TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

चुनावी हार के बाद BJP में छिड़ा घमासान, पूर्व सांसद ने जिला अध्यक्ष को बताया सपा का एजेंट, प्रदेश की राज्य मंत्री पर भी किया तीखा हमला

UP News: कुशवाहा ने इस हार के लिए प्रदेश की राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम और बलिया के भाजपा जिला अध्यक्ष संजय यादव को जिम्मेदार ठहराया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 18 Jun 2024 5:31 AM GMT
Sanjay Yadav , Ravindra Kushwaha
X

Sanjay Yadav , Ravindra Kushwaha  (photo: social media )

UP News: हाल में हुए लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिली करारी हार के बाद भाजपा में घमासान छिड़ गया है। मुजफ्फरनगर सीट पर मिली हार को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और संगीत सोम के बीच जुबानी जंग छड़ी हुई है तो अब सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की हार के बाद घमासान छिड़ गया है।

सलेमपुर लोकसभा सीट पर लगातार दो बार चुनाव जीतने वाले रवींद्र कुशवाहा को इस बार हार का सामना करना पड़ा है। कुशवाहा ने इस हार के लिए प्रदेश की राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम और बलिया के भाजपा जिला अध्यक्ष संजय यादव को जिम्मेदार ठहराया है। कुशवाहा की ओर से लगाए गए आरोपों पर संजय यादव ने भी करारा जवाब दिया है। सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र में इस बार कांटे का मुकाबला हुआ है जिसमें कुशवाहा को करीब साढ़े तीन हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा है।

प्रदेश की मंत्री पर लगाया बड़ा आरोप

सलेमपुर में अपनी चुनावी हार को लेकर रवींद्र कुशवाहा पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं से काफी नाराज दिख रहे हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश की राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम चुनाव के दौरान भाजपा के लिए वोट मांगने घर से बाहर निकली ही नहीं। उन्होंने कहा कि मंत्री ने चुनाव प्रचार में तो कोई मदद नहीं की। उल्टे उन्होंने सुनियोजित तरीके से हराने का काम जरूर किया। विजयलक्ष्मी गौतम और संजय यादव मिले हुए थे और दोनों नेताओं ने साजिश रच कर मुझे हराने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कमजोर करने के लिए यह साजिश रची गई।

दूसरी ओर प्रदेश की राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कुशवाहा के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने पूरी निष्ठा के साथ भाजपा का चुनाव प्रचार करने और पार्टी को वोट दिलवाने का काम किया है। पार्टी की ओर से सलेमपुर की हार की समीक्षा की जाएगी।

भाजपा के जिला अध्यक्ष को बताया सपा का एजेंट

कुशवाहा ने बलिया भाजपा के जिला अध्यक्ष संजय यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान संजय यादव समाजवादी पार्टी के एजेंट के रूप में काम करते रहे। उन्होंने पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को गुमराह करने का काम किया। चुनाव के दौरान शुरुआत से ही वे मंडल अध्यक्षों को मुझे हराने का निर्देश देते रहे।

भाजपा जिला अध्यक्ष के इस रवैए के कारण सिकंदरपुर, बेल्थरा रोड और बांसडीह विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को कम वोट हासिल हुए। संजय यादव को एक क्षण भी भाजपा के जिला अध्यक्ष के पद पर रहने का हक नहीं है। आज भी उनके साथ सिर्फ समाजवादी पार्टी के लोग ही हैं।

कुशवाहा ने आरोप लगाया कि संजय यादव ने 2017 में विधानसभा का चुनाव जीतने के बाद सिर्फ अपनी जाति के लोगों का ही काम किया। इसीलिए 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें हार का सामना करना पड़ा। कुशवाहा ने दावा किया कि संजय यादव की ओर से मेरे खिलाफ तमाम साजिश किए जाने के बावजूद जनता और भाजपा के अनेक कार्यकर्ता मेरे साथ जुड़े रहे।

कुशवाहा जैसा नाकारा सांसद मिलना मुश्किल

कुशवाहा की ओर से आरोप लगाए जाने के बाद बलिया भाजपा के जिला अध्यक्ष संजय यादव ने भी रवींद्र कुशवाहा को तीखा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कुशवाहा पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें अपनी बात उचित फोरम पर रखनी चाहिए थी। पार्टी की ओर से मीडिया को राजनीतिक बयान देने से रोका गया है। इसलिए उनकी बातों का समय आने पर पूरा जवाब दिया जाएगा।

संजय यादव ने कहा कि रवींद्र कुशवाहा 10 साल तक लगातार सांसद रहे मगर उन्होंने क्षेत्र के लिए कुछ भी काम नहीं किया संजय यादव ने यहां तक कहा कि कुशवाहा जैसा नाकारा सांसद पूरे देश में मिलना मुश्किल है। यादव ने कहा कि कुशवाहा की ओर से लगाए गए आरोपों में कोई दम नहीं है। सिकंदरपुर से जब मैं चुनाव लड़ा था तो उस समय मुझे 58,000 वोट हासिल हुए थे जबकि इस बार भाजपा को 68,000 वोट मिले हैं। ऐसे में उनके आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसे इसी तथ्य से समझा जा सकता है।

कुशवाहा की काफी कम वोटों से हुई थी हार

सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा इस बार हैट्रिक लगाने में कामयाब नहीं हो सकी। सपा प्रत्याशी रमाशंकर राजभर ने इस सीट पर रवींद्र कुशवाहा को हराकर दूसरी बार जीत हासिल की है। इस लोकसभा क्षेत्र में अंत तक रवींद्र कुशवाहा और रमाशंकर के बीच कांटे का मुकाबला बना रहा। दोनों प्रत्याशी बीच-बीच में एक-दूसरे पर बढ़त बनाते रहे। आखिरी चुनाव परिणाम में राजभर को 4,05,472 मत और रवींद्र कुशवाहा को 4,01,899 मत मिले हैं। इस तरह 3573 मतों से सपा प्रत्याशी रमाशंकर राजभर विजयी घोषित किए गए।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story