Rampur By Election 2022: रामपुर में ध्वस्त हुआ आजम खान का किला, भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने 34112 वोटों से जीता चुनाव

Rampur By Election Result: रामपुर सीट पर भाजपा ने सपा के कद्दावर नेता मोहम्मद आजम खान का किला ध्वस्त कर दिया है भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने उन्हें 34112 से अधिक मतों से हरा दिया।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 8 Dec 2022 10:48 AM GMT (Updated on: 8 Dec 2022 2:44 PM GMT)
Rampur By Election Result
X

भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने 33 हजार वोटों से जीता चुनाव। (Social Media)

Rampur By Election Result 2022: उत्तर प्रदेश की बहुचर्चित रामपुर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता मोहम्मद आजम खान का किला ध्वस्त कर दिया है। विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आजम के करीबी सपा प्रत्याशी आसिम राजा को हार का मुंह देखना पड़ा है। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने उन्हें 34,112 मतों से हरा दिया।

मतगणना शुरू होने के बाद रामपुर सीट पर मतगणना में काफी उतार-चढ़ाव दिखा। शुरुआत में पिछड़ने के बाद सपा प्रत्याशी आसिम राजा ने शानदार वापसी करते हुए बढ़त बना ली थी मगर बाद में भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना आगे निकल गए। आखिरकार आकाश सक्सेना आजमगढ़ में कमल खिलाने में कामयाब रहे। आजम खान की सदस्यता रद्द होने के बाद इस विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ है। इस उपचुनाव को आजम खान के लिए प्रतिष्ठा की जंग माना जा रहा था मगर भाजपा इस सीट पर पहली बार कमल खिलाने में कामयाब रही।

कम मतदान के बाद सपा ने उठाए थे सवाल

रामपुर विधानसभा सीट पर 5 दिसंबर को सबसे कम 33.94 फ़ीसदी मतदान हुआ था। रामपुर में कम मतदान को लेकर भी सपा की ओर से सवाल उठाए गए थे। सपा प्रत्याशी आसिम राजा ने आरोप लगाया था कि पुलिस और प्रशासन के लोगों ने काफी संख्या में लोगों को वोट नहीं डालने दिया। उन्होंने पुलिस पर एक वर्ग विशेष के लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया था। मतदान के दिन वे यह कहते हुए मतगणना स्थल से निकल गए थे कि ऐसे हालात में मैं चुनाव नहीं जीत पाऊंगा।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव ने भी चुनाव आयोग को पत्र लिखकर रामपुर के उपचुनाव को रद्द करके फिर तो वोटिंग कराने की मांग की थी। उन्होंने रामपुर चुनाव में वोटिंग के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली किए जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाते हुए कई लोगों के घायल होने की बात भी कही थी। अब उपचुनाव में भाजपा की जीत के बाद इसे लेकर सियासी माहौल गरमाने के आसार हैं।

आजम खान का गढ़ रहा है रामपुर

रामपुर विधानसभा सीट को समाजवादी पार्टी और आजम खान का गढ़ यूं ही नहीं माना जाता। रामपुर विधानसभा सीट से सपा नेता आजम खान 10 बार विधायक चुने जा चुके हैं। 1996 के बाद समाजवादी पार्टी का लगातार इस सीट पर कब्जा बना हुआ है। भाजपा तमाम कोशिशों के बावजूद इस सीट पर आजम खान को कभी नहीं हरा सकी। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यूपी में बड़ी जीत हासिल की थी मगर पीएम मोदी की उस लहर में भी आजम खान ने रामपुर विधानसभा सीट पर अपना जलवा कायम रखा था।

2019 के लोकसभा चुनाव में सांसद बनने के बाद आजम खान ने इस विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद हुए उपचुनाव में आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा इस विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर जीतने में कामयाब हुई थीं। इसके बाद 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में आजम खान ने रामपुर विधानसभा सीट पर फिर अपनी ताकत दिखाई थी। 2022 का विधानसभा चुनाव आजम खान ने जेल से लड़कर जीता था।

भाजपा प्रदेश में जीत हासिल करने में कामयाब रही मगर इस विधानसभा सीट पर आजम ने एक बार फिर जीत हासिल करके 10वीं बार विधायक बनने में कामयाबी हासिल की थी। बाद में उनकी विधायकी रद्द होने पर इस विधानसभा सीट पर अब उपचुनाव कराया गया है जिसमें भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना को जीत मिली है।

रामपुर विधानसभा सीट का इतिहास

रामपुर विधानसभा सीट पर आज तक कभी कमल नहीं खिल सका था। विधानसभा सीट पर भाजपा को हमेशा झटका लगता रहा। इस सीट पर 1951, 1962, 1969, 1974, 1977, 1996 में कांग्रेस प्रत्याशी को जीत हासिल हुई। 1957 में निर्दलीय, 1967 में स्वतंत्र पार्टी, 1980 में जनता पार्टी सेक्यूलर, 1985 में लोकदल, 1989 में जनता दल और 1991 में जनता पार्टी को जीत हासिल हुई। उसके बाद हर चुनाव में इस सीट पर समाजवादी पार्टी का ही परचम लहराता रहा है। भाजपा पहली बार इस सीट को जीतने में कामयाब हुई है।

सपा के आरोपों को बेबुनियाद बताया

रामपुर विधानसभा सीटों पर पहली बार कमल खिलाने के बाद प्रत्याशी आकाश सक्सेना काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव के दौरान मुझे हर वर्ग का समर्थन मिला है। उन्होंने दावा किया कि हिंदुओं के साथ मुस्लिमों ने भी उन्हें समर्थन दिया है।

उन्होंने कहा कि रामपुर के उपचुनाव में धांधली किए जाने के सपा के आरोपों में कोई दम नहीं है। सपा के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं क्योंकि पूरी ईमानदारी के साथ यहां उपचुनाव कराया गया है। आकाश सक्सेना ने कहा कि जीत हासिल करने के बाद अब वे रामपुर के विकास और उद्योगों की प्रगति के लिए काम करेंगे। सियासी जानकार रामपुर में आकाश सक्सेना की जीत को भाजपा की बड़ी कामयाबी मान रहे हैं।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story