×

Bhadohi News: भाजपा सांसद रमेश चंद्र बिंद बोले, सुप्रीम कोर्ट के आदेश से सपा का षडयंत्र विफल

Bhadohi: सांसद रमेश चंद्र बिंद ने कहा भाजपा सरकार पिछड़े वर्ग के साथ ही समाज के सभी वर्गो के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। अपने शासनकाल में सपा.बसपा कांग्रेस ने पिछड़े दलितों शोषित पीडि़त वंचितों का वोट तो लिया लेकिन इनके लिए कुछ नहीं किया।

Umesh Singh
Published on: 6 Jan 2023 2:12 PM GMT
Bhadohi News
X

भाजपा सांसद रमेश चंद्र बिंद

Bhadohi News: सांसद रमेश चंद्र बिंद ने कहा है कि भाजपा सत्ता को व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन और विकास की दौड़ में पिछड़ गए लोगों के उत्थान और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए साधन के रूप में देखती है। उन्होंने उच्चतम न्यायालय की ओर से उत्तर प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के संबंध में किये गए निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि न्यायालय के आदेश से समाजवादी पार्टी का षडय़ंत्र विफल हो गया है।

भाजपा समाज के सभी वर्गो के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध: बिंद

बिंद ने कहा कि भाजपा सरकार पिछड़े वर्ग के साथ ही समाज के सभी वर्गो के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। अपने शासनकाल में सपा.बसपा कांग्रेस ने पिछड़े दलितों शोषित पीडि़त वंचितों का वोट तो लिया लेकिन इनके लिए कुछ नहीं किया। सपा.बसपा कांग्रेस ने भ्रम फैलाकर इनको छलने का काम किया है।

सांसद ने अखिलेश यादव पर किया हमला

सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पिछड़ा वर्ग के सहयोग से सत्ता प्राप्त की लेकिन सत्ता का लाभ सिर्फ सैफई कुनवे तथा उनके कुछ चहेते लोगों तक ही सीमित रहा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने अप्रत्यक्ष रूप से हाईकोर्ट में रिट दायर करवाकर नगरीय निकाय चुनाव में पिछड़ा वर्ग आरक्षण को समाप्त करने का षडयंत्र रचा है। लेकिन सपा अपने षडय़ंत्र में सफल नहीं हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव के बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव से रिश्ते किसी से छुपे नहीं है। बिहार सरकार ने पिछड़े वर्ग के हितो की अनदेखी करते हुए निकाय चुनाव बिना आरक्षण के करा दिये। तब खुद को राष्ट्रीय पार्टी का मुखिया कहने वाले सपा प्रमुख अखिलेश यादव चुप क्यों थे। सांसद ने कहा कि भाजपा की नीति सबका साथ.सबका विकास.सबका विश्वास की नीति है। जबकि अखिलेश यादव की नीति अपने परिवार और अपने रिश्तेदारों के विकास तक ही सीमित है।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों के हितों की रक्षा के संकल्प को पूरा किया है। मोदी सरकार ने आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों के लिए भी आरक्षण को सुनिश्चित किया। इसका ही परिणाम है कि समाज में यह भाव जागृत हुआ है कि अत्यंत गरीब पृष्ठभूमि से आने वाला व्यक्ति भी सामाजिक. आर्थिक परिस्थितियों से उत्पन्न चुनौतियों से पार पाकर भारत का प्रधानमंत्री बन सकता है और देश को एक नई ऊंचाई तक ले जा सकता है।

इस अवसर पर ये रहे मौजूद

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव विनीत जायसवाल उर्फ राजू जायसवाल गोवर्धन राय विजय बिंद इत्यादि वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story