Chitrakoot BJP Candidate: R K Patel को पार्टी ने सियासी जंग में दोबारा उतारा

Chitrakoot BJP Candidate: भाजपा हाईकमान ने शनिवार को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए काफी सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए है। इसमें सांसद आर के पटेल का नाम भी शामिल है।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 2 March 2024 3:23 PM GMT
चित्रकूट से भाजपा उम्मीदवार।
X

चित्रकूट से भाजपा उम्मीदवार। (Pic: Newstrack)

Chitrakoot News: भाजपा हाईकमान ने शनिवार को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए काफी सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए है। बुंदेलखंड की चारो सीटों पर भाजपा ने मौजूदा सांसदों पर ही दांव लगाया है। इसके साथ ही बांदा-चित्रकूट सीट से मौजूदा सांसद आरके सिंह पटेल पार्टी के टिकट पर सियासी जंग में कूद पड़े है। देखा जाए तो वह पार्टी हाईकमान के भरोसे पर खरे उतरे है। वहीं दूसरी ओर टिकट की लाइन में लगे अन्य दिग्गजों को चारो खाने चित्त होना पड़ा है।


समर्थकों में जश्न का माहौल

टिकट की घोषणा होने के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ ही सांसद समर्थकों में जश्न का माहौल छा गया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सभी ने खुशी जताई। वहीं सांसद ने दोबारा मैदान में उतारे जाने की जानकारी मिलते ही सबसे पहले भगवान कामदनाथ दरबार पहुंचे और विधि-विधान से पूजन कर दर्शन किया। सांसद आरके सिंह पटेल ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत बसपा से की थी। वह पहली बार 1996 में बसपा से कर्वी विधानसभा से विधायक चुने गए थे और तत्कालीन सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। वह बांदा-चित्रकूट संसदीय क्षेत्र में राजनीतिक दिग्गजों में गिने जाते है। अब तक वह तीन बार विधायक व दो बार सांसद रहे है। वर्ष 2009 में वह सपा से इसी बांदा-चित्रकूट संसदीस सीट से सांसद चुने गए थे। लेकिन दोबारा 2014 में वह हार गए। उस दौरान भाजपा से भैरो प्रसाद मिश्र सांसद चुने गए थे। सांसद आरके सिंह पटेल ने वर्ष 2017 में सपा छोंडकर भाजपा का दामन थामा और मानिकपुर सीट से विधायक चुने गए। पार्टी हाईकमान ने उनको 2019 में तत्कालीन सांसद भैरो प्रसाद मिश्र का टिकट काटकर आरके सिंह पटेल पर दांव लगाया। पार्टी का यह दांव सफल रहा और आरके पटेल सांसद बने। इस बार टिकट की लाइन में बांदा व चित्रकूट जनपद से करीब एक दर्जन कद्दावर लगे रहे। इनमें कई मौजूदा व पूर्व जनप्रतिनिधि भी शामिल है। लेकिन इन सभी को मात देकर सांसद आरके सिंह पटेल पार्टी हाईकमान के भरोसे पर खरा उतरने में कामयाब रहे। फलस्वरूप उन पर भाजपा हाईकमान ने लगातार दूसरी बार दांव लगाया है। शनिवार की शाम हाईकमान से जारी सूची में उनका नाम आते ही समर्थक खुशी से झूम उठे। उनके बल्दाऊगंज स्थित आवास पर समर्थकों का जमावड़ा लग गया।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story