PM Modi in Chitrakoot: चित्रकूट पहुंचे पीएम मोदी, रघुवीर मंदिर में की पूजा-अर्चना, सीएम शिवराज भी मौजूद

PM Modi in Chitrakoot: सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत अन्य भाजपा नेताओं ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इसके बाद वहां से चित्रकूट के लिए रवाना हुए।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 27 Oct 2023 10:19 AM GMT (Updated on: 27 Oct 2023 12:39 PM GMT)
PM Modi in Chitrakoot
X

PM Modi in Chitrakoot  (photo: social media )

PM Modi in Chitrakoot: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी शनिवार 27 अक्टूबर को चुनावी राज्य मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। वे आज दोपहर खजुराहो पहुंचे, जहां सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत अन्य भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वहां से चित्रकूट के लिए रवाना हुए। यहां उन्होंने प्रसिद्ध रघुवीर मंदिर में पूजा-अर्चना की।

रघुवीर मंदिर में पूजा करने के बाद पीएम मोदी जानकीकुंड अस्पताल परिसर स्थित संस्थापक अरविंद भाई माफतलाल की समाधि पर पहुंचे और श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, आज जानकीकुंड चिकित्सालय के नए विंग का लोकार्पण हुआ है, इससे लाखों मरीजों को नया जीवन मिलेगा। आने वाले समय में सद्गुरू मेडिसिटी में गरीबों की सेवा के इस अनुष्ठान को नया विस्तार मिलेगा।आज इस अवसर पर अरविंद भाई मफतलाल की स्मृति में भारत सरकार ने विशेष स्टैंप भी रिलीज किया है। ये पल अपने आप में हम सबके लिए गौरव का पल है, संतोष का पल है। मैं आप सबको इसके लिए बधाई देता हूं।

पीएम मोदी ने चित्रकूट के महत्व का जिक्र करते हुए कहा, चित्रकूट के बारे में कहा गया है- 'कामद भे गिरि राम प्रसादा। अवलोकत अपहरत विषादा' अर्थात चित्रकूट के पर्वत, कामदगिरि, भगवान राम के आशीर्वाद से सारे कष्टों और परेशानियों को हरने वाले हैं। चित्रकूट की ये महिमा यहां के संतों और ऋषियों के माध्यम से ही अक्षुण्ण बनी हुई है। पूज्य रणछोड़दास जी ऐसे ही संत थे। उनके निष्काम कर्मयोग ने मुझे हमेशा प्रेरित किया है।



इसे भी पढ़ें: PM Narendra Modi Visit: 27 अक्टूबर को पीएम मोदी का होगा आगमन, सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल करेंगे लोकार्पण

सीएम शिवराज ने भी किया संबोधित

एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य की बेहतर व्यवस्था की जा रही है। कोरोना काल के दौरान भी पीएम मोदी पूरी दुनिया के सामने एक मिसाल पेश की है। मुख्यमंत्री ने सदगुरु सेवा संघ के कार्यों की भी सराहना की।

सदगुरु सेवा संघ सेवा ट्रस्ट की प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री अपने 10 मिनट के संक्षिप्त संबोधन के बाद तुलसीपीठ कांच मंदिर के लिए रवाना हो गए। यहां उन्होंने सदगुरु सेवा संघ सेवा ट्रस्ट की प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। पीएम मोदी ने जगदगुरु रामभद्राचार्य का आर्शीवाद लेकर उनकी तीन किताबों का विमोचन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री चित्रकूट से हेलीकॉप्टर के जरिए खजुराहो एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। जहां से विशेष विमान से वह दिल्ली के लिए निकल गए।


कांग्रेस के गढ में खिल पाएगा कमल

सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है। प्रदेश में बीजेपी भले ही 20 वर्षों से सत्ता में हो लेकिन यहां पर अधिकांश समय कांग्रेस के कैंडिडेट ही चुनाव जीतते आए हैं। बीते दो विधानसभा चुनावों 2018 और 2013 में कांग्रेस के उम्मीदवारों पर यहां की जनता ने भरोसा जताया था। नीलांशु चतुर्वेदी वर्तमान में यहां से विधायक हैं। कांग्रेस ने इसबार भी उनपर दांव खेला है। बीजेपी ने यहां से पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार को उम्मीदवार बनाया है। गहरवार 2008 में यहां से बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीते थे। ऐसे में पीएम मोदी की रैली कांग्रेस के इस मजबूत गढ़ में कमजोर बीजेपी को कितना फायदा दिला पाती है, ये चुनाव नतीजे ही बताएंगे।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story