×

Political News: BJP का बूथ स्तर कार्यक्रम: पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, बीजेपी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार है: धर्मपाल

बीजेपी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के बक्शी का तालाब के चिनहट ग्रामीण मंडल के बूथ नंबर 299 पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है।

Virat Sharma
Published on: 7 April 2025 9:25 PM IST
Lucknow News
X

Lucknow News: Photo-Social Media

Political News: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर सोमवार को प्रदेशभर में बूथ स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों की धूम रही। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने मुरादाबाद, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अलीगढ़, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लखनऊ महानगर, और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ जिले में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लागों के साथ संवाद किया। इन आयोजनों में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता हर्षोल्लास के साथ पार्टी के स्थापना दिवस को मनाने पहुंचे।

बीजेपी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार है: धर्मपाल सिंह

बीजेपी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के बक्शी का तालाब के चिनहट ग्रामीण मंडल के बूथ नंबर 299 पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है। यह पार्टी राष्ट्र की आराधना, मां भारती की साधना और सबके कल्याण की कामना के साथ काम करती है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा हर भाषा, हर क्षेत्र, हर संप्रदाय और हर देशवासी को एकजुट करने का काम कर रही है और राष्ट्रहित के साथ-साथ क्षेत्रीय आकांक्षाओं की भी पार्टी है।

प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी अपने मूल्यों, सिद्धांतों, नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के कारण आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। पार्टी के पास 18 करोड़ से अधिक समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो देश के 21 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी या भाजपा के गठबंधन की सरकारों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी आज जिस मुकाम पर खड़ी है, यह असंख्य कार्यकर्ताओं के संघर्ष, बलिदान और समर्पण का परिणाम है।

भाजपा की यात्रा-जनसंघ से भाजपा तक

धर्मपाल सिंह ने भारतीय जनसंघ के गठन और भारतीय जनता पार्टी की यात्रा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतीय जनसंघ की स्थापना 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और प्रोफेसर बलराज मधोक द्वारा की गई थी। इसके बाद पंडित दीन दयाल उपाध्याय ने भारतीय संस्कृति के अनुरूप समन्वय की नीति अपनाने की बात की थी, जो भारतीय जनता पार्टी के विचार का आधार बनी।

बीजेपी के प्रमुख मुद्दे

भारतीय जनता पार्टी के इतिहास को रेखांकित करते हुए धर्मपाल सिंह ने पार्टी के प्रमुख मुद्दों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। इनमें समान नागरिक संहिता, गोहत्या पर प्रतिबंध, और जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का उन्मूलन शामिल हैं। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की वीरता का भी उल्लेख किया, जिन्होंने जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने के लिए परमिट व्यवस्था को चुनौती दी और देश की एकता के लिए अपना बलिदान दिया।

1980 में भाजपा का गठन और राष्ट्रवादी राजनीति का नया विकल्प

धर्मपाल सिंह ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना के साथ ही पार्टी ने देश में राष्ट्रवादी राजनीति का एक नया विकल्प प्रस्तुत किया। इसके पहले अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी बने और इसके बाद पार्टी का पहला अधिवेशन दिसंबर 1980 में मुंबई में हुआ।

BJP कार्यकर्ताओं के संघर्ष और तपस्या का परिणाम

भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं के त्याग और तपस्या से बनी हुई पार्टी है। पार्टी ने जमीन पर काम किया है और गांवों, खेतों और गरीबों के साथ मिलकर यह यात्रा आगे बढ़ी है। उन्होंने पार्टी के मूलमंत्र "तपेगा जो, गलेगा वो; गलेगा जो ढलेगा वो; ढलेगा जो बनेगा वो" को उद्धृत करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र सर्वोपरि के भाव के साथ काम कर रहे हैं। वहीं इस कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों का उत्साह और समर्पण स्पष्ट रूप से देखा गया, जो पार्टी के संघर्ष और सफलता के प्रतीक हैं।

Virat Sharma

Virat Sharma

Lucknow Reporter

Lucknow Reporter

Next Story