×

Ayodhya News: अवध विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस में शिक्षाविदों का समागम, रंगारंग कार्यक्रमों से बंधा समा

Ayodhya News: सांस्कृतिक कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने कहा कि हमारा विश्वविद्यालय कला और ज्ञान का केन्द्र है।

NathBux Singh
Published on: 4 March 2023 2:59 PM GMT
Ayodhya News
X

Ayodhya News (Pic: Social Media)

Ayodhya News: राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय का 48 वां स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने कहा कि हमारा विश्वविद्यालय कला और ज्ञान का केन्द्र है। अवध की शान का मन्दिर है। 48 वर्षों में अवध विश्वविद्यालय पूरे क्षेत्र में ज्ञान का कुंज होकर स्थापित हो चुका है। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय ने कला का दीपक व ज्ञान का प्रकाश फैलाया है वहीं विज्ञान ने इस क्षेत्र को सिचिंत किया है। विश्वविद्यालय ने पिछले वर्षो में कई प्रतिमान स्थापित किए है। हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर कई कीर्तिमान स्थापित किए है जिसमें उन्होंने 11 स्वर्ण पदक व बहुत सारे कांस्य व रजक पदक अर्जित किए है।

दो लाख छात्रों को दी जायेगी उपाधि

विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा 24 शोध परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। आने वाले समय में इनकी उपब्धियां संस्थान को एक नई पहचान दिलायेंगी। कुलपति ने बताया कि अपना विश्वविद्यालय एक विशाल विश्वविद्यालय है। इसका परिक्षेत्र सात जनपदों में फैला है। इसमें करीब 750 महाविद्यालय सम्बद्ध है। करीब 7 लाख विद्यार्थी प्रतिवर्ष शिक्षित हो रहे है। कुलपति प्रो0 गोयल ने बताया कि इस वर्ष दीक्षांत समारोह में करीब दो लाख उपाधियां छात्रों को दी जायेगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न विषयों के सर्वोच्च अंक प्राप्त 127 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किए जायेंगे। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय पठन-पाठन के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने साथ-साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति पूर्णतः लागू करने की ओर अग्रसर है। छात्रों के लिए स्किल डेवलपमेंट पर कार्य किया जा रहा है।

रिटायर्ड कर्मचारियों का हुआ सम्मान

स्थापना दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत कुलपति व कुलसचिव उमानाथ तथा अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो नीलम पाठक द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित के साथ किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम सर्वप्रथम वायस इंडिया की विजेता निष्ठा शर्मा व हर्षित शर्मा ने सेव वाटर सेव लाइफ के गीत ने दर्शकों गुनगुनाने को मजबूर किया। वहीं छात्र-छात्राओं द्वारा ‘कह दू तुम्हें’ गीत ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसी क्रम में आस्था त्रिपाठी द्वारा सोलो नृत्य का मनोहारी प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र-कल्याण प्रो. नीलम पाठक ने विश्वविद्यालय के 48 वर्षों की शैक्षिक यात्रा का विवरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. गोयल द्वारा विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारियों सम्मानित किया गया। जिसमें अरूण कुमार सिंह, रविन्द्र प्रसाद, रमेश प्रसाद, सत्यदेव, रमेश श्रीवास्तव को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्रम, मानस ग्रन्थ व पुष्प भेटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन व्यवसाय प्रबंध एवं उद्यमिता विभागाध्यक्ष प्रो. हिमांशु शेखर सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रो. चयन कुमार मिश्र, प्रो. आरके तिवारी, प्रो. जसवंत सिंह, प्रो. एसएस मिश्र, प्रो. केके वर्मा, प्रो. एसके रायजादा, प्रो. अशोक राय, प्रो. फारूख जमाल, प्रो. विनोद श्रीवास्तव, प्रो. अनूप कुमार, प्रो. गंगा राम मिश्रा, प्रो. मृदुला मिश्रा, प्रो. शैलेन्द्र वर्मा, प्रो. शैलेन्द्र कुमार, प्रो. सिद्धार्थ शुक्ला, सहायक कुलसचिव डॉ. रीमा श्रीवास्तव, सहायक कुलसचिव प्रो. सहील, प्रो. रमापति मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story