×

Loksabha Elections 2024: सांसदों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर रही बीजेपी, इन नेताओं का टिकट कटना तय!

Loksabha Elections 2024- यूपी भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि पार्टी हमेशा काम को प्राथमिकता देती है, उम्मीदवारों का चयन उनके रिपोर्ट कार्ड के आधार पर किया जाएगा

Hariom Dwivedi
Written By Hariom Dwivedi
Published on: 19 Feb 2023 9:33 AM GMT (Updated on: 19 Feb 2023 9:37 AM GMT)
Loksabha Elections 2024
X

फाइल फोटो- सोशल मीडिया

Loksabha Elections 2024- आगामी लोकसभा चुनाव में नफा-नुकसान को देखते हुए सभी दलों ने अभी से कील-कांटा दुरुस्त करना शुरू कर दिया है। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। पार्टियां अपने स्तर पर टिकट के संभावित दावेदारों का आंतरिक सर्वे भी करा रही हैं। सूत्रों की मानें तो बीजेपी ने बाकायदा सांसदों का आंतरिक सर्वे कराना शुरू भी कर दिया है। कहा जा रहा है कि सांसदों को उनकी आंकलन रिपोर्ट के आधार पर ही 2024 में टिकट दिया जाएगा।

लोकसभा चुनाव 2024 में तीसरी बार कमल खिलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की नजर सबसे ज्यादा सांसदों (80) वाले राज्य उत्तर प्रदेश पर है। 2014 में बीजेपी ने अकेले दम पर यूपी की 80 में 71 और 2019 में 62 सीटें जीती थीं। इस बार पार्टी की कोशिश पिछला रिकॉर्ड तोड़ने पर है। खासकर बीजेपी का मुख्य फोकस उन 16 सीटों पर है, पिछले चुनावों में भाजपा जहां जीत नहीं पाई थी। इसके लिए पार्टी चुनाव से पहले कई स्तर पर सर्वे के बाद सांसदों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करेगी। क्षेत्र में सक्रिय रहने वाले सांसदों को ही टिकट दिया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी पहली बार इस फॉर्मूले को नहीं अपना रही है। इससे पहले 2022 के यूपी विधानसभा चुनावों और 2019 के लोकसभा चुनावों में भी बीजेपी अपने असेसमेंट फॉर्मूले का प्रयोग कर चुकी है। बीते चुनावों में पार्टी को इसका फायदा भी मिला और अब फिर से उसी रणनीति के तहत बीजेपी आगे बढ़ रही है।

20 से 30 फीसदी सांसदों का कटेगा टिकट?

बीजेपी के आंतरिक सूत्रों के मुताबिक, अत्यंत गोपनीय तरीके से सांसदों का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जा रहा है। क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता के साथ ही उनकी सक्रियता और आचरण पर भी नजर रखी जा रही है। इसके अलावा भी संगठन के कई स्तर पर भी फीडबैक जुटाया जा रहा है। पार्टी के मापदंडों पर खरे उतरने वाले नेताओं को ही टिकट दिया जाएगा। माना जा रहा है कि करीब 20 से 30 फीसदी सांसदों के टिकट काटे जा सकते हैं। उनकी जगह नये और क्षेत्र में सक्रिय नेताओं को मौका दिया जा सकता है। कुछ सांसदों की सीट भी बदली जा सकती है।

उम्मीदवारों के चयन पर बोले यूपी भाजपा अध्यक्ष

यूपी भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि पार्टी हमेशा काम को प्राथमिकता देती है। उम्मीदवारों का चयन उनके रिपोर्ट कार्ड के आधार पर किया जाएगा। उम्मीदवार का चयन एक प्रक्रिया है जो जमीनी स्तर पर चर्चा के माध्यम से आगे बढ़ती है। इसे केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्राप्त फीडबैक के आधार पर अंतिम रूप दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी 2024 के लिए पूरी तैयारी के साथ काम कर रही है।

केंद्रीय मंत्रियों को कमल खिलाने की जिम्मेदारी

पार्टी नेताओं से मिली जानकारी के मुताबिक, 2019 में बीजेपी ने जिन सीटों पर जीत नहीं सकी थी, अभी से उनकी जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्रियों को दी गई है। इनमें केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, अन्नपूर्णा देवी, अश्विनी वैष्णव और जितेंद्र सिंह हैं। ये मंत्री पहले चरण में इन सीटों का आंकलन कर पार्टी को रिपोर्ट दे चुके हैं। इसके अलावा इन सीटों पर कमल खिलाने के लिए संगठन के तजुर्बेकार भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य को अधिकृत किया गया है।

Hariom Dwivedi

Hariom Dwivedi

Next Story