UP Nikay Chunav 2023: भाजपा-सपा की लड़ाई हुई और तीखी, दोनों दलों में वीडियो वार शुरू,BJP ने घेरा तो SP ने दिया कड़ा जवाब

BJP SP Released Song: सोमवार को भाजपा और सपा में सोशल वीडियो पर गाने की जंग छिड़ गई। पहले भाजपा ने गाना रिलीज किया, जिस पर जवाब देते हुए सपा ने भी गाना तैयार किया।

Anshuman Tiwari
Published on: 24 April 2023 1:44 PM GMT

BJP SP Released Song: उत्तर प्रदेश में मई में होने वाले निकाय चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच जंग और तीखी हो गई है। दोनों दलों की ओर से अपने प्रत्याशियों के ऐलान के बाद अब एक-दूसरे को घेरने की कोशिशें शुरू हो गई है। इसी कड़ी में अब दोनों दलों के बीच वीडियो वार भी शुरू हो गया है। भाजपा की ओर से 'गुंडे पुकारते हैं अखिलेश आइए' शीर्षक से एक वीडियो जारी किया गया है जिसमें कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सपा और अखिलेश यादव को घेरने की कोशिश की गई है।

भाजपा की ओर से वीडियो जारी किए जाने के बाद सपा खेमा भी सक्रिय हो गया। सपा की ओर से भी एक वीडियो जारी करते हुए भाजपा को तीखा जवाब देने की कोशिश की गई है। इस वीडियो के जरिए योगी सरकार को विभिन्न क्षेत्रों में फेल बताते हुए यूपी में फिर से समाजवादी पार्टी का झंडा लहराने की बात कही गई है।

निकाय चुनाव दोनों दलों के लिए इसलिए महत्वपूर्ण

दरअसल उत्तर प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव को 2024 की सियासी जंग से पहले सपा और भाजपा के बीच शक्ति प्रदर्शन का बड़ा मंच माना जा रहा है। जानकारों का मानना है कि निकाय चुनाव के नतीजे बड़ा संदेश देने वाले साबित होंगे। यही कारण है कि सपा और भाजपा दोनों दलों ने निकाय चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आज से चुनावी अभियान शुरू करने वाले हैं। आने वाले दिनों में वे भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में 75 चुनावी सभाएं करेंगे।
दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने भी भाजपा को घेरने की रणनीति तैयार कर ली है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में सपा की इकाइयों को सक्रिय बनाते हुए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव खुद चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

भाजपा का वीडियो-गुंडे पुकारते हैं अखिलेश आइए

निकाय चुनाव की बाजी जीतने के लिए दोनों दलों के बीच अब वीडियो वार की शुरुआत भी हो गई है। सपा की ओर से पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान एक गाना लांच किया गया था जिसके बोल थे- जनता पुकारती है,अखिलेश आइए। अब भाजपा की ओर से जारी वीडियो में इसी गाने के बोल बदलते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव को घेरने की कोशिश की गई है। भाजपा की ओर से जारी वीडियो गाने के बोल हैं-गुंडे पुकारते हैं अखिलेश आइए। इस गाने के जरिए कानून व्यवस्था के मुद्दे पर अखिलेश यादव को घेरने की कोशिश की गई है। इसके साथ ही अखिलेश यादव को प्रदेश में लूट खसोट करने वाला नेता भी बताया गया है।

माफिया अतीक के साथ अखिलेश को दिखाया

इस गाने में सपा मुखिया को माफियाओं और गुंडों को संरक्षण देने वाला नेता बताया गया है। भाजपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से जारी इस वीडियो में माफिया अतीक अहमद को अखिलेश यादव के साथ दिखाया गया है। अतीक अहमद की हाल में हुई हत्या को लेकर प्रदेश का सियासी माहौल इन दिनों गरमाया हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के अन्य बड़े नेता समाजवादी पार्टी पर अतीक अहमद को संरक्षण देने का बड़ा आरोप लगाते रहे हैं।
इस गाने में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और शिवपाल सिंह यादव का चित्रण अपराधियों के संरक्षणदाता के रूप में किया गया है। इसके साथ ही मुजफ्फरनगर में हुए दंगे और हिंदुओं के पलायन के मुद्दे के जरिए भी अखिलेश को घेरने की कोशिश की गई है। काशी में संतों पर हुए लाठीचार्ज को भी इस वीडियो में दिखाया गया है।

सपा ने योगी सरकार को फेल बताया

भाजपा की ओर से यह वीडियो जारी किए जाने के बाद सपा की ओर से भी भाजपा को तीखा जवाब देने की कोशिश की गई है। सपा की ओर से जारी वीडियो में प्रदेश की योगी सरकार को विभिन्न क्षेत्रों में पूरी तरह फेल बताया गया है। नियुक्ति पत्र पाने के लिए संघर्ष करने वाले अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज का जिक्र भी इस वीडियो में किया गया है। साथ ही प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह फेल बताया गया है।

यूपी में फिर से हम अपना झंडा लहराएंगे

यूपी में फिर से हम अपना झंडा लहराएंगे शीर्षक वाले इस गाने के जरिए महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को घेरने की कोशिश की गई है। गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों का जिक्र भी इस गाने में किया गया है। मुख्यमंत्री योगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र दिखाते हुए दोनों को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान भी किया गया है। दलितों के उत्थान के भाजपा के दावे को सिर्फ दिखावा बताते हुए रोजगार और व्यापारियों को हो रही दिक्कतों के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरने की कोशिश की गई है।

भाजपा और सपा के बीच में होगी बड़ी जंग

दरअसल इस बार के निकाय चुनाव में मुख्य लड़ाई सपा और भाजपा के बीच में ही मानी जा रही है। चुनाव प्रचार की शुरुआत के साथ ही कांग्रेस और बसपा दोनों दल इस मामले में पिछड़ते हुए दिख रहे हैं। भाजपा भी अपनी मुख्य लड़ाई सपा से ही मान रही है और इसी कारण सपा पर जोरदार हमले की शुरुआत कर दी गई है। सपा की ओर से भाजपा को जवाब देने की कोशिश भी की गई है। सियासी जानकारों का मानना है कि निकाय चुनाव के लिए मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ दोनों दलों के बीच जंग और तीखी होने के आसार हैं।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story