×

Mathura News: मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण के प्रस्तावक की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रत्याशी चौधरी लक्ष्मीनारायण के प्रस्तावक पैगांव ग्राम प्रधान रामवीर सिंह की हत्या मामले में एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

Nitin Gautam
Report Nitin GautamWritten By aman
Published on: 3 Feb 2022 3:35 AM GMT (Updated on: 3 Feb 2022 3:37 AM GMT)
minister Choudhary Laxmi Narayan proponent
X

minister Choudhary Laxmi Narayan proponent 

Mathura News: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री (Cabinet Minister) एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रत्याशी चौधरी लक्ष्मीनारायण (Chaudhary Laxmi Narayan) के प्रस्तावक पैगांव ग्राम प्रधान रामवीर सिंह (Ramveer Singh) की हत्या मामले में एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के पैर में गोली लगी है। वहीं, उसका साथी भागने में सफल रहा। यही घटना का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।

गिरफ्तार हत्यारोपी का नाम शिवम उर्फ गुंडा बताया जा रहा है। इस संबंध में छाता के सीओ वरुण कुमार ने बताया, कि मुखबिर द्वारा मिली सूचना के आधार पर बदमाशों की घेराबंदी की गई। उन्हें क्षेत्र के कोसीकलां के बठेन गेट पर घेर लिया गया। खुद को घिरता देखकर बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शिवम उर्फ गुंडा के पैर में गोली लग गई। जिसके बाद वह वहीं गिर गया। मौके का फायदा उठाते हुए उसका एक साथी भागने में सफल रहा।

ये था मामला?

बता दें, कि हत्या में इस्तेमाल बाइक को दो दिन पहले ही बरामद कर लिया गया था। बरामद बाइक की जांच से पता चला कि वह चोरी की थी। इसी बाइक पर सवार होकर हत्यारोपी आए थे। बीते शनिवार की सुबह ग्राम प्रधान रामवीर सिंह कोकिलावन धाम में परिक्रमा कर शनिदेव दर्शन को गए थे। इसी बीच पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने रामवीर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। उनके सिर में चार गोलियां लगीं। जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पांच नामजद, छह अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

प्रधान की हत्या के बाद ग्रामीणों ने उनके शव को राजमार्ग पर रखकर नंदगांव रोड दो घंटे तथा आगरा-दिल्ली राजमार्ग को तीन घंटे के लिए जाम लगा दिया। मृतक रामवीर सिंह के बेटे ने पांच नामजदों सहित छह अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था।

क्या कहा एसएसपी ने?

घटना के बारे में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया, कि 'आरोपियों की पकड़ के लिए पांच टीमें लगाई थी। टीम हरियाणा एवं राजस्थान में पिछले दो दिनों से डेरा डाले हुई थी। पुलिस द्वारा करीब दर्जन भर से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी। उनसे मिल रहे अहम सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में आगे बढ़कर कोशिशों में जुटी थी। पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि हत्यारोपी कोसीकलां में ही कहीं छिपा हुआ है। घेराबंदी करने पर उसे बठेन गेट पर घेर लिया गया। घायल आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोसीकलां में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।'

क्या कहा सीओ ने?

वहीं, सीओ वरुण कुमार ने बताया, कि 'कैबिनेट मंत्री के प्रस्तावक की हत्या मामले में थाना कोसीकला की पुलिस और बदमाशों के बीच बुधवार देर रात मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। यह घटना थाना कोसीकला के नंदगांव जाव के समीप की है। पुलिस की गोली घायल शख्स का नाम शिवम पुत्र राजेंद्र है। यह हापुड़ का रहने वाला है। यही ग्राम प्रधान रामवीर सिंह को दिनदहाड़े गोली मारने का मुख्य आरोपी है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story