×

Bharat Jodo Yatra in UP: 'तप कर ही धरती से बनी ईंटें छू लेती हैं आकाश', यूपी में भारत जोड़ो यात्रा पर बोले जयंत चौधरी

Bharat Jodo Yatra in UP: राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' 03 जनवरी को दिल्ली के रास्ते यूपी में प्रवेश कर गई। रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने इस यात्रा को लेकर शुभकामनाएं दी।

aman
Written By amanReport Sushil Kumar
Published on: 3 Jan 2023 12:00 PM GMT (Updated on: 3 Jan 2023 12:00 PM GMT)
Bharat Jodo Yatra in UP
X

Jayant Chowdhary (Social Media)

Bharat Jodo Yatra in UP: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की 'भारत जोड़ो यात्रा' मंगलवार (03 जनवरी) को दिल्ली के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई। कांग्रेस की इस यात्रा पर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के अध्यक्ष जयंत चौधरी (Jayant Chowdhary) ने अपनी प्रतिक्रिया दी। रालोद प्रमुख जयंत ने राहुल गांधी को यूपी में इस यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी।

उन्होंने ट्वीट किया, 'तप कर ही धरती से बनी ईंटें छू लेती हैं आकाश! भारत जोड़ो यात्रा के तपस्वियों को सलाम! देश के संस्कार के साथ जुड़ कर उत्तर प्रदेश में भी चल रहा ये अभियान सार्थक हो और एक सूत्र में लोगों को जोड़ते रहे!'

यूपी के सभी दलों को यात्रा से जुड़ने का आमंत्रण

कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' 9 दिनों के ठहराव और विश्राम के बाद मंगलवार को एक बार फिर शुरू हुई। यात्रा यूपी में दाखिल हुई। राहुल गांधी ने अपनी इस यात्रा में शामिल होने के लिए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती को भी न्योता दिया था। साथ-साथ रालोद प्रमुख जयंत चौधरी को भी भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ने का निमंत्रण दिया था। यूपी के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने उनकी इस यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी।

लोनी से यात्रा शुरू, बहन प्रियंका ने किया स्वागत

एनसीआर क्षेत्र गाजियाबाद (Ghaziabad) में मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा के प्रवेश के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) सहित पार्टी के कई अन्य नेताओं, कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के साथ-साथ चल रहे लोगों का स्वागत किया। दिल्ली से यूपी के लिए भारत जोड़ो यात्रा सुबह तक़रीबन 10 बजे कश्मीरी गेट के नजदीक यमुना बाजार से रवाना हुई। यात्रा की शुरुआत से पहले राहुल गांधी ने यमुना बाजार में मरघट वाले बाबा (प्राचीन हनुमान मंदिर) में दर्शन किए। उसके बाद राहुल की यात्रा लोनी (गाजियाबाद) पहुंची। यहां से यह यात्रा देश के सबसे बड़ी जनसंख्या वाले राज्य में प्रवेश की। यहां राहुल की बहन प्रियंका गांधी और यूपी कांग्रेस कमेटी के कई नेताओं ने इस यात्रा का स्वागत किया।

'भारत जोड़ो यात्रा' जाटलैंड में

'भारत जोड़ो यात्रा' अब जाटलैंड कहे जाने वाले बागपत में पहुंच जाएगी। यात्रा के बागपत में पहुंचने से पहले ही रालोद ने बड़ी घोषणा कर दी है। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भले ही यात्रा में खुद शामिल नहीं हो रहे हों, लेकिन उन्होंने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन करते हुए इस अभियान को लोगों को एक सूत्र में जोड़ने वाला करार दिया है। भाकियू के साथ ही रालोद का साथ मिलने के बाद कांग्रेस में उत्साह का माहौल है।

रालोद ने यात्रा का स्वागत किया

रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी के अनुसार विधायकों व पदाधिकारियों को यात्रा का स्वागत करने के लिए कहा है। इसके साथ ही कोई पदाधिकारी व कार्यकर्ता स्वेच्छा से यात्रा में शामिल होना चाहता है, तो वह शामिल हो सकता है। कांग्रेस पार्टी के अनुसार सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में यूपी में शामिल होने के लिए सभी विपक्षी पार्टियों के अध्यक्षों को न्योता दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी, बीएसपी अध्यक्ष मायावती को न्योता है। इसी की प्रतिक्रिया के तौर पर मंगलवार को आरएलडी प्रमुख ने भारत जोड़ो यात्रा पर अपना समर्थन जाहिर किया है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में बागपत, शामली समेत यूपी के कई जिलों में आरएलडी के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

यात्रा दो दिन शामली और बागपत में

यूपी में कांग्रेस की यात्रा की शुरुआत गाजियाबाद जिले की लोनी विधानसभा से शुरु हुई है, जो गाजियाबाद लोकसभा का हिस्सा है। जहां राहुल गांधी तीन जनवरी को सभा को संबोधित करेंगे, लेकिन उनके पूरे दो दिन यूपी की राजनीति के लिहाज से सबसे अहम बागपत व शामली है। जाटलैंड के नाम से पहचान रखने वाले दोनों जिलों में कांग्रेस की काफी लंबे समय से राजनीतिक पकड़ मजबूत नहीं हो रही है। जहां बागपत लोकसभा से वर्ष 1996 में आखिरी बार चौधरी अजित सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत दिलाई थी। उसके बाद वह लगातार रालोद से चुनाव लड़ते रहे। वहीं शामली जिले की कैराना लोकसभा सीट पर कांग्रेस से आखिरी बार 1984 में अख्तर हसन सांसद रहे है। इस तरह बागपत में 27 साल तो कैराना में 39 साल से कांग्रेस को अपनी खोई जमीन नहीं मिल सकी है।

अब भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस को जाटलैंड के बड़े किसान संगठन भाकियू का साथ मिलने से कुछ उम्मीद जगी है। बता दें कि भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा था कि वें खुद या संगठन के जिलाध्यक्ष स्तर के पदाधिकारी तो यात्रा में शामिल नहीं होंगे। लेकिन,बाकी भाकियू कार्यकर्ता यात्रा में भाग लेने के लिए स्वतंत्र है।

प्रियंका- राहुल ने सत्य का कवच पहन रखा है

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने यूपी कांग्रेस कमेटी के नेताओं को भारत जोड़ो यात्रा का ध्वज सौंपा। इसके बाद, यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा, 'राहुल ने सत्य का कवच पहन रखा है जिस वजह से भगवान उनकी ठंड और दूसरी सभी चीजों से सुरक्षा करेंगे।' इस दौरान उन्होंने दो बड़े उद्योगपतियों का नाम लेते हुए कहा कि, राहुल गांधी को कोई खरीद नहीं सकता। वह सच्चाई से पीछे हटने वाले नहीं हैं।'

प्रियंका ने राहुल को बताया 'योद्धा'

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। उन्होंने कहा, वे जगह-जगह 'मोहब्बत की दुकान' की फ्रेंचाइजी खोलें। प्रियंका ने राहुल गांधी की तरफ देखते हुए कहा, 'मेरे बड़े भाई सबसे ज्यादा गर्व तुम पर है। सत्ता की ओर से पूरा जोर लगाया गया। सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्च किए। ताकि, इनकी छवि खराब की जा सके। लेकिन, वह सच्चाई से पीछे नहीं हटे। एजेंसियां लगाई गईं, मगर वह डरे नहीं। वह योद्धा हैं।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story