TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: विदाई से फरार हुई दुल्हन, प्रेमी के साथ पहुंच गई थाने, फिर जो हुआ...
Chitrakoot News: अपनी शादी से फरार हुई दुल्हन ने गुरुवार को पुलिस स्टेशन पहुंकर अपने प्रेमी के साथ शादी रचा ली।
शादी (सांकेतिक फोटो साभार- सोशल मीडिया)
Chitrakoot News: मामला उत्तर प्रदेश के चित्रकूट (Chitrakoot) से सामने आया है, जहां पर 30 मई को एक दुल्हन अपनी विदाई के दिन मौके से फरार हो गई, जिससे शादी समारोह में हड़कंप मच गया। बाद में पता चला कि लड़की का किसी और लड़के संग प्रेम संबंध थे, ऐसे में वो अपनी विदाई वाले दिन अपने प्रेमी के साथ भाग गई।
गुरुवार को प्रेमी और प्रेमिका एक साथ थाने पहुंचकर वहीं पर शादी (Marriage in Police Station) के बंधन में बंध गए। इस दौरान पुलिस और दोनों के परिजन भी उपस्थित रहे। पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में युवक ने अपनी प्रेमिका के मांग में सिंदूर भरा और दोनों शादी के बंधन में बंध गए। अब इस शादी की पूरे गांव में चर्चा हो रही है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, मऊ थाना क्षेत्र के मवई खुर्द गांव में शत्रुघ्न नाम के शख्स ने अपनी बेटी रानी की शादी सुरौंधा गांव के अजय नाम के लड़के के साथ तय की थी। 29 मई को लड़के वाले बारात लेकर गांव पहुंचे। रात में शादी की सारी रस्में होने के बाद सुबह जब विदाई का समय आया तो लड़की वॉशरूम जाने के बहाने अपने प्रेमी छुट्टन पटेल के साथ फरार हो गई।
बहुत देर तक जब दुल्हन नहीं आई तो सभी लोग उसे ढूंढने लगे। जब लड़की का कुछ पता नहीं चला तो वर और वधू पक्ष के लोगों में हड़कंप मच गया। बात बिगड़ती देख लड़की के परिजनों ने दुल्हन की छोटी बहन की शादी अजय से कराने का प्रस्ताव रख दिया। लेकिन लड़की के नाबालिक होने के चलते लड़के के परिजनों ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और बिना दुल्हन के ही बारात वापस लौट आई।
पुलिस स्टेशन पहुंच दोनों ने रचा ली शादी
इसके बाद दूल्हे के पिता ने इस मामले में मऊ थाने में लड़की के पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज करा उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके बाद से ही पुलिस प्रेमी जोड़े को ढूंढने में लगी हुई थी। इस बीच प्रेमी जोड़ा खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपने परिजनों व पुलिस की मौजूदगी में दोनों ने एक दूसरे को माला पहनाकर शादी रचा ली। पुलिस स्टेशन में हुई शादी की पूरे गांव में चर्चा है।
दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।