×

UP Congress: कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप- इलेक्टोरल बॉन्ड को बताया 'चंदा लो धंधा दो'

UP Congress: कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दूबे ने इलेक्टोरल बॉन्ड को 'चंदा लो धंधा दो', हफ्ता वसूली और रिश्वत लेने का नया तरीका बताते हुए भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए।

Abhishek Mishra
Published on: 22 March 2024 2:30 PM GMT
X

UP Congress: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता आयोजित हुई। जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दूबे ने सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने केंद्र सरकार को इलेक्टोरल बॉन्ड मुद्दे पर घेरा। साथ ही कांग्रेस प्रवक्ता ने सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

'चंदा लो धंधा दो'

शहर के मॉल एवेन्यू क्षेत्र स्थित प्रदेश मुख्यालय पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दूबे ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। कांग्रेस प्रवक्ता ने इलेक्टोरल बॉन्ड को 'चंदा लो धंधा दो', हफ्ता वसूली और रिश्वत लेने का नया तरीका बताते हुए भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए। आरोप लगाया कि मेधा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रा ने अप्रैल 2023 में 140 करोड़ रूपये डोनेट किया। इसके एक महीने बाद उन्हें 14,400 करोड़ रूपये का ठाणे बोरीवली ट्विन टनल प्रोजेक्ट मिल गया। यहां उन्होंने केंद्र सरकार पर इलेक्टोरल बॉन्ड के मुद्दे को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने सरकार पर मनमानी का आरोप लगाया। अभय दुबे ने कहा कि केंद्र सरकार सबका साथ सबका विकास की बात करती है। लेकिन अब देश के विश्वास में विष का वास हो चुका है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का काम गला घोंटो राज करो है। चंदे के रूप में पार्टी ने हजारों करोड़ रुपए की लूट की। हमने प्रमुखता से इसका विरोध किया है।

'लोकतंत्र की हत्या कर रही सरकार'

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने इलेक्टोरल बांड के जरिए करोड़ों रुपए वसूले हैं। यह आज तक का सबसे बड़ा घोटाला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने अपने चंदे के पैसे से धंधा किया है। हार की हताश में खड़ी भाजपा की सरकार देश में लोकतंत्र का गला घोंट रही है। अभय दुबे ने बताया कि भाजपा राजनीतिक दलों का गला घोंटकर लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। इस मौके पर पीसीसी मीडिया चेयरमैन सीपी राय, संगठन मंत्री अनिल यादव, प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता, सचिन रावत, अंशु अवस्थी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story