×

Mahashivratri 2024: महाशिवरात्रि में धर्मनगरी के प्रमुख शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़

Mahashivratri 2024: शिवालयों में दोपहर बाद तक भक्तों की जलाभिषेक के लिए लाइन लगी रही। प्रमुख मंदिरों में इस कदर भीड़ रही कि संभालना मुश्किल हो रहा था। हर जगह पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर लाइन लगवाई।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 8 March 2024 2:03 PM GMT
Chitrakoot News
X

Chitrakoot News (Pic:Newstrack)

Chitrakoot News: महाशिवरात्रि में भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट ओम नम: शिवाय और हर-हर महादेव, बम-बम भोले की जयकारों से गूंज उठी। शिवालयों में दोपहर बाद तक भक्तों की जलाभिषेक के लिए लाइन लगी रही। प्रमुख मंदिरों में इस कदर भीड़ रही कि संभालना मुश्किल हो रहा था। हर जगह पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर लाइन लगवाई। रामघाट में मंदाकिनी स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने महाराजाधिराज मत्यगजेंद्रनाथ का जलाभिषेक किया। यहां पर सुबह तीन बजे से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। हालांकि सुबह पांच बजे तक भीड़ कम रही। लेकिन इसके बाद उमड़ी भीड़ को संभालना मुश्किल हो रहा था।

जलाभिषेक के लिए शिव भक्तों की लगी रही भीड़

धर्मनगरी में महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए दूर-दूर से भक्तों का आगमन होता है। इसको देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही इंतजाम कर लिए थे। रामघाट की तरफ वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया था। सीओ सिटी हर्ष पांडेय खुद भीड़ को नियंत्रित कर लाइन से श्रद्धालुओं को जलाभिषेक के लिए आगे बढ़वाते रहे। मंदिर प्रबंधन ने भी अपने स्तर से कार्यकर्ताओं को लगाया था। जलाभिषेक के बाद श्रद्धालु भगवान कामदनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और फिर परिक्रमा लगाई। इसी तरह ऐतिहासिक दुर्ग मडफा में स्थापित पंचमुखी शिव मंदिर में भी जलाभिषेक के लिए शिव भक्तों की भीड़ रही।

चर गांव में ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर में स्थापित शिवलिंग में जलाभिषेक के लिए भक्तों का भोर से ही तांता लगा रहा। यहां आसपास के गांवों के अलावा दूर-दूर से शिव भक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचते है। प्रशासन ने महिला व पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगवाने का इंतजाम पहले से ही कर लिया था। यहां पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी व राजापुर सीओ निष्ठा उपाध्याय पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने भूतभावन भगवान शंकर के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया।

सुरक्षा को लेकर सतर्क रहा प्रशासन, हुई छानबीन

जिला प्रशासन महाशिवरात्रि में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहा। खुफियातंत्र की टीमें भी सक्रिय रही। धर्मनगरी में एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में प्रभारी एलआईयू निरीक्षक सूर्यकांत अरुण राय के नेतृत्व में डॉग स्क्वॉयड व एलआईयू की संयुक्त टीम ने महाशिवरात्रि पर्व व रामायण मेला महोत्सव पर रामघाट, रामायण मेला, रैन बसेरा आदि स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story