UP Congress: महिला आरक्षण बिल सिर्फ जुमला, बोलीं अलका लांबा- महिलाओं के साथ बढ़ रहे अपराध

UP Congress: सरकार ने महिला आरक्षण बिल पास किया। लेकिन अभी तक आरक्षण लागू नहीं किया जा सका। कांग्रेस की सरकार बनते ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाएगा।

Abhishek Mishra
Published on: 12 Feb 2024 9:49 AM GMT (Updated on: 12 Feb 2024 9:50 AM GMT)
UP Congress: महिला आरक्षण बिल सिर्फ जुमला, बोलीं अलका लांबा- महिलाओं के साथ बढ़ रहे अपराध
X

UP Congress: अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हम इस सरकार में हुए अन्याय को सबके सामने ला रहे हैं। नारी, युवा भागीदारी, श्रमिक और भागीदारी न्याय के जरिए हम अन्याय को उजागर करेंगे।

महिला आरक्षण सिर्फ जुमला

महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कहा कि पिछले दस सालों में महिलाओं के साथ कई अन्याय हुए हैं। सरकार ने महिला आरक्षण बिल पास किया। लेकिन अभी तक आरक्षण लागू नहीं किया जा सका। कांग्रेस की सरकार बनते ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अगले दस सालों में देश के आधे राज्यों में सीएम और डिप्टी सीएम के पद पर महिलाओं को देखता चाहते हैं।

अपराधियों को बचा रही सरकार

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश भर में महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। सरकार का नारा है बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ लेकिन हकीकत इस से इतर है। बेटियों को बचाने के बजाय सरकार अपराधियों को बचा रही है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं, भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह। देश की महिला पहलवान इतने दिन तक सड़क पर बैठकर न्याय की गुहार लगाती रहीं लेकिन सांसद की गिरफ्तारी तक नहीं हुई।

कल से शुरू होगा नारी न्याय सम्मेलन

अलका लांबा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 16 फरवरी को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा प्रवेश करने जा रही है। मणिपुर से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोग जुड़े हैं। उत्तर प्रदेश की जनता को भी न्याय यात्रा का इंतजार है। उन्होंने कहा कि न्याय यात्रा में प्रदेश की महिलाएं बड़ी संख्या में जुडें और राहुल गांधी के हाथ को मजबूत करें। महिला कांग्रेस की नेता के मुताबिक महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कल यानी 13 फरवरी को बाराबंकी में नारी न्याय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ प्रदेश के सभी जिलों में भी नारी न्याय सम्मेलन होंगे। 50 किलोमीटर की यात्रा निकाली जाएगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए 9891802024 नंबर जारी किया गया है। इस पर मिस्ड कॉल देकर महिलाएं न्याय यात्रा से जुड़ सकती हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story