×

खुशखबरी: कुंभ के दौरान फ्री में कर सकेंगे यात्रा, यूपी के हर डिपो से प्रयाग के लिए चलेंगी बसें

Shivakant Shukla
Published on: 12 Sep 2018 4:49 AM GMT
खुशखबरी: कुंभ के दौरान फ्री में कर सकेंगे यात्रा, यूपी के हर डिपो से प्रयाग के लिए चलेंगी बसें
X

इलाहाबाद: आगामी कुंभ 2019 (महापर्व) के दौरान इलाहाबाद आने वाले यात्रियों व श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा फैसला किया है। परिवहन निगम इलाहाबाद शहर में 500 सिटी बसें चलाएगा। खास बात यह कि इन बसों में बिल्कुल मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

प्रदेश के हर डिपो से भी कुंभ के लिए विशेष बसों का संचालन किया जाएगा: परिवहन राज्यमंत्री

मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्रदेव सिंह ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए निगम ने नई बसें खरीदने की तैयारी भी शुरू कर दी है। प्रदेश के हर डिपो से भी कुंभ के लिए विशेष बसों का संचालन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि परिवहन सेवा में सुधार के लिए कई तरह के प्रयास हो रहे हैं। यात्रियों को बेहतर व सुगम सुविधा मुहैया कराने पर फोकस किया गया है। इसी कड़ी में कुंभ पर इलाहाबाद में होने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शहर के हर कोने से नई बसों के संचालन का फैसला किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य डिपो से भी बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए हर महीने 100-150 बसें खरीदी जाएंगी। इसकी पहली खेप आ भी गई है।

यूपी व हिमाचल प्रदेश के बीच जल्द बस संचालन शुरू

परिवहन मंत्री ने कहा, वैसे तो 2022 तक प्रदेश के सभी गांवों को परिवहन सेवा से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है लेकिन कोशिश है कि इसे 2020 तक ही पूरा कर लिया जाए। उन्होंने बताया कि यूपी व हिमाचल प्रदेश के बीच बस संचालन शुरू करने का फैसला किया गया है। इसके लिए दोनों राज्यों के बीच जल्द ही एमओयू होगा।

नवंबर में शुरू होगा पिंक बसों का संचालन, चालक व कंडक्टर भी होंगी महिलाएं

परिवहन मंत्री ने बताया कि निर्भया योजना के तहत प्रदेश में नवंबर से पिंक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। महिलाओं के लिए विशेष तौर पर चलाई जाने वाली इन बसों में सीसीटीवी की व्यवस्था रहेगी। इसमें खास बात यह रहेगी कि इन बसों में चालक व कंडक्टर भी महिलाएं ही होंगी।

प्रदेश में चलेंगी 750 सीएनजी बसें

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए परिवहन निगम ने प्रदेश में 750 सीएनजी बसें चलाने का भी फैसला किया है। सबसे अधिक बसें दिल्ली, मेरठ और मुरादाबाद तक चलेंगी। पहले चरण में 250 सीएनजी बस खरीदने के लिए टेंडर हो चुके हैं। इसी तरह कानपुर, लखनऊ और नोएडा में इलेक्ट्रिक बसों का भी संचालन शुरू होगा।

Shivakant Shukla

Shivakant Shukla

Next Story