×

UP Politics: 'अखिलेश यादव हताशा में बोल रहे अनाप-शनाप', क्लस्टर प्रभारी के साथ बैठक में बोले मंत्री गिरीश यादव

Lok Sabha Elections 2024: गिरीश यादव ने आगे कहा, 'आगामी लोकसभा चुनाव में जनता उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों को भाजपा की झोली में डालने जा रही है। उन्होंने लोकसभा चुनाव जीतने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी जी जान लगाने की अपील की।

Shashwat Mishra
Published on: 29 Jan 2024 3:08 PM GMT
Lok Sabha Elections 2024, Chandauli News
X

खेल युवा कल्याण मंत्री गिरीश यादव बैठक में (Social Media) 

Chandauli News: चंदौली जिले के जिला मुख्यालय स्थित बीजेपी कार्यालय पर सोमवार (29 जनवरी) को गहमागहमी रही। लोकसभा के क्लस्टर प्रभारी व उत्तर प्रदेश सरकार के खेल युवा कल्याण मंत्री गिरीश यादव (Girish Yadav) ने यहां पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।

खेल युवा कल्याण मंत्री गिरीश यादव ने मीडिया के साथ बातचीत में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर चुटकी ली। दरअसल, बिहार के हालिया घटनाक्रम पर अखिलेश ने बीजेपी को विश्वासघाती कहा था। इसी पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा, 'अखिलेश यादव खुद विश्वासघाती हैं। ओमप्रकाश राजभर के साथ, बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती जी के साथ भी वो विश्वासघात कर चुके हैं'।

'अखिलेश हताश हैं, जनता उन्हें नकार चुकी'

योगी सरकार के मंत्री गिरीश यादव ने कहा, 'अखिलेश यादव को जनता नकार चुकी है। इसी वजह से वो हताश और निराश हैं। आए दिन अनाप-शनाप बयान देते रहते हैं। जब चुनाव हारते हैं तो ईवीएम को दोष देते हैं। कभी बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करते हैं। जबकि, नगर पालिका, नगर पंचायत और मेयर का बैलेट पेपर से ही चुनाव कराया गया तो उसमें भी भाजपा ने भारी जीत हासिल की।'

आंकड़ों की जुबानी, हार की कहानी

मंत्री ने आगे कहा, 'साल 2014 में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते हुए लोकसभा का चुनाव हुए थे। भाजपा ने यूपी में 73 सीटें हासिल की थी। वर्ष 2017 में वो मुख्यमंत्री थे, बावजूद विधानसभा चुनाव में भाजपा 325 सीट जीत गई। इसी तरह, 2019 के लोकसभा चुनाव में बुआ-बबुआ गठबंधन के बावजूद बीजेपी ने 64 सीट हासिल की। बाद में दो सीट रामपुर और आजमगढ़ भी बीजेपी उनसे छीन ली। उन्होंने कहा, 2022 के विधानसभा चुनाव में चाचा के साथ आ जाने के बाद भी भाजपा ने दो तिहाई बहुमत से जीत हासिल की।'

'सभी 80 सीटें जीतेगी बीजेपी'

गिरीश यादव ने आगे कहा, 'आगामी लोकसभा चुनाव में जनता उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों को भाजपा की झोली में डालने जा रही है। उन्होंने लोकसभा चुनाव जीतने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी जी जान लगाने की अपील की। साथ ही, अभी से जुटने का आह्वान किया, ताकि चुनाव में जीत हासिल हो सके।'

पार्टी का कील-काटा दूर करने के लिए बैठक

योगी सरकार में मंत्री गिरीश यादव ने ये भी बताया कि, 'पार्टी का कील-काटा दूर करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की जा रही है। बैठक में विधायक, पूर्व जिला अध्यक्ष, पार्टी के पूर्व प्रत्याशी, संगठन के पदाधिकारी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की जा रही है। हमारी पार्टी के कार्यकर्ता हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहते हैं। एक बूथ पर हमारे कम से कम 30 कार्यकर्ता मुस्तैदी के साथ निरंतर खड़े हैं।'

बैठक में ये रहे मौजूद

इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह, सदर राजा विधायक सुशील सिंह, मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, राणा सिंह, सर्वेश कुशवाहा, सकलडीहा विधानसभा के वर्तमान प्रत्याशी सूर्यमणि तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story