×

Chitrakoot News: दीपों से जगमगाई धर्मनगरी, जय श्रीराम के साथ निकली भव्य शोभा यात्रा

Chitrakoot News: दोपहर 12 बजते ही भगवान श्रीराम का प्रकटोत्सव होने के दौरान मंदिरो में शंखनाद, घंटो व घडियालों की आवाज गूंजने लगी। इसके बाद भगवान रामलला का पूजन करके भए प्रगट कृपाला की प्रस्तुति की गई।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 17 April 2024 3:33 PM GMT
Chitrakoot News
X

Chitrakoot News (Pic:Newstrack)

Chitrakoot News: भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट धर्मनगरी में रामनवमी का पर्व बुधवार को बडे ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मठ मंदिरो को आकर्षक तरीके से सजाया गया। पूरे धर्मनगरी में जयश्रीराम के भगवा झंडे लहराए गए। शाम को रामघाट से लेकर तीर्थक्षेत्र के सभी आश्रमों, मठ-मंदिरों में दीप जगमगाए। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर श्रीराम का जयघोष लगाया।

दोपहर 12 बजते ही भगवान श्रीराम का प्रकटोत्सव होने के दौरान मंदिरो में शंखनाद, घंटो व घडियालों की आवाज गूंजने लगी। इसके बाद भगवान रामलला का पूजन करके भए प्रगट कृपाला की प्रस्तुति की गई। भगवान का पूजन अर्चन करके बधाई गीतों की प्रस्तुति हुई। पूरे धर्मनगरी समेत जिला मुख्यालय, मानिकपुर, मऊ व पहाडी में शोभायाा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व मां जानकी की अदभुत झांकियां शामिल रही। शोभायात्रा प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी। ऐसे में जगह-जगह भगवान की झांकी का पूजन करके लोगों ने आरती करते हुए प्रसाद वितरण किया। शोभायात्रा में हांथी घोडा भी शामिल रहे। डीजे की धुन में लगातार भगवान श्रीराम के भजन गूंजते रहे। देर रात शोभायात्रा प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी। जगह-जगह भगवान की शोभायात्रा पर लोगों ने पुष्प वर्षा किया।


मठ मंदिरो में पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठान व यज्ञ के कार्यक्रम होते रहे। जहां पर लोगों ने परिवार समेत पूर्णाहुति में हवन किया। इसके अलावा रामचरित मानस के पाठ भी जगह-जगह कराए गए। कामदनाथ मंदिर में भी पूजन-अर्चन को भक्तों की भीड़़ ज़ुटी रही। लोगों ने रामनवमी पर कामदनाथ स्वामी की परिक्रमा भी लगाई। दोपहर में भगवान का प्रकटोत्सव होने के बाद जगह-जगह भंडारे के आयोजन किए गए। रामनवमी के उल्लास में शाम को 11 लाख दीए जलाए गए। शाम से जब दीए जलाने का क्रम धीरे-धीरे शुरू हुआ। कामदनाथ परिक्रमा समेत रामघाट में दीए जलाए गए। भगवान के जन्म की खुशी में लोगों ने बढ चढकर दीपदान किया। एक साथ 11 लाख दिए जलने के दौरान पूरी धर्मनगरी रोशनी से जगमगा उठी। ऐसे मे रामनवमी पर दीवाली जैसा नजारा दिखाई देने लगा।


सुरक्षा को लेकर रहे चाक-चौबंद इंतजाम, खुफियातंत्र रहा सक्रिय

धर्मनगरी समेत मुख्यालय के प्रमुख चौराहों के अलावा जगह-जगह पुलिस की टीमें तैनात रही। शोभायात्रा निकलने वालें मार्गो से वाहनों का आवागमन रोककर डायवर्जन किया गया। देर रात तक शोभायात्रा निकलने के दौरान पूरे समय तक पुलिस बल मुस्तैद रहा। वहीं पुलिस अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर पुलिस कर्मियों को निर्देश देते रहे। डाग स्क्वाएड व एलआईयू की संयुक्त टीम ने रामघाट पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम को कोई भी संदिग्ध वस्तु व व्यक्ति नहीं मिला। इसके बावजूद टीमें लगातार एहतियात बरत रही है।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story