×

Sant Kabir Nagar: इंतजार करती रही दुल्हन, बारात लेकर नहीं पहुंचा दूल्हा, फोन भी स्विच ऑफ किया

Sant Kabir Nagar: दुल्हन के भाई का आरोप है, कि दहेज के लालच में लड़के पक्ष वाले लगातार दबाव बना रहे थे। उनकी सभी मांगें मान ली गई थी।

aman
Written By aman
Published on: 19 May 2022 2:04 PM GMT
bride kept waiting in sant kabir nagar groom did not reach with barat
X

प्रतीकात्मक फोटो 

Sant Kabir Nagar News Today: उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सुना उसका दिल पसीज गया। आंखें भर आई। भले ही मेरा उससे खून का रिश्ता नहीं, लेकिन है तो किसी की बेटी ही न। वह बेटी दुल्हन बनी। हाथों में मेहंदी लगी। मगर, पूरी रात इंतजार करने के बाद भी बारात नहीं आई। बेटी के पिता ने अपनी हैसियत से अधिक जाकर शादी की सभी तैयारियां की थी। बारात के स्वागत के लिए हर संभव इंतजाम किए गए। डीजे की धुन पर डांस होता रहा। लेकिन, बारात नहीं आई।

दुल्हन पक्ष के लोग पूरी रात फोन लगाते रहे। बेटी की शादी के साथ-साथ उनकी इज्जत भी दांव पर लगी थी। मगर, लड़का पक्ष के सभी लोगों का फोन बंद मिला। अब बेटी के पिता और परिजनों का आरोप है कि दहेज की लालच में लड़के वाले बारात लेकर नहीं पहुंचे। हम सभी जानते हैं कि दहेज़ के लिए कितने कानून बने, जागरूकता अभियान चलाए गए, क्या-क्या न हुआ, मगर नतीजा आपके सामने है।

क्या है मामला?

बता दें कि, यह पूरा मामला यूपी के संत कबीर नगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के देवलसा गांव का है। यहां के रहने वाले बाबूराम पासवान के बेटी सुनीता की गुरुवार को शादी थी। विवाह की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। टेंट भी लग गया, डीजे भी बज रहा था। घर वाले शादी के जश्न में मस्त थे। बारात सिद्धार्थनगर जिले के नौगढ़ से आने वाली थी। आरोप है कि, दहेज के चक्कर में लड़के पक्ष वाले बारात लेकर ही नहीं पहुंचे।

बारात लाने से साफ इनकार

हाथों में मेहंदी लगाए। आंखों में कई सपने संजोए दुल्हन सज-धज कर रात भर दूल्हे का इंतजार करती रही। मगर, न तो दूल्हा पहुंचा और न ही बाराती। जैसे-जैसे रात बढ़ने लगी, लड़की वालों पर एक-एक पल भारी पड़ रहा था। बताया जाता है, दुल्हन पक्ष के लोगों ने काफी मिन्नतें भी कीं। लेकिन, दहेज के लोभी बारात लाने से साफ इनकार कर दिया।

पुलिस को दी तहरीर

दुल्हन के भाई का आरोप है, कि दहेज के लालच में लड़के पक्ष वाले लगातार दबाव बना रहे थे। उनकी सभी मांगें मान ली गई थी, लेकिन गुरुवार को पूरी तैयारी के बाद भी शादी के लिए दूल्हे पक्ष के लोग नहीं पहुंचे। मामले में पुलिस को तहरीर दे गई है। हालांकि, अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story