Bulandshahr: राम काज के बाद अब राष्ट्र काज की तैयारी: पीएम मोदी

Bulandshahr News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद पुरानी चुनौतियों से निपट आर्थिक विकास की यूपी ने गति पकड़ी है, जिसके लिए योगी जी की सरकार बधाई की पात्र है।

Sandeep Tayal
Published on: 25 Jan 2024 11:15 AM GMT
Bulandshahr News
X

Bulandshahr News (Pic:Newstrack)

Bulandshahr News: यूपी के बुलंदशहर में पीएम नरेंद्र मोदी ने पश्चिमी यूपी के बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड, बुलंदशहर जनपद की 20700 करोड़ से अधिक की 46 परियोजनाओं का रिमोट से बटन दबाकर लोकार्पण और शिलान्यास किया और कहा कि 22 जनवरी को राम काज करने के बाद अब राष्ट्र काज करने का समय आ गया है। सबको मिलकर विकसित भारत का निर्माण करना है। विकसित भारत का निर्माण यूपी के बिना संभव नही है। पीएम मोदी का भाषण किसान कल्याण और सशक्त भारत के निर्माण पर केंद्रित रहा।

गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुलंदशहर में आयोजित जन सभा स्थल पर पहुंचे, जहां सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने भगवान श्री राम की मूर्ति भेंट कर स्वागत किया। पीएम मोदी ने मंच से 20700 करोड़ से अधिक की 46 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वहीं डेडिकेटेड फ्रंट कॉरिडोर न्यू खुर्जा और न्यूज रिवाड़ा माल गाड़ी को हरी झंडी दिखाई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रेल लाइन, हाईवे प्रोजेक्ट, पैट्रोलियम पाइपलाइन प्रोजेक्ट, पानी, सीवरेज मेडिकल कॉलेज योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

पीएम मोदी के साथ मंच यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी, केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक कैबिनेट मंत्री डॉ अरुण सक्सेना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अतुल तेवतिया भाजपा सांसद डॉ भोला सिंह, डॉक्टर महेश शर्मा, विधायक लक्ष्मी राज सिंह, संजय शर्मा, चंद्रपाल सिंह, प्रदीप चौधरी, मीनाक्षी सिंह, अनिल शर्मा, देवेंद्र सिंह, लोधी धीरेंद्र सिंह, पंकज सिंह, एमएलसी नरेंद्र भाटी आदि मंच पर मौजूद रहे।

अयोध्या में राम लला विराजमान होने से कल्याण सिंह का सपना हुआ साकार: मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे बाबूजी कल्याण सिंह का जिक्र कर वोट बैंक को भी साधने का इशारों ही इशारों में काम किया। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में राम के दर्शन हुए और आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर की जनता जनार्दन के दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बुलंदशहर ने कल्याण सिंह जैसे सपूत दिए हैं जिन्होंने रामकाज, राष्ट्रकाज के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। वो जहां भी है आज अयोध्या धाम को देख आनंदित हो रहे होंगे कि उनका सजाया सपना पूरा हो गया।

उन्होंने राष्ट्र निर्माण सामाजिक न्याय निर्माण के सपने को पूरा करने के लिए अब सबको मिलकर अपनी गति बढ़ानी होगी। राम काज को पूर्ण करने के बाद अब राष्ट्रकाज को ऊंचाई तक पहुंचाने का समय आ गया है, 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का बड़ा लक्ष्य है, यह लक्ष्य बिना यूपी के पूरा नहीं हो सकता। खेत- खलियान,ज्ञान- विज्ञान, उद्योग - उधम सबको गतिमान कर बढ़ाना है।

पूर्व सरकारों पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व की विपक्षी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद के दशकों में देश के कुछ क्षेत्रों तक ही विकास को सीमित रखा गया। उत्तर प्रदेश पर कम ध्यान दिया गया। पिछले समय में देश को चलाने वालों का ही विकास हुआ। गरीब का कल्याण नहीं हुआ। जिससे देश को काफी नुकसान हुआ।

विकास के नए आयाम बना रही योगी सरकार: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद पुरानी चुनौतियों से निपट आर्थिक विकास की यूपी ने गति पकड़ी है, जिसके लिए योगी जी की सरकार बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि पहले नमो भारत प्रोजेक्ट भी पश्चिमी यूपी में ही शुरू हुआ है। पश्चिम पश्चिमी यूपी में ही जेवर का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जनपद मेट्रो सुविधा से जुड़ गए हैं। देश में चार नए औद्योगिक शहर विकसित हो रहे हैं जिनमें से एक पश्चिम उत्तर प्रदेश में बनेगा। डेडीकेटेड फ्रंट कॉरिडोर से निर्यात सुगम होगा। विकास की रफ्तार पकड़ने से उत्तर प्रदेश में निवेशको के आने से उत्पादन क्षेत्र में वृद्धि हो रही है।

किसान, गरीब कल्याण लक्ष्य, भ्रष्टाचार मुक्त काम मोदी की गारंटी है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण आज किसान कल्याण और राष्ट्र कल्याण पर केंद्रित रहा उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने गन्ना किसानों के लिए गन्ने की दरों में वृद्धि की है। पहले किसानो को उनकी उपज का समय से पैसा नही मिलता था अब किसान खाते में सीधा जाता है। यूरिया किसानो को सहजता से सुलभ हो रही है। करोड़ों किसानों को किसान सम्मन निधि दी जा रही है। यूरिया दुनिया में ₹3000 का कट्टा बिकता है भारत में कुल ₹300 में मिल जाता है। सहकारिता और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

सरकार की प्राथमिकता किसान कल्याण और किसान उत्थान की है। किसानों के लिए सरकार ने इस तरह बहुत सशक्त सुरक्षा कवच तैयार किया है। गांव में गरीब किसानों को घर दिए गए। पहली बार शौचालय निर्माण कराने का काम भारत सरकार ने कराया। सहकारिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। गरीबों को मुफ्त राशन, मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मोदी की गारंटी है और मोदी की गारंटी से लाखों लोग जुड़ रहे हैं। मोदी की गारंटी वाले कार्यों में भ्रष्टाचार नहीं हो सकता।

मोदी नहीं जनता फूंकती है चुनावी बिगुल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मोदी चुनाव का बिगुल नहीं बजाता मोदी तो विकास का बिगुल बजाता है। मोदी को बिगुल बजाने की न पहले जरूरत थी ना अब जरूरत है ना आगे जरूरत होगी क्योंकि मोदी का बिगुल तो जनता जनार्दन बजाती है और मोदी जनता जनार्दन का बिगुल फूंकता है।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story