×

राजनाथ का लखनऊ को तोहफा, कहा- मजबूत हो रही शहरी आधारभूत संरचना

लखनऊ में आज राजनाथ सिंह ने टेढ़ी पुलिया फ्लाईओवर का लोकार्पण और खुर्रम नगर फ्लाईओवर का शिलान्यास किया।

Shreya
Published on: 2 April 2021 10:27 AM GMT
राजनाथ का लखनऊ को तोहफा, कहा- मजबूत हो रही शहरी आधारभूत संरचना
X

राजनाथ का लखनऊ को तोहफा, कहा- मजबूत हो रही शहरी आधारभूत संरचना (फोटो- ट्विटर)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज यानी शुक्रवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टेढ़ी पुलिया फ्लाईओवर का लोकार्पण और खुर्रम नगर फ्लाईओवर का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं को करीब 280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा।

आज सुबह ही रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी लखनऊ पहुंचे थे। राजनाथ सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए ट्वीट में लिखा था कि मेरे संसदीय क्षेत्र लखनऊ में आज एक और फ़्लाइओवर का लोकार्पण किया जाएगा और एक नए फ़्लाइओवर की आधारशिला भी रखी जाएगी। इन फ्लाइओवरों के बन जाने से जनता के लिए आवागमन सुगम होगा।

'नए लखनऊ' के निर्माण का मार्ग होगा प्रशस्त

वहीं, पुलों के लोकार्पण और शिलान्यस पर उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि लखनऊ में शहरी आधारभूत संरचना मज़बूत हो रही है। लखनऊ में आधारभूत ढांचे को लगातार मज़बूत बनाने की दृष्टि से आज केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में एक फ़्लाइओवर का लोकार्पण हुआ तथा दूसरे का शिलान्यास हुआ। इनके बन जाने से 'नए लखनऊ' के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कही ये बात

वहीं, इस मौके पर गडकरी ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश में तीन लाख करोड़ से साढे तीन लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को अमली जामा पहना कर सूबे की तस्वीर बदलना चाहते हैं। लखनऊ से कानपुर के बीच प्रस्तावित एक्सप्रेस हाईवे का निर्माण अगले तीन से चार महीने में शुरू हो जाएगा। जबकि अगले साल यानी 2022 समाप्त होने से पहले वाहन चालक लखनऊ से कानपुर आधे घंटे में आ जा सकेंगे।

अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई ऊचाइयां

दूसरी ओर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे का विकास तेजी से किया जा रहा है। राज्य सरकार एक्सप्रेसवे बना रही है जिससे अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ दिनेश शर्मा, आशुतोष टंडन, कानून मंत्री बृजेश पाठक, सिद्धार्थ नाथ सिंह महेंद्र सिंह समेत पार्टी के कई विधायक एमएलसी और सांसद मौजूद थे।

Shreya

Shreya

Next Story