×

मेरठ में बड़ा हादसा: कोल्ड स्टोरेज के बॉयलर फटने से 7 की मौत, दर्जनों मजदूर घायल...जांच कमेटी 24 घंटे में देगी रिपोर्ट

Meerut News: मेरठ के एक कोल्ड स्टोरेज में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बॉयलर फटने से अब तक 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में मजदूर घायल हुए हैं। धमाके से पूरी छत उड़ गई।

Sunil Mishraa
Written By Sunil MishraaReport Sushil Kumar
Published on: 24 Feb 2023 3:02 PM GMT (Updated on: 24 Feb 2023 3:02 PM GMT)
Meerut News
X

कोल्ड स्टोरेज में बॉयलर फटने के बाद का नजारा (Social Media) 

Meerut News: मेरठ में कोल्ड स्टोरेज में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हुआ। संवाददाता के मुताबिक, हादसे में 7 लोगों की मौत की खबर है, जबकि दर्जनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पुलिस रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। जानकारी के मुताबिक, बॉयलर फटने से स्टोरेज का लिंटर गिर गया, जिसके चलते कई लोग मलबे में दब गये। मामला मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र का है। कोल्ड स्टोरेज पूर्व विधायक का बताया जा रहा है।

मेरठ में शुक्रवार (24 फ़रवरी) की दोपहर बड़ा हादसा हो गया। पूर्व विधायक के कोल्ड स्टोरेज का बायलर अचानक फट गया। कोल्ड स्टोरेज का लेंटर भरभराभर कर गिर गया। इसके नीचे दर्जनों मजदूर दब गए। 7 की मौत हो गई है। कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया का रिसाव (Ammonia Leakage) भी हुआ है।

क्या कहा SSP ने?

मेरठ के डीएम दीपक मीणा (Meerut DM Deepak Meena) ने बताया कि, हादसे में 7 मजदूरों के मारे की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में विस्फोट के बाद छत ढह गई। इस हादसे में कई मजदूरों के दबने की सूचना प्राप्त हुई थी। जानकारी मिली है कि यहां 27 मजदूर काम कर रहे थे। तत्काल सभी 27 को रेस्क्यू कर लिया गया है। यह सभी लोग जम्मू के उधमपुर जिले के थे। इनकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक कमेटी गठित कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है।

कैसे हुआ हादसा

मेरठ के दौराला में ओवरब्रिज के पास ही पूर्व विधायक चंद्रवीर का कोल्ड स्टोर है। शुक्रवार दोपहर के समय कोल्ड स्टोर में 27 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान गैस का दबाव बना और धमाके के साथ बिल्डिंग भरभरा कर ढह गई। सभी मजदूर अंदर दब गए। बताया जा रहा है कि धमाके के कारण आसपास करीब आधा किलोमीटर तक जमीन दहल गई। कई दुकानों के शीशे टूट गए। मौके पर चीख पुकार मची तो आसपास के लोग मदद को दौड़े। पुलिस-प्रशासन की टीम भी रेस्क्यू के लिए मौके पर दौड़ी।


कुछ मलबे में दबे, कुछ गैस से बेहोश

कुछ मजदूर मलबे में दबे तो कुछ रिसाव से बेहोश हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं बेहोश हुए मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा हैं। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

केंद्रीय मंत्री सहित प्रशासनिक अमला पहुंचा

हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत रेस्क्यू में जुट गए। केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान (Sanjeev Balyan), पूर्व विधायक संगीत सोम (Sangeet Som) भी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिले के डीएम, एसएसपी, एडीएम सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम, सीएमओ और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। वहीं, कमिश्नर भी मौके पर पहुंच हालात का जायजा ले रहे हैं। कई मजदूरों के मलबे के नीचे दबे होने की खबर है। मलबा हटाकर तलाश जारी है।

11 एम्बुलेंस, 9 फायर ब्रिगेड, 3 जेसीबी जुटी

घटनास्थल पर 11 एंबुलेंस पहुंचे हैं। इनसे घायल मजदूरों को ले जाया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर दर्जनों एंबुलेंस और आला अधिकारी पहुंच गए हैं। मलबे में दबे मजदूरों को एंबुलेंस के जरिये अस्पताल भेजा गया है। 9 फायर ब्रिगेड की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। वहीं, अधिकारियों के निर्देश पर 2-3 जेसीबी मौके पर बुलाई गई है, जो मलबे को हटाकर दबे हुए मजदूरों को बाहर निकालने में लगी है।

क्या कहा कोल्ड स्टोरेज मालिक की बेटी ने?

कोल्ड स्टोरेज के मालिक चंद्रवीर सिंह (Chandraveer Singh) की बेटी मनीषा अहलावत ने बताया, कोल्ड स्टोरेज पर आज ही कर्मचारियों ने काम शुरू किया था। हादसे की खबर सुनने के बाद चंद्रवीर सिंह की तबीयत खराब हो गई है। जिस कारण वो मौके पर नहीं पहुंच सके।' मनीषा ने बताया, आज से ही आलू रखने की शुरुआत होनी थी। इसलिए मजदूरों को बुलाया गया था। लगभग 1 हजार आलू बैग आज किसानों के आ चुके थे। ये सभी आज कोल्ड स्टोर में रखे जाने थे। लेकिन, तभी ये हादसा हो गया।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story