×

Bulandshahr News: अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ी राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा!

Bulandshahr News: राहुल गांधी ने विश्राम स्थल के बाहर जमा लोगों का केवल हाथ हिलाकर अभिवादन किया मगर न तो किसी आम आदमी से भेट कर सके। हालांकि विश्राम स्थल पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा राहुल गांधी के इर्द गिर्द रहा।

Sandeep Tayal
Published on: 25 Feb 2024 2:02 AM GMT (Updated on: 25 Feb 2024 2:06 AM GMT)
X

 Bharat Jodo Nyay Yatra (Newstrack) 

Bulandshahr News: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले ने बुलंदशहर में देर शाम लगभग 8 बजे प्रवेश किया, लेकिन राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बुलंदशहर में अव्यवस्थाओ की भेंट चढ़ गई। राहुल गांधी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन जरूर किया, मगर अनूपशहर में किसी भी आम आदमी से नहीं मिल सके, राहुल गांधी के स्वागत के लिए तैयार किए गए मंच सजे रह गए। राहुल गांधी को पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंड्रावाल में तैयार किए गए रात्रि विश्राम स्थल तक पहुंचाया गया। राहुल गांधी ने विश्राम स्थल के बाहर जमा लोगों का केवल हाथ हिलाकर अभिवादन किया मगर न तो किसी आम आदमी से भेंट कर सके। हालांकि विश्राम स्थल पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा राहुल गांधी के इर्द गिर्द रहा।

लोगों का कहना था कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओ से तो राहुल गांधी मिलते ही रहते है, जब यहां भी इनसे ही मिलना था तो फिर यात्रा के नाम पर यहां आने की जरूरत की क्या थी। आम आदमी तो दूर राहुल गांधी को मीडिया से भी दूर रखा गया। माना जा रहा है बुलंदशहर में तो राहुल गांधी ने सिर्फ सड़क ही नापी, भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर बुलंदशहर में रविवार की सुबह 6 बजे तक कोई संदेश तक जारी नहीं किया गया। हालांकि कांग्रेस के नेता दावा कर रहे है कि रविवार को स्नान ध्यान के बाद राहुल गांधी कुछ चिन्हित लोगों से भेंट करेंगे, हो सकता है मीडिया से भी रूबरू हों। समाचार लिखे जाने तक राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बुलंदशहर में ही मौजूद थी।


सपाइयों के मंच पर भी नहीं पहुंचे राहुल

सपा से कांग्रेस का गठबंधन होने के बाद समाजवादी पार्टी के जनपद के कई कद्दावर नेता राहुल गांधी के स्वागत के लिए अनूपशहर पहुंचे थे, बाकायदा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्वागत को मंच तैयार कराया था, मगर राहुल गांधी कार से नहीं उतरे और समाजवादी पार्टी के नेताओं को राहुल के स्वागत की व्यवस्थाएं धरी रह गईं।


बुलंदशहर में तीसरी बार आए राहुल गांधी

अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी का बुलंदशहर में अब तक का तीसरा दौरा है। शनिवार की शाम को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बुलंदशहर पहुंची। कांग्रेसियों ने राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में कांग्रेसी सुबह से ही राहुल गांधी के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे। अनूपशहर पहुंचते ही राहुल गांधी जिन्दाबाद के नारे गूंजना शुरू हो गए। बता दें कि सबसे पहले राहुल गांधी ने वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में स्याना और खुर्जा के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा और रोड शो किया था। स्याना प्रत्याशी मोहम्मद इम्तियाज खान के समर्थन में राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित किया था। इसके बाद खुर्जा विधानसभा में वहां के प्रत्याशी राकेश पंडित के समर्थन में रोड शो किया था। इसके बाद वर्ष 2016 में राहुल गांधी बुलंदशहर पहुंचे थे। राहुल गांधी ने रोड शो किया था। नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रोड शो डीएवी फ्लाईओवर के निकट संपन्न हुआ और राहुल गांधी खुर्जा के लिए रवाना हो गए थे, जहां खाट सभा को संबोधित किया था। अब राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ बुलंदशहर पहुंचे हैं।


Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story