×

Mission 2022: प्रियंका के दौरे के बाद एक्शन में कांग्रेस, बूथ कमेटियों के गठन पर जोर

कांग्रेस बूथ स्तर पर अपने कार्यकर्ताओं को जोड़गी और पार्टी को ग्राम पंचायत स्तर पर मजबूत बनाने के लिए कार्य करेगी

Rahul Singh Rajpoot
Written By Rahul Singh RajpootNewstrack Network
Published on: 20 July 2021 3:43 AM GMT
प्रियंका के दौरे के बाद एक्शन में कांग्रेस, बूथ कमेटियों के गठन पर जोर
X

कार्यकर्ताओं के बीच प्रियंका गांधी, फाइल, सोशल मीडिया

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी अपनी तैयारियों में लग गई है। पार्टी महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के तीन दिवसीय दौरे के बाद नेता काफी एक्टिव हो गए हैं। प्रियंका के निर्देश पर संगठन को चुस्त दुरुस्त करने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। यूपी कांग्रेस बूथ स्तर पर अपने कार्यकर्ताओं को जोड़ेगी और पार्टी को ग्राम पंचायत स्तर पर मजबूत बनाने के लिए कार्य करेगी। बता दें प्रियंका गांधी ने नेताओं के साथ बैठक कर इसके निर्देश दिए थे।

प्रियंका गांधी ने क्या कहा था?

अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर निर्देश दिये थे कि वह लोगों के साथ ज्यादा वक्त विताएं। उनके सुख दुख में भागीदार बने, जब पार्टी के नेता जनता के बीच रहेंगे तो उनसे उनका जुड़ाव होगा और इसका फायदा पार्टी को मिलेगा। प्रियंका गांधी का मानना है कि बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के अभाव के कारण चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन में गिरावट आई। इसलिए उन्होंने बूथ कमेटियों का गठन ग्राम पंचायत कमेटियों के साथ करने का निर्देश दिया है।

चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने पर जोर

2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी अपने संगठन को पूरी तरह से मजबूत कर चुनावी मैदान में उतरना चाहती है। क्योंकि 2014 के बाद उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का ग्राफ लगातार गिरता चला गया है। यहां तक कि कांग्रेस का गढ़ अमेठी-रायबरेली में भी उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इसी के तहत प्रियंका गांधी अब अपनी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए बूथ स्तर पर कार्य कर रही हैं।

इन कमेटियों का हुआ गठन

चुनाव से पहले यूपी कांग्रेस ने अपने संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कवायद के तहत 75 जिलों में जिला कमेटी और 840 ब्लाकों में ब्लाक कमेटी गठित कर चुकी है। 8135 न्याय पंचायत कमेटियों का गठन भी हो चुका है। 59 हजार ग्राम पंचायतों में कमेटियां गठित करने की कवायद जारी है। जिसे पूरा करने का लक्ष्य अगस्त महीने तक रखा गया है।

Rahul Singh Rajpoot

Rahul Singh Rajpoot

Next Story