×

बांग्लादेश के अधिकारियों का डेलिगेशन आया बुलंदशहर, यूपी की प्रशासनिक व्यवस्था, सुशासन, संस्कृति को समझा

Bulandshahr News: राष्ट्रीय सुशासन केन्द्र भारत सरकार डॉ. मुकेश कुमार भंडारी ने बताया कि, ये डेलिगेशन मसूरी में रहा। अब आगरा जायेगा। प्रतिनिधिमंडल भारत की विकास, सुशासन, व्यापार, उत्पादन, कृषि आदि की जानकारी जानने आया है।

Sandeep Tayal
Published on: 13 Feb 2024 11:26 AM GMT
Bulandshahr News
X

जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह के साथ बांग्लादेश के अधिकारियों का डेलिगेशन (Social  Media)

Bulandshahr News: यूपी के बुलंदशहर में 82 बांग्लादेशी अधिकारियों और सिविल सर्वेंट्स का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा है। बांग्लादेशी डेलिगेशन भारतीय संस्कृति और यूपी की गुड गवर्नेंस तथा विकास कार्यों के क्रियान्वयन के तरीकों को जानने के लिए यहां आया है। डीएम सीपी सिंह (DM CP Singh) ने बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल को बुलंदशहर में प्रशासनिक व्यवस्था और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, गुणवत्ता युक्त विकास कार्यों के इंप्लीमेंटेशन तरीकों को बताया।

बुलंदशहर में मंगलवार (13 फरवरी) को जिला पंचायत सभागार में बांग्लादेश के 82 प्रशासनिक अधिकारियों का डेलिगेशन पहुंचा। डीएम सीपी सिंह ने बताया कि, भारतीय संस्कृति, प्रशासनिक और सरकारी विकास की नीतियों तथा कानून व्यवस्था हेतु प्रशिक्षण प्राप्त किया।

डेलिगेशन को बताया गया कैसे होता है काम?

प्रशिक्षण कार्यशाला में जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह (DM Chandra Prakash Singh) और मुख्य विकास अधिकारी कुलदीप मीना ने बताया कि, जिले में डीएम के अधीन सभी विभाग आते हैं। ये विभाग जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कार्य करते हैं। जिले में विकास संबंधित कार्य विकास विभाग द्वारा कराए जाते हैं, जिसके अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी होते हैं। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (ssp) के अधीन पुलिस विभाग कार्य करता है। जिले में तीनों अधिकारी आईएएस/आईपीएस कैडर के होते हैं। इनमें जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी यूपीएससी द्वारा चयनित IAS-IPS होते हैं। डेलिगेशन को ये भी बताया गया कि, जिले में डीएम, एसएसपी तथा मुख्य विकास अधिकारी के समन्वय से जिले में सभी प्रशासनिक कार्य, विकास कार्य, जनहित कार्य, जनता की शिकायतों का निस्तारण तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु कार्य किए जाते हैं।



केंद्र-प्रदेश सरकार की योजनाओं की दी जानकारी

इसके साथ डेलिगेशन को जिले की ऐतिहासिक धरोहर, एनएपीपी प्लान्ट, खुर्जा पॉटरी उद्योग तथा औद्योगिक क्षेत्र के बारे में भी अवगत कराया गया। कार्यशाला (Workshop) में ये भी बताया गया कि, जिले में जनता द्वारा सांसद, विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका/नगर पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत अध्यक्ष, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित किए जाते हैं। जिला पंचायत सदस्यों द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष व क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष (ब्लॉक प्रमुख) निर्वाचित किए जाते हैं। सभी जनप्रतिनिधि द्वारा जनहित में विकास कार्य कराए जाते हैं। साथ ही, केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।

वर्कशॉप में कौन-कौन रहे मौजूद?

इस अवसर पर, बांग्लादेश के डिप्टी सेक्रेटरी मुहम्मद जिल्लुर्रहमान व रीवा चकमा, राष्ट्रीय सुशासन केन्द्र भारत सरकार के समन्वयक डॉ. मुकेश कुमार भंडारी व संजय दत्त पंत एवं अपर जिलाधिकारी (वि/रा) विवेक कुमार मिश्र व सिटी मजिस्ट्रेट चन्द्र प्रकाश प्रियदर्शी तथा उप जिलाधिकारी न्यायिक बुलन्दशहर वीके गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

...ताकि व्यवस्था में आए गुणात्मक परिवर्तन

राष्ट्रीय सुशासन केन्द्र भारत सरकार डॉ. मुकेश कुमार भंडारी ने बताया कि, सोमवार को डेलिगेशन मसूरी में रहा। बुधवार को आगरा जायेगा। बांग्लादेश से आया प्रतिनिधिमंडल भारत की विकास, सुशासन, व्यापार, उत्पादन, कृषि आदि की जानकारी जानने आया है। इस मौके पर बांग्लादेश के डिप्टी सेक्रेटरी मुहम्मद जिल्लुर्रहमान ने बताया कि, 1971 से पहले बांग्लादेश भारत का हिस्सा हुआ करता था। बांग्लादेश और भारत की अधिकांश प्रशासनिक व्यवस्था लगभग समान है। दोनों का तुलनात्मक अध्ययन कर बांग्लादेश की व्यवस्था में गुणात्मक परिवर्तन लाने के लिए बांग्लादेश का प्रतिनिधिमंडल भारत आया है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story