×

Chitrakoot: शर्मनाक स्थिति, मंत्री के निरीक्षण दौरान युवती ने दम तोड़ा, जांच के आदेश

Chitrakoot: पर्यटन मंत्री निरीक्षण कर भर्ती मरीजों को फल वितरण कर रहे थे। इस दौरान एक महिला मरीज ने दम तोड़ दिया, जिससे हड़कंप मच गया।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 1 May 2022 4:24 AM GMT (Updated on: 1 May 2022 4:24 AM GMT)
Chitrakoot: मंत्री के निरीक्षण दौरान युवती ने दम तोड़ा, मचा हड़कंप, जांच के आदेश
X

निरीक्षण के लिए पहुंचे मंत्री (फोटो- न्यूजट्रैक)

Chitrakoot News Today: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट के जिला अस्पताल में उस दौरान हड़कंप की स्थिति बन गई जब पर्यटन मंत्री निरीक्षण कर भर्ती मरीजों को फल वितरण कर रहे थे। इसी दौरान उसी वार्ड में भर्ती बीमार युवती ने दम तोड़ दिया। पर्यटन मंत्री को जानकारी मिली तो उन्होंने जिम्मेदारों को नाराजगी जाहिर करते हुए जमकर फटकार लगाई। डीएम को आदेश दिए कि इस मामले की मजिस्ट्रेटियल जांच कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

शिवरामपुर चौकी क्षेत्र (Shivrampur Thana Chetra) के पंडरी निवासी चंद्रभवन की 25 वर्षीया पत्नी मैकी कई दिनों से बीमार चल रही थी। उसकी मां चुनकी निवासी चरदहा ने शुक्रवार को उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। मां के मुताबिक, ससुरालीजन बेटी का इलाज नहीं करवा रहे थे। शनिवार को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह (Jaivir Singh) जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे। वह जिस वार्ड का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों को फल बांट रहे थे, उसी में मैकी भर्ती थी। बताते हैं कि इसी दौरान ही मैकी ने दम तोड़ दिया।

मौजूद जिला पंचायत सदस्य मीरा भारती ने पर्यटन मंत्री को अवगत कराते हुए अस्पताल की अव्यवस्थाओं को गिनाया। आरोप लगाया कि अस्पताल की व्यवस्थाएं बदहाल है। डिलीवरी से लेकर हर वसूली की जाती है। डाक्टर समय से अस्पताल नहीं आते। सीएमएस डा. राजेश खरे का कहना है कि सुबह डाक्टरों ने मैकी का इलाज किया है। निरीक्षण के समय वह लोग वार्ड में मौजूद थे। अचानक मैकी को उल्टी हुई और उसने दम तोड़ दिया। उसकी मां शायद समझ नहीं पाई और उनको कोई जानकारी नहीं दी।

वहीं, डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल का कहना है कि महिला का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। हालत काफी नाजुक थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसी समय पर्यटन मंत्री अस्पताल में निरीक्षण कर रहे थे। मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कहा कि स्वास्थ्य विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जिले के किसी चिकित्सक व फार्मासिस्ट आदि को अनावश्यक अवकाश नहीं दिए जाएंगे। ड्यूटी के प्रति लापरवाही करने वाले के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।

(फोटो- न्यूजट्रैक)

मंत्री बोले, सीएमएस व्यवस्थाएं सुधारें वरना होगी कार्रवाई

पर्यटन मंत्री ने जिला अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड, जनरल वार्ड, पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों, एसएनसीयू वार्ड आदि का निरीक्षण किया। सीएमएस को सख्त निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार लाएं, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि सरकार अच्छी सुविधाएं दे रही है। फिर भी लापरवाही की जा रही है। सीएमओ को निर्देश दिए कि जब तक सीएमएस की नियुक्ति मूल रूप में नहीं होती, तब तक वह जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को देखें। किसी भी मरीज को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए।

अधिकारी-कर्मचारी तैनाती स्थल में रहकर कार्य करें

पर्यटन मंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद आरके सिंह पटेल, मानिकपुर विधायक अविनाशचंद्र द्विवेदी, अध्यक्ष जिला पंचायत अशोक जाटव, भाजपा प्रदेश मंत्री जिला प्रभारी देवेश कोरी व जिलाध्यक्ष चंदप्रकाश खरे की उपस्थिति में अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा किया। कहा कि गरीबों के लिए जो लोक कल्याण संकल्प पत्र लागू किया गया है, उसमें अंतिम छोर के पात्र व्यक्ति को लाभ मिले, इसी मंशा के वह लोग कार्य करें। कोई भी बिचौलिया बीच में आडे न आए। नकारात्मक सोच को बदलें और सकारात्मक रवैया अपनाकर जनपद का विकास कराएं।

डीएम व एसपी से कहा कि कानून का राज हो, कोई भी दबंग अगर किसी गरीब को परेशान करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। जनसमस्याओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। जनपद स्तर से लेकर ब्लॉक, तहसील, ग्राम स्तर तक के अधिकारी-कर्मचारी तैनाती स्थल पर ही रहकर कार्य करें। अगर इसमें लापरवाही करेगा तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी। कहा कि जब गांव के सचिवालय में अधिकारी कर्मचारी बैठेंगे तो समस्याओं का निस्तारण हो जाएगा।

सीएमओ से कहा कि जिला अस्पताल में व्यवस्था ठीक नहीं है, उसमें सुधार कराएं। खोह में 200 बेड़ के अस्पताल के संचालन के लिए पद सृजन के संबंध में डीएम के माध्यम से पत्र भेजा जाए। जो स्वास्थ्यकर्मी बहुत दिनों से एक ही जगह पर तैनात है, उन्हें तत्काल हटाया जाए।

लगातार कई वर्ष से जमे अधिकारी कर रहे मनमानी

चित्रकूट। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। जिसमें महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दिव्या त्रिपाठी ने गौशाला संचालन में आ रही दिक्कतों से अवगत कराया। पिछले सात माह से गौशालाएं संचालन हो रही है। जिसमें संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण का भुगतान सिर्फ दो माह का हुआ है। इससे गौशाला संचालन में परेशानियां आ रही है।

वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव तिवारी, रामसागर चतुर्वेदी समेत कई पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में पिछले कई वर्ष से लगातार कुछ विभागों में अधिकारी जमे हुए है। जिनकी कार्यशैली अब जनहित में नहीं है। जिले में पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य आदि की समस्याएं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने पर वह समस्या निस्तारण करने के बजाय हाथ खड़े कर रहे है। जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने कहा कि धर्मनगरी चित्रकूट पर्यटन स्थल के साथ ही आस्था का प्रमुख केन्द्र है। यहां पर पर्यटन की असीम संभावनाएं है।

मलिन बस्ती में चौपाल लगा सुनी समस्याएं

मुख्यालय की मलिन बस्ती लक्ष्मणपुरी मोहल्ले में देर शाम पर्यटन मंत्री ने चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। राशन, पेंशन, आवास आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद मोहल्ले में बनी सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। बच्चों से स्कूल जाने के संबंध में जानकारी ली। मोहल्ले के मोहित, सुमन, मोनिका, लाली आदि बच्चों से शिक्षा की गुणवत्ता को परखा। स्कूलों में होने वाली पढ़ाई के संदर्भ में भी जानकारी ली। इसके बाद बस्ती में ही एक सहभोज कार्यक्रम में शामिल हुए।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story