×

Hamirpur News: सीएम योगी ने बाढ़ प्रभावित गांवों में नोडल अधिकारी की तैनाती के दिए निर्देश

बाढ़ प्रभावित गांवों में एक-एक नाव की व्यवस्था की जाए, जिससे लोगों को कठिनाई न हो।

Ravindra Singh
Published on: 10 Aug 2021 1:31 PM GMT
yogi adityanath hamirpur
X

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद लोगों को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Hamirpur News: बाढ़ से प्रभावित सभी राजस्व गांवों में नोडल अधिकारी की तैनाती की जाए जो लगातार बाढ़ की स्थिति तथा राहत सामाग्री वितरण पर निगरानी रखें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपरोक्त निर्देश जनपद हमीरपुर के बाढ़ ग्रस्त गांवों का हवाई सर्वेक्षण करने के उपरान्त बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दिये। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित गांवों में एक-एक नाव की व्यवस्था की जाए जिससे लोगों को कठिनाई न हो। मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित व्यक्तियों को राहत सामाग्री के पैकेट स्वयं वितरित किये तथा बाढ़ से प्रभावित लोगों से बाढ़ राहत व बचाव से सम्बन्धित कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिये कि बाढ़ से प्रभावित व्यक्तियों को राहत सामाग्री तत्काल उपलब्ध करायी जाए तथा जो गांव बाढ़ से प्रभावित हैं वहां पर पुलिस की पेट्रोलिंग करायी जाए, जिससे इन गांवों में चोरी इत्यादि की घटनायें न हो सकें। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि यमुना तथा बेतवा नदियों के बांधों पर सतत् निगरानी रखी जाए तथा हमीरपुर को बाढ़ से बचाने के लिए परियोजना बनायी जाए, जिससे स्थायी समाधान हो सके।


मुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन गांवों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है वहां बाढ का पानी निकल जाने पर यथा शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि पशुओं के लिए चारे व दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही जिन गांवों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित है वहां के लिए पेट्रोमैक्स इत्यादि की व्यवस्था करायी जाए।

मुख्यमंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि बाढ़ से प्रभावित सभी गांवों में बाढ़ का पानी कम हो जाने पर डाक्टरों की टीम सम्बन्धित गांवों का भ्रमण करें तथा बीमार व्यक्तियों को दवायें उपलब्ध करायी जाएं। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों/सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर एन्टी स्नेक इंजेक्शन तथा दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिये कि सभी प्रभावित गांवों में बाढ़ का पानी कम होने पर सेनेटाइजेशन का कार्य प्रभावी रूप से कराया जाए।


सीएम योगी ने निर्देश दिये कि बाढ़ राहत शिविरों में महिलायें भी रह रही हैं इसलिए इन शिविरों में महिला आरक्षियों की भी ड्यूटी लगयी जाए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सिंचाई विभाग तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों से बाढ़ से प्रभावित गांवों में किये जाने वाले कार्यों की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी डाॅ. ज्ञानेश्वर प्रसाद त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को जनपद में बाढ़ की स्थिति तथा बाढ़ राहत कार्यों के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 90 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं तथा 13 गांव अधिक प्रभावित हैं। जनपद में बाढ़ से प्रभावित व्यक्तियों के लिए दो राहत शिविर संचालित किये जा रहे हैं तथा बाढ़ से प्रभावित व्यक्तियों को खाद्यान सामाग्री के पैकेट तथा फूड पैकेट लगातार वितरित किये जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार दीक्षित ने बैठक में बताया कि बाढ़ से जनपद के 5 थाने प्रभावित हैं तथा प्रत्येक बाढ़ से प्रभावित गांवों में पुलिस बल की ड्यूटी लगायी गयी है। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ तथा पीएसी की टीम बाढ़ प्रभावित गांवों में बाढ़ व राहत बचाव के कार्यों में लगातार लगी हुई है।


बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत जयन्ती राजपूत, विधायक सदर युवराज सिंह, विधायक राठ मनीषा अनुरागी, अध्यक्ष नगरपालिका परिषद हमीरपुर कुलदीप निषाद, आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल दिनेश कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक, महानिरीक्षक पुलिस के. सत्यनारायण, अपर जिलाधिकारी विनय प्रकाश श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार यादव, मुख्य विकास अधिकारी कमलेश कुमार वैश्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अशोक कुमार रावत, उप निदेशक सूचना भूपेन्द्र सिंह यादव तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story