×

Uttar Pradesh : बदायूं में सीएम बोले ; अयोध्या में रामलला के साथ हुई भारत के गौरव की प्राण प्रतिष्ठा, यही है रामराज्य

Uttar Pradesh : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दातागंज के गांव सैजनी में आयोजित कार्यक्रम में एचपीसीएल के बायोगैस प्लांट का उद्घाटन किया। जिसमें केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद थे।

Aakanksha Dixit
Written By Aakanksha Dixit
Published on: 27 Jan 2024 12:09 PM GMT
Uttar Pradesh
X

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  source; social media  

Budaun : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बायोगैस प्लांट के साथ 400 करोड़ रुपये से अधिक की 44 नई परियोजनाओं की शुरुआत की है। यह एक तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न को धरातल पर उतारने जैसा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दातागंज के गांव सैजनी में आयोजित कार्यक्रम में एचपीसीएल के बायोगैस प्लांट का उद्घाटन किया। जिसमें केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया और इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में 44 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।

जय श्रीराम के नारों हुई सभा की शुरुआत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारों से की। उन्होंने बायोगैस प्लांट के लिए प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बदायूं के निवासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अयोध्या के राम मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम का भी उल्लेख करते हुए कहा कि 500 वर्षों का इंतजार समाप्त हुआ है। 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न हुआ था, जिससे भारत के गौरव की भी प्राण प्रतिष्ठा हुई है। उन्होंने कहा कि यही रामराज्य है और जब सरकारें अच्छी होती हैं, तो आस्था का सम्मान होता है।

युवाओं को मिलेगा रोजगार और किसान होंगे खुशहाल

उन्होंने कहा कि बदायूं जनपद के दातागंज में बायोगैस प्लांट का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण की नई शुरुआत का प्रतीक है। यह बायोगैस प्लांट किसानों के लाभ, युवाओं के रोजगार और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक नया माध्यम बना रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के आठ जिलों में, जैसे कि बरेली, सीतापुर, बहराइच आदि, में बायोगैस प्लांट्स लगाए जा रहे हैं और इन जिलों में भी इस अवसर पर बायोगैस प्लांट्स का शिलान्यास हो चुका है। प्रत्येक प्लांट के लिए 50 एकड़ ज़मीन की आवश्यकता है, जिससे 100 युवाओं को नौकरी मिलेगी और किसानों की आय दोगुनी होगी। इन प्लांट्स में गैस के साथ कॉम्पोस्ट बनेगा, जिसे हम वेस्ट कह सकते हैं, और यही अब वेल्थ बनेगा।

नए उत्तर प्रदेश की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने कहा कि नये भारत में उत्तर प्रदेश अब एक नए रूप में प्रकट हो रहा है। समृद्धि के साथ सुरक्षा भी है और सुशासन के साथ सुव्यवस्था भी है। उन्होंने बताया कि सात वर्ष पहले सुरक्षा के साथ खिलवाड़ होता था, जिसके चलते प्रदेश में बाहर से लोगों के आने जाने में कमी आ गयी। बहन-बेटियां भी स्कूल नहीं जा पाती थीं। उस समय में पहचान और सुरक्षा का संकट था, लेकिन सात वर्षों में कोई दंगा नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश जो पहले दंगा प्रदेश था, वही अब उत्सव प्रदेश बन गया है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे के बारे में भी बताते हुए कहा कि बदायूं से लखनऊ की दूरी तीन घंटे में पूरी हो जाएगी, चार साढ़े चार घंटे में प्रयागराज और तीन घंटे में दिल्ली पहुंचा जा सकेगा।

Aakanksha Dixit

Aakanksha Dixit

Content Writer

नमस्कार मेरा नाम आकांक्षा दीक्षित है। मैं हिंदी कंटेंट राइटर हूं। लेखन की इस दुनिया में मैने वर्ष २०२० में कदम रखा था। लेखन के साथ मैं कविताएं भी लिखती हूं।

Next Story