TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

Chandauli News: पीएम मोदी ने रूस यूक्रेन युद्ध रुकवा कर भारतीयों को निकाला: राजनाथ सिंह

Chandauli News: चंदौली में राजनाथ सिंह ने महेंद्र नाथ पांडे के लिए वोट मांगा। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

Ashvini Mishra
Published on: 30 May 2024 1:31 PM GMT (Updated on: 31 May 2024 10:13 AM GMT)
Chandauli News
X

चंदौली में राजनाथ सिंह। (Pic: Newstrack)

Chandauli News: चंदौली संसदीय क्षेत्र के सैयदराजा विधान सभा के धानापुर स्थित अमर शहीद इंटर कॉलेज के मैदान में चंदौली के लाल भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपनी ठेठ भाषा में लोगों से भाजपा की जीत दिलाने की अपील करते हुए योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि भारत का इस समय विश्व में डंका बज रहा है। इसका जीता जागता प्रमाण ढाई साल से चल रहे रूस यूक्रेन के युद्ध के दौरान फसे भारतीय छात्रों को निकाल कर लाया गया।

विश्व सुनता है भारत की बात

आपको बता दें की चंदौली के धानापुर के अमर वीर इंटर कॉलेज में भाजपा प्रत्याशी डॉ महेंद्र नाथ पांडेय के पक्ष में आयोजित जनसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले भारत का प्रतिनिधि अंतरराष्ट्रीय मंच पर बोलता था तो विदेश में ध्यान नहीं दिया जाता था। अब उसकी बात कान खोलकर सुनी जाती है। अर्थव्यवस्था के मामले में देश 11 वें स्थान से 5 वें स्थान पर पहुंच गया है। दुनिया अब कहने लगी है कि भारत विश्व की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था वाला देश है। कोरोना का संकट से पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई, लेकिन प्रधानमंत्री की सूझबूझ से यहां उतना फर्क नहीं पड़ा।

तानाशाही पर कांग्रेस को घेरा

इंदिरा गांधी के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय लोकतंत्र का गला घोट दिया गया था। ऐसे लोग तानाशाही लाने का आरोप लगाते हैं और कहते हैं कि लोकतंत्र खत्म कर देंगे। ओबीसी के आरक्षण को संवैधानिक अधिकार देने का काम हमारी सरकार ने किया है। ये धर्म के आधार पर आरक्षण देने की बात कर रहे हैं। ये केवल परिवार को जनार्दन मानते हैं। हम लोग देश 140 करोड़ की जनता को जनार्दन मानते हैं। उन्होंने योगी राज में गुंडाराज खत्म करने की सराहना की और कहा कि आज यूपी में अमन चैन है।

महिला आरक्षण पर की बात

उन्होंने मुफ्त राशन, 70 साल से ऊपर के लोगों को आयुष्मान योजना से कवर करने का जिक्र करते हुए बताया कि पीएम सूर्य घर अब लोगों अपने उपयोग के लिए मुफ्त बिजली मिलने के साथ ही उसे अधिक होने पर बेच भी सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की देन है कि देश में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण, मिशन चंद्रयान ,आदित्य मिशन, मंगल मिशन, दुनिया में सबसे ज्यादा 46 प्रतिशत डिजिटल ट्रांजेक्शन हो रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पीओके भारत का है और आगे रहेगा। पीओके को लेने के लिए युध्द नहीं करना पड़ेगा, बल्कि वहाँ के लोग खुद भारत में शामिल होंगे।

इंडी एलाइंस बोलती है झूठ

भाजपा जनता के विश्वास के आधार पर राजनीति करती है। भारत का नाम पूरी दुनिया में ऊंचा रहे इसलिए आपका वोट मांगने आया हूं। उन्होंने विपक्षी इंडिया गठबंधन निशान साधते हुए कहा कि इंडी एलाइंस को देश तोड़ने वाला और झूठ बोलने वाला बताया। कहा कि केवल सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि देश बनाने के लिए आपका समर्थन मांगने आया हूँ। इंडी गठबंधन का मतलब इंडिया तोड़ो गठबंधन है। इंडिया गठबंधन के लोग अपने परिवार को चुनाव लड़ा रहे हैं।

रूस और यूक्रेन बीच युद्ध का किया जिक्र

उन्होंने कहा कि लगभग दो वर्षों से रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा है। यूक्रेन में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले भारत के 22 हजार बच्चों की सुरक्षा की चिंता उनके स्वजन को होने लगी तो पीएम मोदी ने दोनों देशों के राष्ट्रपति से बातचीत की। साढ़े चार घंटे युद्ध रोक दिया गया और तिरंगा लगी गाड़ियों से सभी को सुरक्षित एयरपोर्ट लाया गया और हवाई जहाज से स्वदेश पहुंच गए। देश को यह ताकत मोदी ही दिला सकते हैं। भाजपा कभी भी हिंदू-मुस्लिम की बात नहीं करती, विपक्ष के नेता इस तरह की गलतफहमी पैदा करते हैं। हम सभी वर्ग के लोगों की बात करते हैं, उनके हितों की चिंता करते हैं।

विकास कार्यों के बारे में बताया

रक्षा मंत्री के संबोधन में पूर्व भाजपा प्रत्याशी डॉ महेंद्र नाथ पांडेय अपने संबोधन में संसदीय क्षेत्र में हुये विकास कार्यों की श्रृंखला के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने चंदौली को देश की 5 विकसित ग्रामीण लोकसभा के रूप विकसित करने के लिए एक मौका और देने की अपील की। सभा को राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह व साधना सिंह, विधायक सैयदराजा सुशील सिंह, विधायक मुगलसराय रमेश जायसवाल, अजगरा विधायक टी राम, विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह, लोकसभा प्रभारी ओमकार केशरी, चंदौली प्रभारी अनामिका चौधरी व जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने भी आये लोगों को संबोधित किया। सभा में बड़ी संख्या में आये पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता के साथ ही आम लोग मौजूद रहे।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story