×

Chandauli News: केशव प्रसाद मौर्य बोले- 1 जून को लोग कहेंगे एक थी भ्रष्टाचार वाली कांग्रेस....

Chandauli News: कांग्रेस की बैठक पर उपमुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि गांधी परिवार हार का ठीकरा मल्लिकार्जुन खड़गे पर फोड़ने के लिए रणनीति बना रही है। यूपी में राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी हार रहे हैं।

Ashwani
Report Ashwani
Published on: 28 May 2024 2:33 PM GMT
Chandauli News
X

Chandauli News (Pic:Newstrack)

Chandauli News: चंदौली के सैयदराजा के नेशनल इंटर कॉलेज में भाजपा प्रत्याशी डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय के पक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसभा में सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि अखिलेश यादव हार का चौका लगाने जा रहे है। हार का चौका देखने से उनका मानसिक संतुलन खराब हो गया है, जिससे अनाप-शनाप बयान दे रहे है। 2024 में अखिलेश यादव की बद से बदतर स्थिति हो गई है। आने वाले 1 जून को लोग कहेंगे एक थी भ्रष्टाचार वाली कांग्रेस, गुंडे वाली सपा एवं टिकट बेचने वाली बसपा पार्टी।

कांग्रेस की बैठक पर उपमुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि गांधी परिवार हार का ठीकरा मल्लिकार्जुन खड़गे पर फोड़ने के लिए रणनीति बना रही है। यूपी में राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी हार रहे हैं। बीजेपी यूपी की 80 की 80 सीटे जीतने जा रही है। उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर ओबीसी आरक्षण पर डाका डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्नाटक में ओबीसी के आरक्षण को काट कर धर्म के आधार पर आरक्षण दिया है।

टीएमसी ने घुसपैठियों को ओबीसी का प्रमाण पत्र दिया है उस पर भी राहुल गांधी मौन है। 4 जून के बाद राहुल गांधी नानी के घर और अखिलेश यादव अपने घर जाएंगे। यूपी में सपा, बसपा और कांग्रेस का खाता नहीं खुलेगा। कांग्रेस संसद में सबसे बुरे अंक के साथ प्रवेश करेगी। सपा बसपा का संसद में एंट्री नहीं होगी। बाबा साहब के संविधान के अनुसार धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा। सरकार बनने पर दिए गए आरक्षण को समाप्त किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में आरक्षण में मुस्लिम जातियों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में लगातार आरक्षण का मुद्दा गूंज रहा है, सरकार धर्म के आधार पर मिलने वाले आरक्षण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। मोदी ने कहा कि मैं पिछड़ों के आरक्षण में डाका डालने वाले को छोडूंगा नहीं।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में जिस गाड़ी में सपा का झंडा, उसमें समझो बैठा गुंडा। विपक्षी पीएम मोदी को कुर्सी से हटाने के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014, 2017, 2019, 2022 में हराया और इनके अहंकार को चकनाचूर किया। इनको 4 जून को पांचवीं बार भी हरा कर साइकिल को पंचर करके सपा को समाप्तवादी पार्टी बनाना है। विपक्ष का कोई नेता पीएम मोदी के बराबरी नहीं कर सकता। आपके वोट की ताकत से अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बन गया। यूपी में गुंडा राज खत्म हो गया और अब कानून का राज स्थापित हो गया है।

उन्होंने कहा कि विरोधी दुष्प्रचार करते हैं कि मोदी 400 जीत जाएंगे तो संविधान खतरे में होगा। उनको खतरा लोकतंत्र और संविधान से नहीं, बल्कि सपा, बसपा और कांग्रेस की राजनीति को है। पूरे देश का गरीब नौजवान और पिछड़ा वर्ग प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है। दुनिया की कोई ताकत नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि सपा की सभा में अराजकता हो रही है। चंदौली में सपा के लोक सभा में अराजकता तोड़फोड़ व गुंडागर्दी का नजारा पेश किया है। जब सत्ता में आयेंगे तो क्या हाल होगा ?

उन्होंने कहा कि तीसरे कार्यकाल में 3 करोड़ प्रधानमंत्री आवास बनाये जायेंगे। 400 पार पर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भी हिंदुस्तान का तिरंगा फहराया जायेगा। उन्होंने कहा कि अब देश ईंट का जवाब पत्थर से और आतंकवाद का जवाब सर्जिकल स्ट्राइक व एयर स्ट्राइक से देता है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सभी 80 सीटों पर सपा बसपा के प्रत्याशियों की जमानत जब्त होगी। उप मुख्यमंत्री के संबोधन से पूर्व भाजपा प्रत्याशी डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने लोगों को संबोधित करते हुए अगले कार्यकाल में होने वाले विकास कार्यों का खाका खिंचा। उन्होंने कहा कि सैयदराजा के नौबतपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में 50 बेड के अस्पताल का निर्माण किया जायेगा। सभा को राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह व साधना सिंह, विधायक सैयदराजा सुशील सिंह, विधायक मुगलसराय रमेश जायसवाल, लोकसभा प्रभारी ओमकार केशरी, चंदौली प्रभारी अनामिका चौधरी व जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने भी आये लोगों को संबोधित किया। सभा में बड़ी संख्या में आये पार्टी कार्यकर्ता के साथ ही आम लोग मौजूद रहे।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story