×

UP में नौकरी की बौछार: 100 दिनों में 10 हजार नौकरियां, सीएम योगी का बड़ा ऐलान

CM Yogi Announcement: देर रात बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर अधिकारियों से कहा कि सभी सेवा चयन बोर्ड 100 दिनों का लक्ष्य तय करते हुए 10,000 से अधिक प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान करने की कार्यवाही की जाए।

Shreedhar Agnihotri
Written By Shreedhar AgnihotriPublished By Monika
Published on: 1 April 2022 3:18 AM GMT
Yogi Adityanath announcement government job
X

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (तस्वीर साभार : सोशल मीडिया)

CM Yogi Announcement Govt Job: अपनी पिछली पांच साल की सरकार का काम काज पूरा करने के बाद फिर से सत्ता में लौटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( CM Yogi) ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है। देर रात बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर अधिकारियों से कहा कि सभी सेवा चयन बोर्ड 100 दिनों का लक्ष्य तय करते हुए 10,000 से अधिक प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी ( Government Jobs) प्रदान करने की कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि एक सत्र से जुड़ी सभी भर्ती परीक्षाएं उसी सत्र में सम्पन्न हों।

उल्लेखनीय है कि पिछली सरकार में 5 वर्षों में प्रदेश के युवाओं को साढ़े चार लाख सरकारी नौकरियां (government jobs) दी गयी थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को सरकारी नौकरी से जोड़ने एवं उन्हें रोजगार प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार ने विगत 5 वर्षों में प्रदेश के युवाओं को साढ़े चार लाख सरकारी नौकरियों से जोड़ा है। पूर्व की भांति प्रदेश सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत से ही युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान करने के लिए सभी चयन आयोगों एवं बोर्डों को 100 दिवसीय, 6 माह एवं वार्षिक लक्ष्यों को तय करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में आरक्षण के नियमों का पूर्णतः पालन किया जाए। भर्ती के विज्ञापन में आरक्षण के नियमों का स्पष्ट उल्लेख हो। भर्ती प्रक्रिया को शुचितापूर्ण, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं भ्रष्टाचारमुक्त बनाने के लिए परीक्षा एजेंसी के चयन एवं परीक्षा केन्द्रों के चयन में विशेष सावधानी बरती जाए। परीक्षा केन्द्रों को निर्धारित करने में शासकीय विद्यालयों को वरीयता दी जाए। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि कोई भी दागदार छवि वाला केन्द्र, परीक्षा केन्द्र न बने। परीक्षा केन्द्र निर्धारण में अभ्यर्थियों की सहूलियतों का ध्यान रखा जाए। अभ्यर्थियों का वेरीफिकेशन तय समय में पूर्ण किया जाए। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं को पालीवाल समिति की अनुशंसाओं के अनुरूप करने के निर्देश दिए।

भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं को सम्बन्धित संस्थाएं शासन, सम्बन्धित विभाग एवं जिला प्रशासन के साथ संवाद एवं समन्वय बनाते हुए पूर्ण करें। साथ ही, भर्ती प्रक्रिया की अवधि को कम करने के सार्थक प्रयास किए जाएं तथा नियुक्ति प्रक्रिया को सरल एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए। साक्षात्कार पैनल में सदस्यगणों के अलावा अनुभव प्राप्त व्यक्तियों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि मृतक आश्रितों की भर्ती प्रक्रिया को बेहतर एवं संवेदनापूर्ण तरीके से निर्धारित समय में पूरा किया जाए।

बैठक के दौरान उप्र लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष, उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष, उप्र उच्चतर शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष, माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष, उप्र पुलिस सेवा भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष मौजूद थे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story