×

सीएम योगी के दौरे से पहले भीम आर्मी के ट्वीट ने उड़ाए अधिकारियों के होश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अचानक मुजफ्फरनगर-सहारनपुर के दौरे से अधिकारियों की नींद उड़ गई है।

Neena Jain
Written By Neena JainPublished By Raghvendra Prasad Mishra
Published on: 16 May 2021 9:08 AM GMT (Updated on: 16 May 2021 10:04 AM GMT)
cm yogi
X

फोटो— सीएम योगी के दौरे की फाइल फोटो (साभार— सोशल मीडिया)

सहारनपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अचानक मुजफ्फरनगर-सहारनपुर के दौरे से अधिकारियों की नींद उड़ गई है। अधिकारी आनन-फानन में मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में लग गए हैं। वहीं अधिकारियों के होश फाख्ता करने में इजाफा करने का काम किया है भीम आर्मी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनजीत नौटियाल ने। मनजीत नौटियाल ने आज एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर आगमन पर वह उन्हें काले झंडे दिखाने का काम करेंगे, जिसके बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है।

आपको बता दें कि भीम आर्मी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनजीत नौटियाल सहारनपुर के थाना बेहट क्षेत्र के निवासी हैं मनजीत नौटियाल ने देश में कोरोना संक्रमितो के लिए बेड ऑक्सीजन और दवाइयों की कमी का आरोप लगाते हुए 13 मई से देश की संसद भवन के सामने भूख हड़ताल पर बैठने की घोषणा की थी, और जब वह इसी घोषणा को पूरा करने के लिए बेहट से निकल रहे थे तो उन्हें पुलिस ने बेहट में ही रोक लिया, जिस पर मनजीत नौटियाल ने भूख हड़ताल की चेतावनी देते हुए रविदास मंदिर में भूख हड़ताल शुरू कर दिया। मांग की कि देश में बेड, ऑक्सीजन और दवाइयों की आपूर्ति की जाए। इसके अलावा कृषि कानून को रद्द किया जाए। लॉकडाउन के दौरान रेडी, खोखो और गरीब मजदूरों के बिजली के बिलों को माफ किया जाए। यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वह देशव्यापी आंदोलन करेंगे। इसके बाद से पुलिस उन्हें वहीं रविदास मंदिर में नजरबंद किए हुए हैं।

मनजीत नौटियाल भी सरकार के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। आज मनजीत नौटियाल ने ट्वीट कर सहारनपुर पुलिस प्रशासन की नींद उड़ाने का काम कर दिया है। मनजीत नौटियाल ने अपने ट्वीट में मुख्यमंत्री को सहारनपुर आगमन पर काले झंडे दिखाने की बात कही है उसके बाद से मनजीत नौटियाल के पास पुलिस का घेरा बढ़ा दिया गया है।

इतना ही नहीं वह कितने लोगों से और कैसे संपर्क कर रहे हैं इस पर भी अब अभिसूचना इकाई नजर रखे हुए हैं। अधिकारियों का मानना है कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था इतनी चाक-चौबंद और पुख्ता है कि वहां पर कोई पर नहीं मार सकेगा। ऐसे में मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने का सवाल ही पैदा नहीं होता। मुख्यमंत्री जिस मार्ग से गुजरेंगे वहां पर भी भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। मुख्य मार्ग के किनारे खड़ी झाड़ियों को भी कटवाया जा रहा है, ताकि कोई भी, किसी भी तरह से मुख्यमंत्री के काफिले तक न पहुंच सके। इतना ही नहीं इसके अतिरिक्त भीम आर्मी के पदाधिकारियों और सदस्यों पर भी नजर रखी जा रही है। कोई भी किसी भी तरह से सर्किट हाउस क्या मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कहीं पर भी उनके नजदीक न पहुंच सके।

एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया की मुख्यमंत्री की सुरक्षा में जरा सी भी कोताही नहीं की गई है। उनकी सुरक्षा में पांच एडिशनल एसपी, 11 क्षेत्राधिकारी, 25 थाना प्रभारी, 100 सब इंस्पेक्टर, 500 सिपाही और चार कंपनी पीएसी लगाई गई है। इसके अलावा मनजीत नौटियाल के ट्वीट के बारे में उनका कहना था भीम आर्मी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं पर नजर बनी हुई है।

वहीं भाजपा के महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार जैन का कहना है कि यह ओछी राजनीति है। मुख्यमंत्री सहारनपुर दौरे का कारण राजनीतिक नहीं है बल्कि कोरोना संक्रमण को लेकर व्यवस्थाओं को देखना है। ऐसे में इस तरह की बयानबाजी या ट्वीट करना ओछी मानसिकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी का अपना कोई ऐसा वजूद नहीं है। वह मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की बात कहकर खुद को हाईलाइट करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें इस वक्त कोरोना से होने वाले माहौल को समझना चाहिए था, न कि इस तरह की राजनीति करनी चाहिए थी। फिलहाल भीम आर्मी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनजीत नौटियाल ने अपने ट्वीट से पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के होश जरूर उड़ा दिए हैं।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story