×

Taj Mahal की सुरक्षा में सेंध: दो बैरियर पार कर रेड जोन में पहुंची कार, मचा हड़कंप

Agra News: आगरा में ताजमहल की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आयी है। बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक कार सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे निकल गई।

Rahul Singh
Published on: 2 Nov 2022 1:08 PM GMT
a car reached red zone breaking the security of the taj mahal agra
X

ताजमहल (Social Media)

Agra News : उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के आगरा में ताजमहल की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आयी है। बुधवार (02 नवंबर 2022) को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक कार सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे निकल गई। सुरक्षा कर्मियों ने कार को रोकने के प्रयास किये, लेकिन ड्राइवर ने अनदेखी कर कार को आगे बढ़ा दिया। किसी बड़ी साजिश का संदेह होने पर सुरक्षा कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए।

क्या है मामला?

आगरा में बुधवार को उस वक़्त अफरातफरी का माहौल रहा, जब ताजमहल शिल्पग्राम रोड पर गाजियाबाद नंबर की एक कार सुरक्षा घेरे को तोड़ती हुई आगे बढ़ गई। मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने कार चालक को आवाज लगायी। मगर, कार बढ़ती चली गई। कार के शीशे चढ़े होने के कारण ड्राइवर को कुछ सुनाई नहीं दिया। धीरे-धीरे कार ग्रीन और येलो जोन के सुरक्षा घेरे को पार कर गई। कार रेड जोन तक पहुंच गई। रेड जोन के करीब कार को देखते ही सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। उक्त कार का नंबर UP 14 एफ ई 4804 था।


नहीं थी नियमों की जानकारी

आनन-फानन में सुरक्षाकर्मियों ने कार का पीछा किया। रेड जोन में कार को रोक लिया गया। सुरक्षाकर्मियों ने कार सवार से पूछताछ की। पता चला कि, कार में सवार लोग ताजमहल देखने आगरा आए थे। उन्हें नियमों की जानकारी नहीं थी। बैरियर से आगे नहीं जाना है, उन्हें पता नहीं था। कार चला रहे शख्स ने बताया उन्हें चेतावनी भी नहीं सुनायी दी। इस वजह से वो आगे बढ़ते चले गए। पूछताछ से संतुष्ट होने के बाद पुलिस ने कार का चालान कर दिया। साथ ही, कार सवारों से माफ़ीनामा लिखवाया और हिदायत देकर छोड़ दिया।

क्या कहा पुलिस ने?

इस घटनाक्रम पर प्रभारी ताज सुरक्षा रीना चौधरी ने बताया कि, 'मामले की जांच जारी है। पता किया जा रहा है कि सुरक्षा घेरे को पार कर कार प्रतिबंधित क्षेत्र में कैसे पहुंची।' हालांकि, ताज सुरक्षा टीम जांच की बात कह रही है।

ताज की सुरक्षा पर उठने लगे सवाल

मगर, इस लापरवाही ने एक बार ताज की सुरक्षा में बड़ी चूक को उजागर किया। बता दें कि, ताजमहल की सुरक्षा में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती है। बावजूद इसके इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई। ये सोचने की बात है। सवाल ये भी है कि कार आती देख उसे दूर में ही क्यों नहीं रोका गया।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story