TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: "विपक्ष भ्रष्टाचारियों का जमघट": भाजपा नेता प्रकाश पाल
Chitrakoot News: बुंदेलखंड कानपुर के क्षेत्रीय भाजपा अध्यक्ष प्रकाश पाल ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहली बार कोई पार्टी शराब के चक्कर में बर्बाद हो रही है।
Chitrakoot News: बुंदेलखंड कानपुर के क्षेत्रीय भाजपा अध्यक्ष प्रकाश पाल ने गुरुवार को सीतापुर स्थित यूपीटी में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भ्रष्टाचारियों ने जनता को गुमराह करना शुरु कर दिया है। दिल्ली में भ्रष्टाचारी बचाओ मुहिम के तहत ही हाल ही में यह एकत्र हुए थे। कांग्रेस परिवार से लेकर आरजेडी और सपा अध्यक्ष भी भ्रष्टाचार में फंसे हुए है। आरोप लगाया कि यह भ्रष्टाचारी लूटना अपना हक मान रहे है।
विपक्ष को कहा भ्रष्टाचारियों का जमघट
पहली बार शराब के चक्कर में एक पार्टी को बर्बाद होता देखने को मिल रहा है। दिल्ली के सीएम देश विरोधी शक्तियों के साथ मिले हुए है। नौ बार सम्मन जारी होने के बाद भी कोर्ट का सम्मान नहीं किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नहीं चाहते कि देश का कोई व्यक्ति बदहाली का जीवन जिए। वह देश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भ्रष्टाचारियों का जमघट लगा हुआ है। इनकी नीति, नियत और सिद्धांत सही नहीं है। कांग्रेस समापन की ओर है और सपा से लोग खफा हो गए हैं। ईवीएम के सवाल पर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी दलों की अगर कहीं सरकार बन जाती है तो वहां पर ईवीएम ठीक है। यह अपने कार्यों को नहीं देखते, जहां हार जाते हैं वहां पर ईवीएम को दोषी ठहराने लगते है। विपक्षियों को जनता ने नकार दिया है, जिसे यह स्वीकार नहीं करना चाह रहे हैं। इस दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जिला प्रभारी अनिल यादव, सांसद आरके सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष चित्रकूट लवकुश चतुर्वेदी, बांदा संजय सिंह, पालिकाध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता, प्रभारी बृजकिशोर गुप्ता, सह संयोजक शिवशंकर सिंह, सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
पार्टी कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
भारतीय जनता पार्टी के कवि व मानिकपुर दोनों विधानसभाओं के बूथ से लेकर मंडल तक के पदाधिकारी के साथ कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बैठक ली। बैठक में कहा कि आज संपूर्ण भ्रष्टाचारी विरोध में खड़ा है। एक दूसरे की हिमायती करते दिख रहा है। अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार आंदोलन में दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने जिस जिस पार्टी व भ्रष्टाचारियों का नाम लिया आज उन्हीं के साथ गलबहियां डालकर भ्रष्टाचार में डूबे दिल्ली के मुख्यमंत्री तरह-तरह के राग अलाप रहे हैं। भाजपा की करनी व कथनी में अंतर नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शोषित समाज को प्रथम पंक्ति में लाने के लिए रात दिन मेहनत कर रहे हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के लिए कम करे। राम मंदिर निर्माण से लेकर हिंदुत्व के लिए कई एहम फैसले लेने वाले नरेंद्र मोदी को इस बार 400 से ज्यादा सीटों पर जीत कर देश की सबसे बड़ी पंचायत में भेजना है तो एक-एक कार्यकर्ता को मेहनत व लगन के साथ पार्टी के प्रति समर्पित रहना होगा।