TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

BJP In UP: यूपी की हारी हुई सीटों पर भाजपा का विशेष फोकस, 2024 के लिए रणनीति बनाने में जुटे अमित शाह

BJP In UP: 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश को लेकर भाजपा खास रणनीति बनाने में जुट गया है। गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में मोर्चा खुद संभाल लिया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 3 Jan 2023 11:28 AM GMT
BJP In UP
X

BJP In UP: Photo- Social Media

BJP In UP: दिल्ली की सत्ता का फैसला करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका उत्तर प्रदेश की मानी जाती है और यही कारण है कि भाजपा नेतृत्व 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश को लेकर खास रणनीति बनाने में जुट गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा की रणनीति बनाने का मोर्चा खुद संभाल लिया है। शाह का विशेष फोकस लोकसभा की उन सीटों पर है जहां पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन खराब रहा है और पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था।

16 जनवरी को अमित शाह का उत्तर प्रदेश दौरा प्रस्तावित

मकर संक्रांति के बाद 16 जनवरी को अमित शाह का उत्तर प्रदेश दौरा प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस दौरान कमजोर सीटों पर पार्टी की रणनीति बनाने के लिए गहन मंत्रणा की जाएगी। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने भी पिछले दिनों एक बैठक के दौरान उन सीटों पर विशेष ध्यान देने का फैसला किया था जहां पार्टी पिछले चुनाव में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी थी।

यूपी की चुनावी नब्ज पर शाह की मजबूत पकड़

उत्तर प्रदेश में भाजपा की चुनावी रणनीति बनाने में अमित शाह पहले भी प्रमुख भूमिका निभाते रहे हैं। उत्तर प्रदेश की चुनावी नब्ज पर शाह की मजबूत पकड़ मानी जाती है। 2014 के लोकसभा चुनाव में शाह की अगुवाई में भाजपा ने 73 सीटों पर बड़ी जीत हासिल की थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी को बड़ी जीत हासिल हुई थी और पार्टी 64 सीटें जीतने में कामयाब हुई थी।

हालांकि प्रदेश के कुछ सीटें ऐसी हैं जहां पार्टी के प्रदर्शन से केंद्रीय नेतृत्व संतुष्ट नहीं है। यही कारण है कि जीती हुई सीटों को बरकरार रखने और कमजोर सीटों पर विशेष फोकस करने की रणनीति बनाई जा रही है। यूपी के पिछले विधानसभा चुनाव के बाद यह पहला मौका होगा जब पार्टी की चुनावी रणनीति बनाने के लिए अमित शाह उत्तर प्रदेश का दौरा करने वाले हैं।

कमजोर सीटों पर बनेगी पुख्ता रणनीति

भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी नेतृत्व की ओर से उत्तर प्रदेश में 12 ऐसी सीटों की सूची बनाई गई है जहां पिछले चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। अमित शाह खासतौर पर इन सीटों पर फोकस करेंगे ताकि समय रहते इन सीटों पर पार्टी की ओर से पुख्ता रणनीति तैयार की जा सके। जानकारों का मानना है कि बाद में अमित शाह पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उन इलाकों का दौरा भी कर सकते हैं जहां पार्टी पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सकी थी।

जनवरी महीने में 11 राज्यों का करेंगे दौरा

2024 की सियासी जंग से पहले भाजपा को 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव भी लड़ना है और यही कारण है कि अमित शाह ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। जनवरी महीने के दौरान ही शाह 11 राज्यों का दौरा करने वाले हैं। शाह के इस दौरे की शुरुआत 5 जनवरी को त्रिपुरा दौरे से होने वाली है। त्रिपुरा यात्रा के दूसरे दिन में 6 जनवरी को वे मणिपुर और नागालैंड का भी दौरा करेंगे।

जनवरी महीने में वे झारखंड, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल आदि राज्यों का भी दौरा करेंगे। इसी कड़ी में 16 जनवरी को उनका उत्तर प्रदेश दौरा प्रस्तावित है। भाजपा की चुनावी रणनीति के मद्देनजर शाह का यह दौरा सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story