TRENDING TAGS :
Sambhal News: बीजेपी नेता गुलफान सिंह यादव की हुई हत्या, मौत से पहले जताई थी आशंका
Sambhal News: भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की हत्या कर दी गई। हमले से पहले उन्होंने अपनी हत्या की आशंका जताई थी। बाइक सवार युवकों ने उन्हें जहरीला इंजेक्शन लगाकर फरार हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
BJP नेता गुलफाम यादव की मौत (फोटो: सोशल मीडिया)
Sambhal News: गुन्नौर क्षेत्र के कद्दावर भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की सोमवार को हत्या कर दी गई। दोपहर करीब एक बजे वह अपने जुनावई ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम दफ्तरा हिंमंचल स्थित घेर में चारपाई पर बैठे थे, तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। उनमें से एक ने गुलफाम सिंह के पेट में जहरीला इंजेक्शन लगा दिया और दोनों फरार हो गए। परिजनों ने गोली लगने की आशंका में उन्हें पहले जुनावई स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने उन्हें रेफर कर दिया। उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
गुलफाम सिंह यादव 2004 के उपचुनाव में मुलायम सिंह यादव के खिलाफ चुनाव लड़ चुके थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इस संदिग्ध मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
तीन दशक से राजनीति में सक्रिय थे
करीब 65 वर्षीय गुलफाम सिंह यादव पिछले तीन दशकों से राजनीति में सक्रिय थे। 2004 में गुन्नौर विधानसभा के उपचुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के खिलाफ चुनाव लड़ा था। वह पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (पश्चिमी उत्तर प्रदेश), आरएसएस के जिला कार्यवाह और भाजपा के महामंत्री जैसे पदों पर भी रहे थे। उनकी पत्नी जावित्री देवी लगातार तीन बार से गांव की प्रधान हैं, जबकि 2019 के जुनावई ब्लॉक प्रमुख उपचुनाव में उनके पुत्र दिव्य प्रकाश यादव को ब्लॉक प्रमुख चुना गया था।