Chitrakoot News: युवक की हत्या कर शव नहर में फेंका, बंधोइन नहर में शव बरामद, मचा हडकंप

Chitrakoot News: कर्वी कोतवाली क्षेत्र के बंधोइन माइनर में छिपनी बाहर खेड़ा के पास घास में युवक का शव सोमवार की सुबह पुलिस ने बरामद किया है। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 18 Sep 2023 4:25 PM GMT
Young man murdered and threw his body in the canal, dead body recovered in Bandhoin canal, created panic
X

 बंधोइन नहर में युवक का शव बरामद : Photo-Newstrack

Chitrakoot News: कर्वी कोतवाली क्षेत्र के बंधोइन माइनर में छिपनी बाहर खेड़ा के पास घास में युवक का शव सोमवार की सुबह पुलिस ने बरामद किया है। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है। जिसमें कीड़े भी पड़ गए है। युवक दो दिन पहले घर से गायब हुआ था। कई घंटे बाद शव की शिनाख्त होने के बाद परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। प्रथम दृष्ट्या माना जा रहा है कि युवक की हत्या करने के बाद शव माइनर में फेंका गया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।

छिपनी बाहरखेडा के पास बंधोइन माइनर में घास-झाडियों के बीच पड़े शव की बदबू आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराया। दोपहर में शव की शिनाख्त हो पाई। मृतक शहर से सटे कपसेटी निवासी जयकरन का 22 वर्षीय रामबरन निकला। शिनाख्त के बाद मृतक की मां सुनीता देवी ने पुलिस को तहरीर दी।

बताया कि उसका बेटा रामबरन शनिवार को घर से अज्ञात कारणों के चलते कुछ नाराजगी के बाद निकला था। कुछ दूर बाद वह अज्ञात बाइक सवार के साथ चला गया। दो दिन से उसकी ससुराल, ननिहाल आदि रिश्तेदारों समेत करीबियों के यहां जानकारी जुटाई गई, लेकिन कहीं नहीं पता चला। मां ने बताया कि बेटे का फोन बंद होने के कारण वह लोग परेशान थे। पुलिस को भी बेटे के गायब होने की जानकारी दी गई थी। सोमवार को रामबरन का शव बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली में परिजनों व करीबियों की भीड़ जुटी रही। प्रभारी निरीक्षक अजीत पांडेय ने बताया कि मां की तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव दो दिन पहले का प्रतीत हो रहा है। मौत का स्पष्ट कारण सामने न आने पर बिसरा रिजर्व किया गया है। घटना की जांच हर पहलू से की जा रही है।


पिता का इकलौता संतान था रामबरन

मृतक रामबरन अपने पिता का इकलौता पुत्र था। उसके दो बहनें भी है। वह दूसरे नंबर का था। इसी वर्ष 29 मई को रामबरन की शादी पिंकी निवासी रजौला के साथ हुई थी। रामबरन हलवाई के साथ ही मजदूरी का काम करता था। इकलौते बेटे की मौत पर मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीओ की अगुवाई में गठित की गई टीम

पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज करने के साथ ही छानबीन में जुट गई है। एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि सीओ सिटी हर्ष पांडेय की अगुवाई में कोतवाली कर्वी, एडी टीम व सर्बिलांस सेल को लगाया गया है। मृतक के फोन का सीडीआर निकाला जा रहा है। जिसमें संदिग्ध नंबरों को ट्रेस किया जाएगा। इसके साथ ही मृतक का फोन कब और कहां बंद हुआ, उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। हर पहलू से पुलिस छानबीन में जुटी है। मृतक के परिजन, ससुराल व ननिहाल पक्ष के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story