Chandauli News : 'बाबा कीनाराम ने सिद्ध कर दिया कि योगी और संत सत्ता का गुलाम नहीं होता', चंदौली में बोले सीएम योगी

Chandauli News : प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को चंदौली पहुंचे, यहां उन्होंने अघोराचार्य बाबा कीनाराम के 425वें जन्मोत्सव पर दर्शन और पूजन किया।

Ashvini Mishra
Published on: 1 Sep 2024 1:13 PM GMT
Chandauli News : बाबा कीनाराम ने सिद्ध कर दिया कि  योगी और संत सत्ता का गुलाम नहीं होता, चंदौली में बोले सीएम योगी
X

Chandauli News : प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को चंदौली पहुंचे, यहां उन्होंने अघोराचार्य बाबा कीनाराम के 425वें जन्मोत्सव पर दर्शन और पूजन किया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा कीनाराम जन्म से ही दिव्य विभूति थे। उन्होंने अपने चमत्कारों से बादशाह शाहजहां को भी घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। इसके साथ उन्होंने सिद्ध कर दिया कि संत और योगी, सत्ता का गुलाम नहीं होता है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बाबा कीनाराम जन्म से ही दिव्य विभूति थे। साधना के माध्यम से उन्होंने सिद्धि प्राप्त करने के बाद उसका उपयोग राष्ट्र व समाज के लोककल्याण में लगाया। उच्च कुलीन वर्ग में जन्म लेने के वावजूद उन्होंने दलितों व वनवासियों को अपना शिष्य बनाया और समाज में सम्मान दिलाया। उन्होंने अपने चमत्कारों से बादशाह शाहजहां को भी घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। उन्होंने सिद्ध कर दिया कि संत और योगी, सत्ता का गुलाम नहीं होता है। उन्होंने चंदौली में मेडिकल कॉलेज के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि उसका नामकरण पूज्य बाबा के नाम पर ही किया गया है, जिससे लोककल्याण व आरोग्य का निदान होगा। उन्होंने अघोरपीठ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उस समय बाबा कीनाराम ने जो समाज सुधार के लिए काम किया, उसको अच्छे से चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री व सांसद चंदौली डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, राज्यसभा सांसद व भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शना सिंह व राज्यसभा सांसद साधना सिंह, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल, चकिया विधायक कैलाश आचार्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा, जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे, पुलिस अधीक्षक आदित्य लाँगहे, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह सहित अन्य भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

300 साल पुरानी परंपरा निभाने के लिए रामगढ़ में रविवार को तड़के से ही आस्थावानों का बाबा के दर्शन पूजन के लिए हुजूम उमड़ पड़ा है। माना जाता है कि भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष चतुर्दशी के दिन बाबा का जन्म हुआ था, इसलिए इसे अघोर चतुर्दशी भी कहा जाता है। तीन दिवसीय जन्मोत्सव कार्यक्रम में लाखों श्रद्धालु शिरकत कर बाबा का आशीर्वाद लेंगे। देश विदेश से एक लाख से ज्यादा आस्थावानों की भीड़ के आने के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

रविवार सुबह से कांवड़ियों ने पश्चिम वाहिनी गंगा तट बलुआ से जल लेकर किनेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इसके उपरांत विधि विधान से बाबा की आरती की। ततपश्चात महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत का गान किया। जन्मोत्सव कार्यक्रम में कलाकारों ने रामायण पाठ और कीर्तन-भजन का भी आयोजन किया है। इसके साथ ही संगोष्ठी में प्रख्यात विद्वतजनों द्वारा बाबा कीनाराम के कार्यों और उपदेशों पर व्याख्यान दिया जाएगा। लोगों की भीड़ की वजह से कार्यक्रम स्थल मेले तब्दील हो गया है। जन्मस्थली के पास बाबा कीनाराम इंटर काॅलेज के सामने खेल मैदान और नवरत्न वाटिका में झूले, चरखी, बच्चो के मनोरंजन के साधन के अलावा तरह-तरह की दुकानें लग गई हैं।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story