×

Chitrakoot: होली में उपद्रव करने वालों पर सख्त रहेगी पुलिस, हर CHC में एंबुलेंस के साथ मुस्तैद होगी मेडिकल किट

Chitrakoot: जिलाधिकारी ने अपील किया कि आगामी आने वाले पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाए। होली, ईद व अन्य त्योहारों में जो जिला प्रशासन की तरफ से व्यवस्थाएं रहती है, वह तत्पर रहेंगी।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 5 March 2025 4:39 PM IST
chitrakoot news
X

chitrakoot news

Chitrakoot News: आगामी होली और रमजान को देखते हुए बुधवार को पीस कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम शिवशरणप्पा जीएन व पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई। जिसमें आगामी होली एवं ईद का त्योहार सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए मौजूद लोगों से सुझाव के साथ ही महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी धर्मगुरुओं से अपील किया कि आगामी आने वाले पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाए। होली, ईद व अन्य त्योहारों में जो जिला प्रशासन की तरफ से व्यवस्थाएं रहती है, वह तत्पर रहेंगी। उन्होंने अधिशासी अधिकारी कर्वी को निर्देशित किया कि साफ सफाई एवं जल संस्थान पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था जिला पंचायत राज अधिकारी सुनिश्चित कराएं।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था से संबंधित एंबुलेंस व मेडिकल किट हर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुस्तैद रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही पुलिस व्यवस्था भी सभी जगह उपलब्ध रहेगी। अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि जहां पर तार लटक रहा है, उसे सही कराएं। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों व पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां पर होलिका दहन कार्य संपन्न किया जाएगा, स्थलीय निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। इसमें सभी लोग सहयोगात्मक भावना से कार्य करें।

कहा कि किसी भी भ्रामक खबरों की तरफ ध्यान न दें। जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों को होली व रमजान की बधाई देते हुए कहा कि आने वाले होली व ईद को आपस में समन्वय बनाकर एक दूसरे के पर्व में शामिल होकर हर्षोल्लास के साथ सभी लोग पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए, यह सभी लोगों का दायित्व बनता है।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने सभी धर्म गुरुओं से अपील करते हुए कहा कि सभी को इसी आबो हवा में रहना है। सभी लोग समन्वय बनाकर हर्ष उल्लास के साथ पर्व को मनाएं। कहा कि जो समस्याएं बताई गई है, उसको संज्ञान में लाकर निस्तारण किया जाएगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व उमेशचंद्र निगम, अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी मऊ यामीन अहमद, क्षेत्राधिकारी राजापुर जय करन सिंह सहित अन्य अधिकारी, धर्मगुरु व ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story