×

राधामोहन सिंह बोले- कांग्रेस के डीएनए में है अफवाह फैलाना

राधा मोहन सिंह ने कहा कि यह आपदा का समय है उन्हें लोगों को संबल देना चाहिए न कि लोगों की फिक्र बढ़ाने वाला काम करना चाहिए।

Shreedhar Agnihotri
Written By Shreedhar AgnihotriPublished By Dharmendra Singh
Published on: 11 May 2021 6:19 PM GMT
Radha Mohan Singh
X

एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान राधा मोहन सिंह (फाइल फोटो: सोशल मीडिया)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कहा कि अफवाह फैलाना कांग्रेस (Congress) के डीएनए में है। जब-जब देश पर विपत्ति आई कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने विपदा से निकलने में सहयोग की बजाय लोगों को भड़काने, गुमराह करने और अफवाह फैलाकर देश को अशांति की ओर ले जाने का ही काम किया है। कुछ कांग्रेसी नेताओं को छोड़ दें तो आज कोविड की महामारी में भी नकली गांधी एंड कंपनी दिन-रात इसी अभियान में लगी है। उन्होंने कहा यह दुःख का विषय है कि मानव इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी में से एक कोविड संक्रमण से उत्पन्न इस विषम परिस्थिति में भी देश में राजनीति हो रही है।

उत्तर प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि जब दुनिया के तमाम देश भारत की मदद के लिए संसाधन भेज रहे हैं तो कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके बेटे राहुल गांधी, बेटी प्रियंका वाड्रा और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री सहयोग की भावना को भूलकर व्यवस्था को बिगाड़ ही रहे हैं। ऐसे प्रदेशों में भी वे अपनी हरकतों से माहौल खराब कर रहे हैं जहां पर उनकी सरकारें हैं, इससे वहां स्थितियां और भी खराब हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण अभियान को भी कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने नहीं छोड़ा। जब टीका बना तो उसे बेकार बताने के लिए न जाने कितने ही जतन कांग्रेस व उनकी पिछलग्गू पार्टियों ने किया। कोविड टीके को लेकर जनता को भ्रमित किया, खुद भी भ्रम में रहे। अब वे इसे लेकर अफवाह फैला रहे हैं।
राधा मोहन सिंह ने कहा कि यह आपदा का समय है उन्हें लोगों को संबल देना चाहिए न कि लोगों की फिक्र बढ़ाने वाला काम करना चाहिए। कहा कि बड़े दुःख की बात है कि कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दल यही कर रहे हैं। उन्हें जनता की पीड़ा में अपनी राजनीतिक रोटी सेंकनी है। उन्होंने अपील की कि अभी भी समय है विपक्षी दल राजनीति छोड़कर कोविड की आपदा से प्रभावित लोगों की मदद करें।


Dharmendra Singh

Dharmendra Singh

Next Story