×

Bharat Jodo Yatra in UP: यूपी में राहुल गांधी के साथ मायावती समेत इन विपक्षी दलों के आने की उम्मीद

Bharat Jodo Yatra in UP: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के यूपी में प्रवेश करने पर इसमें हर जिले के पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिसके साथ ही कांग्रेस ने यूपी के विपक्षी दलों के नेताओं को यात्रा में सम्मिलित होने के लिए निमंत्रण भेजा है।

Prashant Dixit
Published on: 26 Dec 2022 1:37 PM GMT (Updated on: 26 Dec 2022 1:50 PM GMT)
Rahul Gandhi of Bharat Jodo Yatra
X

Rahul Gandhi of Bharat Jodo Yatra (Social Media)

Bharat Jodo Yatra in UP: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के यूपी में प्रवेश करने पर इसमें हर जिले के पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिसके साथ ही कांग्रेस ने यूपी के कई विपक्षी दलों के नेताओं को इस यात्रा में सम्मिलित होने के लिए निमंत्रण भेजा है। जिसमें बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर आदि नेता शामिल है।

यूपी कांग्रेस ने भेजा इनको निमंत्रण

यूपी कांग्रेस के प्रदेश कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने बताया, कि कांग्रेस ने यूपी के कई विपक्षी दलों के नेताओं को इस यात्रा में सम्मिलित होने के लिए निमंत्रण भेजा है। जिसमें बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अतुल अंजान, पूर्व मंत्री शिवपाल यादव, पूर्व मंत्री सतीश चन्द्र मिश्र आदि बड़े नेता शामिल है।

यूपी में यात्रा को लेकर यह तैयारी

भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी के नेतृत्व में 3 जनवरी,2023 को यूपी में गाजियाबाद में लोनी बार्डर से प्रवेश करेगी। गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और बागपत होते हुए पानीपत (हरियाणा) जाएगी। ये यात्रा 3 जनवरी से 7 जनवरी तक 3 दिन दो रात यूपी की सीमा में रहेगी। यह यात्रा 9 राज्य और एक केन्द्र शासित प्रदेश समेत लगभग 2800 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुकी है। अब इस यात्रा की कामयाबी के लिए यूपी में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए सभी प्रांतीय अध्यक्षों समेत जिला और शहर कमेटियों को जिम्मेदारियां भी बांटी गई हैं।

जिला और शहर कमेटी को जिम्मेदारी

यूपी में राहुल गांधी की यात्रा तीन जिलों से होकर गुजरेगी, लेकिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसमें हर जिले का प्रतिनिधित्व रखने का फैसला किया है। कांग्रेस पार्टी की योजना के अनुसार, पश्चिमी यूपी के जिलों से भारत जोड़ो यात्रा में भारी संख्या में लोग शामिल होंगे और शेष जिलों से सक्रिय कार्यकर्ता आएंगे। जबकि जिला और शहर कमेटियों से कहा गया, कि वे यात्रा में शामिल होने के इच्छुक लोगों का पंजीकरण कराने में न सिर्फ मदद करें, बल्कि उन्हें भाग लेने के लिए प्रेरित भी करें। किस जिले से कितने लोग आए, इसका रिकॉर्ड भी रखा जाएगा, जिससे यात्रा में शामिल होने वालों से संपर्क किया जा सके।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story