×

Flood in Gonda: जिला प्रशासन के बदइंतजामी पर भड़के बीजेपी सांसद, अपनी ही सरकार पर साधा निशाना

Flood In Gonda: गोंडा में बारिश के कारण बाढ़ को लेकर सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधि भाजपा सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह प्रशासन की बदइंतजामी पर उन्होंने जमकर खरी-खोटी सुनाई।

Krishna Chaudhary
Published on: 14 Oct 2022 9:30 AM GMT
X

Flood In Gonda: गोंडा उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। राज्य सरकार के आंकड़े के मुताबिक, प्रदेश के 18 जिलों के हजारों गांव बाढ़ की चपेट में हैं। पूर्वी यूपी के गोंडा जिले में घाघरा और सरयू नदी उफान पर है, जिसके कारण कई गांव जलमग्न हो चुके हैं। बाढ़ग्रस्त इलाकों में प्रशासन की बदइंतजामी को लेकर लोगों में खासी नाराजगी है। आम लोगों के साथ–साथ सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधि भी प्रशासन की बदइंतजामी पर गुस्से में हैं।

कैसरगंज से भाजपा सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने जिला प्रशासन को जमकर खरी-खोटी सुनाई। अधिकारियों पर हमला बोलते-बोलते उन्होंने अपनी सरकार को भी लपेटे में ले लिया।उन्होंने कहा, पहले की सरकारों के दौरान बाढ़ से जुड़ी तैयारियों को लेकर बैठकें हुआ करती थीं, लेकिन इस सरकार ने ऐसी कोई बैठक नहीं की। लोगों को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। लोग तकलीफ कम होने के लिए पानी के घटने का इंतजार कर रहे हैं।

अपनी ही सरकार पर साधा निशाना

कैसरगंज सांसद ने आगे कहा कि हमलोग रो नहीं सकते और न ही अपने भाव को प्रकट कर सकते हैं। बाढ़ का इससे घटिया प्रबंधन उन्होंने आज तक अपने जीवन में नहीं देखा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को बोलने की आजादी नहीं है, उन्हें बस सुनना है। अगर वे कुछ कहेंगे तो उन्हें बागी ठहरा दिया जाएगा, अगर कोई सुझाव देंगे तो उसे कोई मानेगा नहीं। जिला प्रशासन पर बरसते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि अधिकारी अब जनप्रतिनिधियों से कोई सलाह नहीं लेते हैं। उनके पास सलाह लेने का समय नहीं है।

बीजेपी सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह के घर तक बाढ़ का पानी पहुंचा

दरअसल, गोंडा के नवाबगंज के विश्नोहरपुर स्थित बीजेपी सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह के घर तक बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। बीजेपी सांसद को अपने घर से बाहर आने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली का सहारा लेना पड़ रहा है। बता दें कि सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह अपने गरम तेवरों के लिए जाने जाते हैं। वो इससे पहले भी जिला प्रशासन और पुलिस के खिलाफ सख्त शब्दों का इस्तेमाल कर चुके हैं।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story