Chitrakoot News: भाजपा के विजय उत्सव में नदारद रहे चर्चित चेहरे, गुटबाजी की चर्चाओं का बाजार गर्म

Chitrakoot News : प्रदेश के चित्रकूट के मुख्यालय कर्वी के धनुष चौराहे पर शनिवार को भाजपा की ओर से आयोजित विजय उत्सव कार्यक्रम में पार्टी के कई नामचीन चेहरे नदारद रहे। खुद जिलाध्यक्ष की गैर मौजूदगी भी चर्चाओं का विषय बनी रही।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 8 Jun 2024 2:54 PM GMT (Updated on: 8 Jun 2024 3:24 PM GMT)
Chitrakoot News: भाजपा के विजय उत्सव में नदारद रहे चर्चित चेहरे, गुटबाजी की चर्चाओं का बाजार गर्म
X

Chitrakoot News : प्रदेश के चित्रकूट के मुख्यालय कर्वी के धनुष चौराहे पर शनिवार को भाजपा की ओर से आयोजित विजय उत्सव कार्यक्रम में पार्टी के कई नामचीन चेहरे नदारद रहे। खुद जिलाध्यक्ष की गैर मौजूदगी भी चर्चाओं का विषय बनी रही। केन्द्र में एनडीए की बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनने की खुशी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथ लेने से एक दिन पहले भाजपा ने यह कार्यक्रम आयोजित किया है।

विजय उत्सव कार्यक्रम के साथ ही भाजपा में गुटबाजी की चर्चाओं ने जोर पकड़ा है। चुनाव हारने के बाद पार्टी प्रत्याशी निवर्तमान सांसद आरके सिंह पटेल ने अपनी हार का ठीकरा बूथ, शक्ति केन्द्र से लेकर पार्टी पदाधिकारियों व बड़े नेताओं पर फोड़ा था। इसके साथ ही गुटबाजी जैसी चर्चाओं का दौर शुरु हो गया था। शनिवार को हुए विजय उत्सव कार्यक्रम में कई प्रमुख चर्चित चेहरे नजर नहीं आए, जो कि लगभग हर कार्यक्रम में मंचासीन होते नजर आते रहे हैं। खुद जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी की मौजूदगी न होना चर्चा का विषय बनी है। हालांकि जिलाध्यक्ष ने सोशल मीडिया के जरिए अवगत कराया कि यह कार्यक्रम एक दिन पहले पार्टी कार्यालय में मनाया जा चुका है।

पीएम की अगुवाई में विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था बना भारत

जिलाध्यक्ष ने कहा कि वह प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रण पर जा रहे हैं। इधर विजय उत्सव कार्यक्रम के दौरान पूर्व राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का संकल्प लिया है। गरीब, किसान, युवा महिला सभी वर्ग दस साल में लाभान्वित हुए हैं, यह मोदी की गारंटी है। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय ने कहा कि मोदी की अगुवाई में भारत विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था बना है।


वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद पटेल ने कहा कि जनता के सपनों को भाजपा की डबल इंजन सरकारें पूरा कर रही हैं। बांदा-चित्रकूट में पार्टी की हार पर कहा कि सीट हारने का सवाल नहीं है, नेताओं को मोदी, योगी बनना पड़ेगा। केवल कहने से काम नहीं चलेगा। एक दिन पहले विजय उत्सव कार्यक्रम कहां हुआ और कितने लोग उसमें शामिल हुए, इसकी कोई बात नहीं है। बल्कि यहां पर कार्यक्रम में संगठन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी सभी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशी पूर्व सांसद कुछ भी कह सकते हैं, उनकी जुबान है। पार्टी को तीन लाख 35 हजार से अधिक वोट मिले हैं, यह कार्यकर्ताओं की मेहनत की देन है।

वृहद स्तर पर विजय उत्सव मनाया गया

महामंत्री अश्विनी अवस्थी व आलोक पांडेय ने कहा कि एक दिन पहले होने वाले कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं मिली है। सभी जगह मनाया गया, लेकिन यहां पर कार्यक्रम नहीं हुआ। इसीलिए वृहद रुप से विजय उत्सव मनाने की तैयारी की गई। बाद में सोशल मीडिया के जरिए पता चला कि एक दिन पहले कुछ लोगों ने मनाया है। जबकि यह कार्यक्रम बंद कमरे के बजाय वृहद रुप से मनाया जाना चाहिए था। इनके अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश खरे, विपुल सिंह, विकास मिश्रा युवा मोर्च ने भी अपने विचार रखे।

इस दौरान मोहित मिश्रा, प्रमेन्द्र प्रताप सिंह, आनंद त्रिपाठी बब्बू, महेन्द्र कोटार्य, राजेश जायसवाल, रामसागर चतुर्वेदी, बद्री प्रसाद त्रिपाठी, श्रवण पटेल, अरविन्द रलिहा, आशीष पांडेय, गौरव करवरिया, आदित्य सुखेन्द्र मधुर, किशन अग्रहरि, सुशील द्विवेदी, बब्लू तिवारी, द्रोणाचार्य द्विवेदी, राघव अग्रवाल, मनोज तिवारी, रमाकांत पांडेय, बांकेबिहारी चौबे, राधिका बिहारी मिश्र, आदित्य त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story