×

सीएम योगी ने दिलाया प्‍लास्टिक प्रतिबंध का संकल्‍प, पौधारोपण कर दिया संदेश

sudhanshu
Published on: 15 Aug 2018 12:42 PM GMT
सीएम योगी ने दिलाया प्‍लास्टिक प्रतिबंध का संकल्‍प, पौधारोपण कर दिया संदेश
X

गोरखपुर: मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने बुधवार को पौधरोपण कर आज से प्‍लास्टिक, थर्माकोल के गिलास और कप-प्‍लेट प्रतिबंधित करने का ऐलान किया। उन्‍होंने कहा कि पर्यावरण और सृष्टि की रक्षा के लिए सभी प्रदेशवासी प्‍लास्टिक और थर्माकोल से बनी अन्‍य वस्‍तुओं को इस्‍तेमाल न करें। आज से इस प्‍लास्टिक के साथ थर्माकोल से बनी वस्‍तुओं कप भी प्रतिबंध प्रभावी है। हम सभी को मिलकर सृष्टि की रक्षा के लिए संकल्पित होना होगा।

जिले में रोपित हुए 9 लाख पौधे

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यना‍थ को आज मध्‍याह्न 12 बजे कुसम्‍ही जंगल स्थित विनोद वन में पौधरोपण कार्यक्रम में सहभागिता करनी थी। वे यहां पर पौने दो घंटे की देरी से 1.45 बजे पहुंचे। यहां पर उन्‍होंने हरिशंकरी (पंचवटी) वृक्ष पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधे लगाए। उसके पास 2000 पौधे और रोपित किये गए। गोरखपुर में आज विभिन्न विभागों और संस्थाओं की ओर से 9 लाख पौधे रोपित किये जा रहे हैं। इसके साथ ही सीएम योगी ने गरीबों को आवास का प्रमाणपत्र प्रदान किया। योगी आदित्यनाथ ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमें सृष्टि को बचाना है तो प्‍लास्टिक मुक्‍त वातावरण देना होगा।

पर्यावरण की रक्षा ही मूलमंत्र

सीएम योगी ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा हम सभी लोगों के जीवन का मंत्र बने इसलिए हमें प्‍लास्टिक, थर्माकोल के कप-प्‍लेट, गिलास का प्रयोग बंद करना होगा। तभी सृष्टि के बचाने का संकल्‍प पूरा हो सकेगा। प्रदेश सरकार ने पर्यावरण की सुरक्षा के लिए आज से वृहद अभियान शुरू किया है। उन्‍होंने कहा कि आज से प्‍लास्टिक, थर्माकोल के कप, प्‍लेट, गिलास और अन्‍य वस्‍तुओं को प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्‍होंने कहा कि आज 9 करोड़ पौधों को रोपने के संकल्‍प को पूरा किया गया है। अभी तक 5 करोड़ से अधिक वृक्षारोपण प्रदेश के अंदर हो चुके हैं। ये सायंकाल तक चलेगा। 9 करोड़ का लक्ष्‍य निर्धारित किया गया है।

अब तक रोपित हुए 5 करोड़ पौधे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश का 72 वां स्वाधीनता दिवस है। आज ही के दिन गुलामी की बेड़ियों को तोड़कर स्वतंत्र हुआ था। हमारा देश कैसा हो इसकी जिम्मेदारी हम सबकी है। आज हमलोगों ने प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और जनता ने पौधे रोपित किये हैं। अभी तक 5 करोड़ पौधे रोपित किये जा चुके हैं। मैं सभी को बधाई देता हूं। देश की स्वाधीनता का ये दिवस अविस्मरणीय बने इसलिए 2-2 पौधे लगाए और सेल्फी लें। हर जिले में हम ऐसे लोगों और प्रदेश में 50 लोगों को सम्मानित करेंगे।

आज मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने पर्यावरण की संरक्षा के लिए 9 करोड़ पौधों को रोपित कर एक रिकार्ड भी बनाया। वहीं प्‍लास्टिक के साथ थर्माकोल से बनी वस्‍तुओं पर प्रतिबंध आज से प्रभावी करके लोगों को पर्यावरण के संरक्षण के इस अभियान में शामिल होने का आह्वान भी किया।

sudhanshu

sudhanshu

Next Story