×

Lucknow: सीएम योगी ने अगले 25 साल के विकास का बताया लक्ष्य, होमगार्ड्स की तिरंगा रैली को किया रवाना

CM Yogi Tricolor rally Lucknow:

Rahul Singh Rajpoot
Published on: 14 Aug 2022 12:32 PM GMT
CM Yogi flagged off the Tricolor rally of Home Guards in Lucknow
X

CM Yogi flagged off the Tricolor rally of Home Guards in Lucknow 

Click the Play button to listen to article

CM Yogi Tricolor Rally Lucknow: आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स संगठन के अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा ब्लॉक, जिला, मण्डल मुख्यालय पर 11 से 13 अगस्त तक अमृत महोत्सव तिरंगा मार्च आयोजित किया गया। जिसका समापन समारोह रविवार को हुआ। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित समापन समारोह में सीएम योगी ने शिरकत किया। इस दौरान उन्होंने हरी झंड़ी दिखाकर होमगार्डस जवानों की तिरंगा रैली को रवाना भी किया।

अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि देश के प्रति भारत के प्रत्येक नागरिक का अपना दायित्व है। हमारा अस्तित्व तथा अस्मिता हमारे देश से है। हम सुरक्षित एवं खुशहाल हैं, क्योंकि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खुशहाली के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर भारत के प्रत्येक व्यक्ति के मन में उत्साह, उमंग है। सदी की सबसे बड़ी महामारी से दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बचाने के लिए किये गये प्रयास अभिनन्दनीय हैं। इसमें सभी का योगदान है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हेल्थ वर्कर्स, प्रशासन, शासन, पुलिस व होमगार्डस के जवान और समाज के अलग-अलग तबके के लोगों द्वारा जो कार्य किया गया, उसने दुनिया में एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कोरोना महामारी की कई लहरों को नियंत्रित कर प्रत्येक व्यक्ति के जीवन व जीविका की गारण्टी के साथ उसे सुरक्षा दी जा रही है। इन स्थितियों में आजादी का यह महोत्सव सभी के लिए उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर भी प्रस्तुत कर रहा है। 11 से 17 अगस्त, 2022 के बीच 'स्वतंत्रता सप्ताह' का आयोजन किया जा रहा है। देश की सबसे बड़ी आबादी का राज्य होने के कारण उत्तर प्रदेश पर ज्यादा जिम्मेदारी है। प्रसन्नता है कि समाज का हर तबका बढ़-चढ़कर इस कार्यक्रम में भागीदार बन रहा है। सरकार के मंत्रीगण, पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी व जवान, होमगार्डस विभाग के प्रत्येक स्तर के कार्मिक स्वतः स्फूर्त भाव के साथ आजादी के इस कार्यक्रम से जुड़े हैं। प्रभातफेरी तथा तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। 13 से 15 अगस्त, 2022 के बीच 'हर घर तिरंगा' अभियान के साथ सभी नागरिक जुड़ रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि आज 14 अगस्त को विभाजन की त्रासदी को स्मरण करते हुए 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के रूप में प्रदेश के सभी 75 जनपदों में सांयकाल 5.30 बजे से 6.30 बजे तक मौन पैदल यात्रा निकाली जाएगी। हम क्रमबद्ध तरीके से देश की आजादी के कार्यक्रमों से जुड़ रहे हैं। सरकारी भवनों को डायनमिक फसाड लाइटिंग से सुसज्जित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने हमारे सामने आगामी 25 वर्षों का अमृत काल निर्धारित किया है जिसमें आगामी 25 वर्षों की हमारी कार्ययोजना क्या होगी, हमें भारत को कहां ले जाना है इसके लिए कार्य करना होगा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्र प्रथम की भावना के अनुरूप हमारे लिए, हमारे व्यक्तिगत, पारिवारिक तथा सामाजिक जीवन से महत्वपूर्ण हमारा देश होगा। यदि इस भाव के साथ सभी को जोड़कर कार्य करें तो, आगामी 25 वर्षों के अमृतकाल की प्रधानमंत्री की कार्ययोजना के अनुरूप हमारा देश भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरेगा। इस संकल्प के साथ सभी भारतवासियों तथा प्रदेशवासियों को जुड़ना होगा।

सीएम योगी ने कहा कि होमगार्डस जवानों को प्रतिदिन मिलने वाले 300 रुपये के भत्ते को बढ़ाकर पुलिस कार्मिकों के समान किया गया है। किसी दुर्घटना का शिकार होने वाले होमगार्ड्स जवानों को राज्य सरकार के स्तर पर 5 लाख रुपये का बीमा कवर उपलब्ध कराया गया है। इस दौरान 800 से अधिक होमगार्डस के आश्रितों को ऐसी सहायता दी जा चुकी है। सरकार ने होमगार्डस जवानों की उपयोगिता को सुनिश्चित किया है, क्योंकि सब जमीन से जुड़े हुए हैं। ट्रैफिक की व्यवस्था, विभिन्न पर्व व त्योहारों के आयोजनों अथवा किसी स्थल की व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है। गृह व होमगार्डस विभाग मिलकर इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। आज होमगार्डस का यह प्रदर्शन इस बात का समर्थन करता है।

Admin 2

Admin 2

Next Story