×

UP: मंत्रिमंडल को लेकर कवायद शुरू, सुरेश खन्ना विधानसभा अध्यक्ष और महाना-पाठक के डिप्टी सीएम बनने के आसार

यूपी में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद अब नए मंत्रिमंडल में भी दोनो डिप्टी सीएम के पद बने रहेंगे। कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक और सतीश महाना को डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है।

Shreedhar Agnihotri
Published on: 11 March 2022 10:01 AM GMT (Updated on: 11 March 2022 10:33 AM GMT)
Suresh Khanna
X

सुरेश खन्ना (फोटो-सोशल मीडिया)

यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी दलों को मिली प्रचण्ड सफलता के बाद अब नए मंत्रिमंडल के शपथग्रहण की कवायद तेज हो गयी है। इसके लिए केन्द्रीय नेतृत्व से सहमति मिलने के बाद भाजपा की प्रदेश इकाई की तरफ से जल्द ही शपथग्रहण समारोह की तारीख का एलान किया जाएगा।

उम्मीद की जा रही है कि नए मंत्रिमंडल में भी दोनो डिप्टी सीएम के पद बने रहेंगे। कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक और सतीश महाना को डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है। उपमुख्यमंत्री की दौड में बेबी रानी मौर्या जाटव, दिनेश शर्मा भी शामिल हैं। साथ ही नौ बार विधानसभा चुनाव जीतने वाले संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना का नाम विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर लगभग तय है। इसके अलावा पुराने मंत्रियों के चुनाव जीतने के बाद इस बार उनके विभागों में भी बदलाव किया जाएगा।

नए मंत्रिमंडल में नए चेहरों को मौका

इसके अलावा मंत्रिमंडल में जातिगत और क्षेत्र पर भी फोकस किया जाएगा। उम्मीद है कि नए मंत्रिमंडल में नए चेहरों को मौका मिल सकता है जबकि चुनाव में कड़ी मेहनत करने वाले पार्टी पदाधिकारियों को भी मौका दिया जाएगा।

मंत्रिमंडल में स्थान पाने को लेकर विधानपरिषद सदस्य और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह का नाम चर्चा में हैं। चुनाव में 11 मंत्रियों के हारने के बाद उनकी जगह रिक्त हो रही है जबकि तीन मंत्रियों के समाजवादी पार्टी मे चले जाने और तीन का टिकट काटे जाने से 17 मंत्रियों की पहले से ही छुट्टी हो चुकी है।

विधानसभा चुनाव में दूसरी बार विधायक बने और बडे़ अंतर से जीतने वाले केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह, गर्वनर पद से इस्तीफा देकर चुनाव जीतने वाली बेबीरानी मौर्य को दलित चेहरे के तौर पर मंत्रिमंडल में जगह मिलने के आसार हैं। इनके अलावा रामचंद्र यादव, सुनील शर्मा एवं रोमी साहनी के अलावा महिलाओं मंे अदिति सिंह एक नया नाम हो सकता है।

चुनाव के ठीक पहले वीआरएस लेकर भाजपा में शामिल होने वाले आईपीएस अधिकारी असीम अरुण और राजेश्वर सिंह को मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री बनाया जा सकता है। संगठन में कार्य करने वाले युवा नेता दयाशंकर सिंह के विधायक बनने के बाद उन्हे मंत्रिमंडल में जगह दिए जाने की पूरी संभावना है। इनके अलावा नेता प्रतिपक्ष रामगोबिन्द चौधरी को चुनाव हराने वाली केतकी सिंह को मंत्री बनाए जाने की बात कही जा रही है।

सहयोगी दलों को भी मंत्रिमंडल में स्थान दिया जाएगा जिसमें अपनादल एस की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के पति आशीष पटेल और राकेश धर त्रिपाठी के अलावा निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बेटे प्रवीण निषाद को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की पूरी संभावना है।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story