×

यूपी बढ़ रहा आगेः 1249 करोड़ के काम हुए पूरे, होने हैं एक हजार करोड़ के और काम

यूपी के लोक निर्माण विभाग की 2250 करोड़ रुपए लागत की आठ मार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण आज यहां मुख्यमंत्री आवास में किया।

Newstrack
Published on: 14 July 2020 11:50 AM GMT
यूपी बढ़ रहा आगेः 1249 करोड़ के काम हुए पूरे, होने हैं एक हजार करोड़ के और काम
X

लखनऊ: यूपी के लोक निर्माण विभाग की 2250 करोड़ रुपए लागत की आठ मार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण आज यहां मुख्यमंत्री आवास में किया। इनमें 1,249 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 05 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं लगभग 1,001 करोड़ रुपए लागत की 03 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

ये भी पढ़ें:संपूर्ण लॉकडाउनः यहां इस महीने रहेगा सब बंद, गाइडलाइन हो रही जारी

सरकारी आवास पर कार्यक्रम को संबोधित किया

उत्तर प्रदेश के सीएम ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि बेहतर सड़क विकास का कारक होती हैं और निवेश का आधार बनती है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश की 24 करोड़ जनता को जनभावनाओं के अनुरूप सड़क उपलब्ध कराने का कार्य किया है, वह सराहनीय है। वर्तमान सरकार ने आमजन को गड्ढा मुक्त सड़कें उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में उत्तर प्रदेश की पहचान गड्ढा युक्त सड़क हो गयी थी प्रदेश सरकार ने सुशासन की व्यवस्था स्थापित की है, जिसका परिणाम है कि प्रत्येक जिला व तहसील मुख्यालयों को फोर-लेन से जोड़ा गया है। गांवों में बेहतर कनेक्टीविटी दी जा रही है, जिससे आम व्यक्ति का जीवन सुगम हुआ है।

सीएम ने कहा कि आज पूरा विश्व वैश्विक महामारी कोविड-19 से जूझ रहा है। लेकिन उत्तर प्रदेश इन परिस्थितियों में भी विकास के कार्यों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। वर्तमान सरकार सभी कार्यों को पूरी गुणवत्ता व निर्धारित समय पर पूरा करने का कार्य कर रही है उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून व्यवस्था आदि सभी क्षेत्रों में अच्छे कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज लोकार्पित एवं शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं से आम व्यक्ति का जीवन और सहज होगा।

ज्ञातव्य है कि सुल्तानपुर में हलियापुर-कुड़ेभार मार्ग, जनपद मुजफ्फरनगर/बागपत में मुजफ्फरनगर -बड़ौत मार्ग, जनपद अलीगढ़ में नानऊ-दादऊ मार्ग, जनपद बुलन्दशहर में बुलन्दशहर-अनूपशहर मार्ग तथा जनपद झांसी में हमीरपुर-राठ-गुरसराय-झांसी मार्ग का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही, कासगंज में अलीगंज-सोरो मार्ग, अमरोहा में बदायूं-बिलसी-बिजनौर मार्ग, शाहजहांपुर में गोला-शाहजहांपुर मार्ग का शिलान्यास शामिल है। यह सभी परियोजनाएं एशियन डेवलपमेंट बैंक एवं विश्व बैंक द्वारा सहायतित हैं। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत विश्व बैंक एवं एशियन डेवलपमेण्ट बैंक के वित्त पोषण से कतिपय राजमार्गों एवं प्रमुख जिला मार्गों का सुधार किया जा रहा है। इन परियोजनाओं में कुल लागत की 70 प्रतिशत धनराशि विश्व बैंक एवं एशियाई डेवलपमेंट बैंक से प्राप्त रही है। शेष 30 प्रतिशत धनराशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जा रही है।

विश्व बैंक द्वारा 3,000 करोड़ रुपए ऋण के रूप में उपलब्ध कराए जाएंगे

विश्व बैंक, भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार के मध्य 11 अक्टूबर, 2019 को 400 मिलियन यूएस डॉलर (लगभग 3,000 करोड़ रुपए) के ऋण पर हस्ताक्षर किया गया है, इसमें विश्व बैंक द्वारा 3,000 करोड़ रुपए ऋण के रूप में उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रदेश सरकार द्वारा अपने संसाधनों से 1,275 करोड़ रुपए (170 मिलियन यूएस डॉलर) वहन किया जाएगा विश्व बैंक सहायतित परियोजना के अंतर्गत चार राजमार्ग परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। इसमें से एक राजमार्ग का लोकार्पण किया जा रहा है। तीन अन्य मार्ग वर्ष 2021 में पूर्ण हो जाएंगे। इसके अतिरिक्त 06 अन्य राजमार्गों के डीपीआर के गठन का कार्य प्रगति पर है।

ये भी पढ़ें:पायलट पर चली तलवारः गहलोत ने दिखाये तेवर, तीन मंत्रियों को किया बाहर

यह परियोजना वर्ष 2025 में समाप्त होगी एशियन विकास बैंक, भारत सरकार व प्रदेश सरकार के मध्य 17 जून, 2017 को 300 मिलियन यू.एस. डॉलर (लगभग 2,250 करोड़ रुपए) के ऋण पर हस्ताक्षर हुए इसके तहत एशियाई विकास बैंक द्वारा 300 मिलियन यू०एस० डॉलर ऋण के रूप में उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Newstrack

Newstrack

Next Story