्हाट्सएप बनाया है। इस ग्रुप में ओपेन लिंक के जरिए एक अनजान नंबर भी एड हो गया था। इस अनजान नंबर से व्हाट्सएप ग्रुप पर एक वीडियो शेयर किया गया। यह वीडियो लगभग 11 सेकेंड का है। इस वीडियो में दो लोगों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। आपस में बातचीत करते हुए वीडियो में एक शख्स मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की बात कह रहा है।

वहीं वीडियो में दूसरा शख्स उसकी बात पर हामी भर रहा है। एक शख्स का चेहरा भी वीडियो में दिखायी दे रहा है। अभिषेक ने बताया कि उसने जब उस अनजान नंबर पर कॉल किया तो उस शख्स ने यह स्वीकार भी कर लिया कि उसने ही यह वीडियो बनाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि वह नंबर जिस शख्स का है वह कासगंज जनपद का रहने वाला है।

इस मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह ने बताया कि सीएम योगी को धमकी देने के वीडियो भेजने के मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है। इस पूरे मामले की जांच सीओ हर्रैया कार्यालय में तैनात निरीक्षक संजय सिंह कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि यह कोई पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी गयी हो। इससे पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर इस तरह की धमकी मिल चुकी है। हालांकि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story