UP News : सीएम योगी बोले - अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला प्रदेश यूपी, पूरा होगा OTDE का संकल्प

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश को एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनाने के संकल्प को लेकर अब तक के परिणामों और भावी नीति पर विमर्श किया।

Network
Newstrack Network
Published on: 18 Oct 2024 12:29 PM GMT
UP News : सीएम योगी बोले - अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला प्रदेश यूपी, पूरा होगा OTDE का संकल्प
X

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश को एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनाने के संकल्प को लेकर अब तक के परिणामों और भावी नीति पर विमर्श किया। सीएम ने कहा कि विगत 07 वर्षों के नियोजित प्रयासों से प्रदेश की अर्थव्यवस्था आज सर्वश्रेष्ठ स्थिति में है।

सीएम योगी ने सेक्टरवार प्रगति की समीक्षा की और कहा कि 2021-22 के 16.45 लाख करोड़ की जीडीपी के सापेक्ष 2023-24 में 25.48 लाख करोड़ से ज्यादा हो गई और इस वर्ष हमारा GSDP लक्ष्य 32 लाख करोड़ है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए नीति और नियोजन ही है, सिर्फ हमें गति तेज करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि हर विभाग की कैपेसिटी बिल्डिंग करने की आवश्यकता और बड़े रिफॉर्म के लिए तैयार रहें। OTDE के लिए हर विभाग में नोडल अधिकारी नामित किया जाए। इसके साथ ही प्रमुख सचिव और विभागीय मंत्री को पाक्षिक और मासिक समीक्षा करनी चाहिए। OTDE लक्ष्य की प्राप्ति में हर विभाग की भूमिका है और अब तक के प्रयास सही दिशा में हैं।

लक्ष्य प्राप्ति के लिए तेज गति जरूरी

सीएम योगी ने आगे कहा कि इन्वेस्टमेंट और भूमि अधिग्रहण से जुड़े प्रकरण में अनावश्यक देरी होनी चाहिए, इसके लिए जिलाधिकारी की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। बीते 07 वर्षों में GDP और प्रति व्यक्ति आय दोगुनी से अधिक हुई। 2023-24 में राज्य के लिए अनुमानित GSVA 23 लाख करोड़ के सापेक्ष सकल मूल्य वर्धन 23.24 लाख करोड़ रहा है। 2023-24 में CAGR लगभग 16 फीसदी रहा और वर्तमान वर्ष के लिए 25 फीसदी के लक्ष्य को प्राप्त करना है।

सीड इकोसिस्टम को और बेहतर बनाना होगा

उन्होंने कहा कि कृषि सेक्टर में सीड इकोसिस्टम को हमें और बेहतर बनाना होगा, इसके लिए सीड पार्क जैसे प्रयासों को बढ़ाने की जरूरत है। फसल विविधीकरण एवं बेहतर सप्लाई चेन मैनेजमेंट और बेहतर करने के लिए भी प्रयास किए जाएं। हार्टिकल्चर में 'पर ब्लॉक-वन क्रॉप' जैसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

पर्यटकों की पहली पसंद उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने कहा कि होटल/रेस्टोरेंट, ट्रान्सपोर्ट, संचार, रियल एस्टेट, प्रोफेशनल सर्विस व अन्य सेवाओं में तरक्की उत्साहजनक है। उत्तर प्रदेश, देश में पर्यटकों की पहली पसंद बन गया है। वर्तमान वर्ष में अब तक 62 करोड़ से अधिक पर्यटकों का आगमन हुआ है। हमें अयोध्या, बौद्ध सर्किट और नैमिषारण्य जैसे केंद्रों को चिन्हित कर उनकी बेहतर ब्रांडिंग करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर जनसुविधाएं और बेहतर की जाएं।

आंकड़ों का संग्रहण शुद्धता के साथ करें

उन्होंने कहा कि OTDE के लक्ष्य की सफलता में निजी क्षेत्र की बड़ी भूमिका है। हमें निवेशकों से संपर्क और संवाद के क्रम जारी रखना है। MoUs को धरातल पर उतारने की जरूरत है। लैंडबैंक के विस्तार, नीतिगत सुधार और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए और बेहतर प्रयास करे। अपेक्षित परिणाम के लिए आंकड़ों का संग्रहण शुद्धता के साथ होना जरूरी है, इसके लिए प्रशिक्षण पर जोर दें।

सीएम ने कहा कि औद्योगिक परियोजनाओं के लिए लैंडबैंक बढ़ाना जरूरी है। सिक यूनिट की पहचान करें। उन्होंने कहा कि आर्टीफिशियल इंटेंलीजेंस (AI) और ड्रोन पॉलिसी यथाशीघ्र लाई जाए। लखनऊ में AI सिटी के लिए भूमि आरक्षित है, उस पर शीघ्रता से काम शुरू किया जाए।

ग्राम और नगर पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाएं

उन्होंने कहा कि ग्राम और नगर पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इनके आय संवर्धन के प्रयास किए जाएं। हॉस्पिटल, हाउसिंग और होटल के लिए निजी क्षेत्र की ओर से बड़े प्रस्ताव मिल रहे हैं। इस सेक्टर में बहुत संभावनाएं हैं। स्टार्ट अप पंजीकरण के लिए कानपुर के साथ-साथ नोएडा में भी सुविधा कार्यालय शुरू किया जाए। उन्होंने प्रदेश में IT/ITeS टेस्टिंग सेंटर की स्थापना पर जोर दिया है।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story