×

Hamirpur News: ब्राह्मण सम्मेलन में बसपा सांसद सतीश चंद्र मिश्र ने भरी हुंकार, कहा- अब उतरेगा भाजपा का मुखौटा

ब्राह्मण समाज को बसपा में लाने के प्रयासों में जुटे बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा ने स्थानीय गेस्ट हाउस में आयोजित ब्राह्मण..

Ravindra Singh
Report Ravindra SinghPublished By Deepak Raj
Published on: 29 Aug 2021 3:33 PM GMT (Updated on: 29 Aug 2021 3:36 PM GMT)
BSP leader and rajyasabha MP satish chandra mishra addressing the public meeting
X

बसपा सांसद सतीश चंद्र मिश्र

Hamirpur News: ब्राह्मण समाज को बसपा में लाने के प्रयासों में जुटे बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा ने स्थानीय गेस्ट हाउस में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन में भाजपा सरकार को ना सिर्फ ब्राह्मण विरोधी, बल्कि आतंक का पर्याय की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए अयोध्या से ब्राह्मण सम्मेलन की शुरुआत हुई। उन्होंने सपा की भी जमकर बखिया उधेड़ी और कांग्रेस को भी नहीं बख्शा। दोपहर बाद यहां पहुंचे सतीश मिश्रा के काफिले में पूर्वमंत्री नकुल दुबे भी मौजूद थे।


बसपा सांसद सतीश चंद्र मिश्र का स्वागत करते स्थानीय नेता


मंच में पार्टी से विधान सभा चुनाव लड़ चुके संजय दीक्षित, ब्राह्मण सम्मेलन के आयोजक राममिलन द्विवेदी, नीरज अवस्थी, शिरोमणि त्रिपाठी, अशोक त्रिपाठी, अनूप तिवारी, रामफूल निषाद, निशात नबी, बहाउद्दीन बजाज और कई वरिष्ठ बसपा नेता मौजूद रहे। सम्मेलन का संचालन पूर्वमंत्री नकुल दुबे ने किया। उन्होंने सम्मेलन की भूमिका बांधते हुए ब्राह्मणों को ललकारा और कहा कि तुम्हारे साथ मौजूदा सत्ता के इशारे पर जगह-जगह अत्याचार हो रहा है, एकता की आवश्यकता है। मिश्रा ने अपने भाषण की शुरुआत करते ही मौजूदा सत्ताधारी पार्टी को आतंकवाद व दहशत की पार्टी बताते हुए कहा की भाजपा का मुखौटा हटाकर सामने लाने का समय आ गया है।

50 से ज्यादा बेगुनाह लोग जेल में हैं- मिश्रा

महोबा जिले के क्रेशर व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत की भी चर्चा की। उन्होंने ब्राह्मणों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की नीति रोको और ठोको है। 50 से ज्यादा ब्राह्मण लोग अभी भी बेगुनाह जेलों में सड़ रहे हैं। उन्होंने सपा को भी आड़े हाथों लेते हुए बलात्कारी आतंकी व दहशतगर्दी की सरकार बताया और कहा कि भाजपा और सपा दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने ब्राह्मण समाज को याद दिलाते हुए कहा कि आप लोग प्रदेश में 16 प्रतिशत की आबादी में है, यदि आप लोग दलित समाज को एकत्र करते हैं तो 40 प्रतिशत के करीब पहुंचकर सत्ता हासिल कर सकते हैं।


सभा को संबोधित करते बसपा सांसद


राष्ट्रीय महासचिव ने 'हाथी नहीं गणेश है, ब्रह्मा विष्णु महेश है,' नारे की भी याद दिलाई। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उस वक्त 62 विधायक ब्राह्मण समाज से रहे हैं और सर्वाधिक कैबिनेट मंत्री बने। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मंदिर बनाना तो दूर की बात है अभी तक मंदिर की नींव भी नहीं पड़ी है। इसी तरह उन्होंने अयोध्या के साथ बनारस में भी विकास ना होने की बात कही और लोगों से हाथ उठवाकर अपना समर्थन कराया।

ब्राह्मणों की संख्या न के बराबर, सवाल पर कन्नी काटी

सभा के बाद पत्रकारों ने सतीश मिश्रा से सवाल किया कि ब्राह्मण समाज सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों की संख्या ना के बराबर थी, जिस पर उन्होंने कहा कि यह भाजपा प्रायोजित प्रचार है। ब्राह्मणों की संख्या बहुत थी और उनकी पार्टी में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज जुड़ रहा है।

Deepak Raj

Deepak Raj

Next Story